गोवा के पोरीम स्थित भूमिका मंदिर में दो गुट भिड़ गए। इस मामले में 38 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अनुष्ठान करने के अधिकार को लेकर मंदिर में वार्षिक कालोत्सव के दौरान एक समुदाय के भक्तों को कथित तौर पर मंदिर में प्रवेश करने से रोका गया तो दो समूहों के बीच झड़प हो गई। उत्तरी गोवा के एसपी का कहना है कि झड़प के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 38 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
मिजोरम के 25वें राज्यपाल बने पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह
पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने गुरुवार को मिजोरम के राज्यपाल पद की शपथ ली। वीके सिंह 1987 में बने राज्य मिजोरम के 25वें राज्यपाल हैं। उन्होंने राज्यपाल हरिबाबू कंभमपति की जगह ली। उनको अब ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। आइजोल स्थित राजभवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को गौहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई ने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण कराई। समारोह में मिजोरम के सीएम लालदुहोमा और मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष लालबियाकजामा, उपाध्यक्ष लालफामकिमा समेत तमाम सांसद, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।
त्रिपुरा में सीएम-मंत्री, विधायकों का 100% वेतन वृद्धि विधेयक पारित
त्रिपुरा विधानसभा ने बुधवार को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री, मंत्रियों, स्पीकर और विधायकों के वेतन, पेंशन और अन्य लाभों में लगभग 100 प्रतिशत की बढ़ोतरी वाले विधेयक को पारित कर दिया। विधेयक के अनुसार मुख्यमंत्री को अब 97,000 रुपये मासिक वेतन और 13,000 रुपये का भत्ता मिलेगा, जबकि मंत्रियों और विपक्ष के नेता को 95,000 रुपये और 12,000 रुपये प्रति माह भत्ता मिलेगा। विधायकों को भी अब 93,000 रुपये वेतन और 12,000 रुपये भत्ते मिलेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों को 50,000 से 48,000 रुपये तक वेतन मिलता था।
संघ प्रमुख भागवत का छह दिवसीय केरल दौरा आज से
राष्ट्रीय सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत संगठनात्मक कार्यों के सिलसिले में 16 जनवरी से केरल के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगे। संगठन ने बुधवार को बताया कि केरल प्रवास के दौरान भागवत दक्षिणी केरल क्षेत्र में आरएसएस कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकों में भाग लेंगे। आरएसएस शताब्दी समारोह के तहत 17 जनवरी को एर्नाकुलम जिले के कोलांचेरी में परमभट्टारा केंद्र विद्यालय में छात्र कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय सभा भी आयोजित होगी।
सुनील कुमार झा होंगे सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सुनील कुमार झा को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का विशेष महानिदेशक नियुक्त किया गया है। बुधवार को कार्मिक मंत्रालय के आदेश में बताया गया कि झा 1993 बैच के बिहार कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने झा की सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जनवरी, 2027 तक सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
लोकायुक्त मुडा घोटाले की जांच जारी रखें: कर्नाटक हाईकोर्ट
कर्नाटक हाईकोर्ट ने लोकायुक्त को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से जुड़े मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) साइट आवंटन अनियमितताओं की जांच जारी रखने की अनुमति दे दी। साथ ही भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी को अब तक की जांच के विस्तृत रिकॉर्ड दाखिल करने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट मामले की जांच सीबीआई को सौंपनी संबंधी याचिका पर सुनवाई कर रहा था। याचिकाकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने लोकायुक्त जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाया था।
जीएसटी: दवा निर्माता मैनकाइंड फार्मा पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना
दवा निर्माता मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड पर वित्त वर्ष 18 से वित्त वर्ष 22 की अवधि के आंकड़ों में विसंगति को लेकर कोलकाता में कर प्राधिकरण की ओर से 2 करोड़ से अधिक का जीएसटी संबंधित जुर्माना लगाया गया है। मैनकाइंड फार्मा ने एक नियामक फाइलिंग में बताया कि कंपनी को 14 जनवरी, 2025 को कोलकाता दक्षिण सीजीएसटी और सीएक्स के आयुक्त के कार्यालय से जुर्माना संबंधित आदेश प्राप्त हुआ।
फार्मा कंपनी ने कहा, तथ्यों और कानून के आकलन के आधार पर कंपनी का मानना है कि उपरोक्त आदेश मनमाना और अनुचित है। वह इस संबंध में अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष आवश्यक अपील दायर करेगी। कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर इसका कोई भौतिक प्रभाव नहीं पड़ा है।
तमिलनाडु के विधायक की 100 करोड़ की संपत्ति ईडी ने की अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक आर वैथिलिंगम व अन्य की 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति अटैच की है। दोनों अचल संपत्तियां तिरुचिरापल्ली में स्थित हैं और मुथम्मल एस्टेट्स प्रा.लि. के नाम पर पंजीकृत हैं। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम (ओपीएस) के करीबी सहयोगी वैथिलिंगम तमिलनाडु विधानसभा में ओराथानाडु सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मणिपुर: असम राइफल्स के कैंप पर ड्रोन से हमला
मणिपुर में उग्रवादियों ने असम राइफल्स के कांगचुप तलहटी में स्थित कैंप पर ड्रोन से हमला कर दिया। हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। घटना मंगलवार रात करीब 9.30 बजे की है। इस साल ड्रोन हमले की यह पहली घटना है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने कैंप के गेट के पास ड्रोन से बम गिराया, लेकिन कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
ओडिशा सरकार पिता की हत्या मामले में सीबीआई जांच पर स्थिति स्पष्ट करे: पूर्व विधायक दीपाली
ओडिशा की विपक्षी पार्टी- बीजू जनता दल (BJD) की पूर्व विधायक दीपाली दास ने कहा है कि भाजपा सरकार को उनके पिता नव किशोर दास की हत्या मामले की सीबीआई जांच कराने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। 29 जनवरी 2023 को एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर नव किशोर दास की हत्या की थी। दीपाली ने कहा, पिछले विधानसभा सत्र में दो भाजपा विधायकों ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री मोहन माझी की सरकार से मेरा सवाल है कि क्या वह सीबीआई जांच कराएगी? हमारे परिवार पर उंगलियां उठ रही हैं- क्या सरकार हमारे साथ खड़ी होगी?
केरल में बस की टक्कर से कांग्रेस नेता की मौत
केरल के अलाप्पुझा के पूचक्कल में सुबह सैर पर निकले कांग्रेस नेता को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कांग्रेस नेता की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अलप्पुझा जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के कार्यकारी समिति के सदस्य 70 वर्षीय एमआर रवि को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय रवि की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
लुटेरों ने सुरक्षा गार्ड की हत्या कर एटीएम से लूटे 93 लाख रुपये
कर्नाटक के बीदर में बाइक सवार लुटेरों ने गुरुवार को एसबीआई एटीएम में भरने के लिए रखी 93 लाख रुपये की नकदी लूट ली। लुटेरों ने एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि एक अन्य को घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक और घायल सुबह 11.30 बजे शहर के शिवाजी चौक पर स्थित एटीएम में नकदी भरने आए थे। मृतक की पहचान सुरक्षा गार्ड गिरी वेंकटेश के रूप में हुई है। लुटेरों ने आठ राउंड फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी। लुटेरों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है।
मलयाली समाचार चैनल के तीन पत्रकारों के खिलाफ POCSO का मामला दर्ज
एक प्रमुख मलयालम समाचार चैनल के एक वरिष्ठ संपादक और दो पत्रकारों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को चैनल के तीन पत्रकारों के खिलाफ POCSO अधिनियम की धारा 11 (यौन उत्पीड़न) और 12 (यौन उत्पीड़न के लिए सजा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास कार्यालय की एक रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी के पहले सप्ताह में आयोजित राज्य स्कूल उत्सव की कवरेज के दौरान, एक प्रतियोगी के बारे में चैनल के पत्रकारों के कुछ बयान "दोहरे अर्थ वाले" थे। जिनके आधार पर मामला दर्ज कराया गया है।
ओडिशा: कार के तालाब में गिरने से 2 की मौत,दो घायल
ओडिशा के कोणार्क इलाके में कार के तालाब में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कोणार्क पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी से बृहस्पतिवार को मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान बालासोर जिले के सनातन सेनापति और पुरी जिले के संदीप महापात्रा के तौर पर हुई। मृतक संदीप कार चला रहा था, जबकि सेनातन आगे की सीट पर बैठा था। तेज रफ्तार यह कार चालक के नियंत्रण खो देने से जुनेई स्क्वायर के पास बैंशी बाजार में पलटकर सड़क किनारे एक तालाब में गिर गई। अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त दो अन्य व्यक्ति मनीष सेनापति और पापुन परिदा कार की पिछली सीट पर थे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया और पास के गोप अस्पताल भेजा। यहां सनातन और संदीप को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों सीट बेल्ट बंधी होने की वजह से कार के तालाब में गिरने के बाद वे तुरंत बाहर नहीं निकल पाए।
तमिलनाडु में एक ही परिवार के चार लोगों की आत्महत्या से मौत
तमिलनाडु में गोबिचेट्टीपलायम के पास एक दंपति ने अपने दो बच्चों को जहर देने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर दंपति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते थे। बुधवार रात उन्होंने जहर खा लिया। उन्होंने बताया कि दंपति ने शीतल पेय में जहर मिलाकर अपने बच्चों को दिया। बच्चों ने थोड़ी मात्रा पीने के बाद पेय थूक दिया और पड़ोसियों को सचेत करने के लिए बाहर भागे।
जिसके बाद पड़ोसी दौड़कर घर में पहुंचे और दंपति को बेहोश पाया। उन्होंने तुरंत सिरुवलूर पुलिस को सूचित किया और परिवार के सभी चार सदस्यों को पेरुंदुरई के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। आपातकालीन उपचार के बावजूद, दंपति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने कहा कि बच्चों को गुरुवार सुबह कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई
पीयूष गोयल ने प्रभाव फैक्टबुक, भारत स्टार्टअप चैलेंज किया लॉन्च
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्टार्टअप इंडिया के 9 साल पूरे होने के मौके पर 'प्रभाव फैक्टबुक' और 'भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज' लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने स्टार्टअप महाकुंभ के दूसरे संस्करण का भी उद्घाटन किया। उन्होंने यह भी कहा कि अप्रैल में शुरू होने वाले स्टार्टअप महाकुंभ में 2500 स्टार्टअप भाग लेंगे।
इस मौके पर आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया मिशन की सफलता का श्रेय भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) द्वारा प्रशासित और भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित फंड ऑफ फंड्स फॉर स्टार्टअप्स (एफएफएस) जैसे फंडिंग उपकरणों को दिया जाना चाहिए।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वर सरमा ने गुरुवार को पार्टी के विस्तार में प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भाबेश कलिता के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाबेश कलिता के नेतृत्व में पार्टी ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं, जिनको शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
सरमा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, भाबेश कलिता के नेतृत्व में असम भाजपा ने राज्य में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। उनके अध्यक्ष बनने के बाद संसदीय चुनाव में असम से हमारी पार्टी ने अब तक की सबसे अधिक सीटें मिलीं। एनडीए ने विधानसभा में अपनी मौजूदगी 74 सीटों से बढ़ाकर 84 सीटें की और कई उप चुनावों में लगातार जीत हासिल की।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने 2024 के सदस्यता अभियान में 60 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का अपना लक्ष्य भी पूरा किया, जो एक और ऐतिहासिक मिल का पत्थर साबित हुआ।