यूपी व त्रिपुरा के सीएम सिद्धेश्वरी मंदिर का कल करेंगे उद्घाटन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा 16 सितंबर को पश्चिम त्रिपुरा जिले में सिद्धेश्वरी मंदिर का उद्घाटन करेंगे। शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा मुख्य अतिथि होंगे। पूर्वोत्तर राज्य के बरकथल में बना यह नया मंदिर शांति काली आश्रम के प्रबंधित 24 मंदिरों में से एक है।
कच्छ में 15 लोगों की जान लेने वाले अज्ञात बुखार के लिए बनाया निगरानी तंत्र
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुजरात के कच्छ इलाके में 15 लोगों की अज्ञात बुखार से मौत के बाद निगरानी तंत्र बनाया है। इसका उद्देश्य ऐसी घटनाओं पर नजर रखना और तुरंत प्रतिक्रिया देना है, ताकि बड़े नुकसान से बचा जा सके। सूत्रों के मुताबिक, इसके मद्देनजर हवाईअड्डों, बंदरगाहों, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं जैसे प्रवेश के रास्तों पर निगरानी की जा रही है। इस तंत्र में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी), एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी), आईएचआईपी नेटवर्क और वन हेल्थ मिशन शामिल हैं। वहीं, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की प्रयोगशालाओं में रोग की पहचान की जाएगी और जरूरत होने पर डायग्नोस्टिक किट की आपूर्ति बढ़ाई जाएगी। गुजरात सरकार ने अज्ञात बुखार के प्रकोप के बाद कच्छ जिले की दो तालुकाओं के सात गांवों और उसके आसपास विशेषज्ञ डॉक्टरों और 50 चिकित्सा टीमों को तैनात किया है।
केरल : एक व्यक्ति की मौत निपाह संक्रमण का संदेह
केरल के मलप्पुरम जिले में हाल ही में एक व्यक्ति की मौत के पीछे निपाह संक्रमण का संदेह जताया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए नमूना भेजा गया था, लेकिन अभी तक निपाह की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मरीज की मौत 9 सितंबर को हुई थी। बता दें कि कोझीकोड जिले में 2018, 2021 और 2023 में और एर्नाकुलम जिले में 2019 में निपाह का प्रकोप दर्ज किया गया था।
ईडी ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में चार को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुद को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर लोगों से 2.6 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के एक मामले में तमिलनाडु से चार और लोगों को गिरफ्तार किया। ईडी के मुताबिक, तमिलारसन कुप्पन (29), प्रकाश (26), अरविंदन आई (23) और अजीत (28) को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तमिलनाडु के पल्लीपटु से शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में बताया कि एक विशेष अदालत ने चारों को चार दिनों की ईडी की हिरासत में भेज दिया।
गृह मंत्री शाह ने जारी किया हिंदी कहावत कोश का दूसरा संस्करण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बरेली के चिकित्सक शरद अग्रवाल द्वारा लिखित हिंदी कहावत कोश का दूसरा संस्करण जारी किया। इसमें 10,000 से अधिक हिंदी कहावतों और 200 से अधिक कहानियां हैं। चौथे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में शाह ने कहा कि अग्रवाल की किताब पढ़ने से भाषा बोलने की क्षमता में काफी सुधार होगा। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि किताब का विचार उन्हें दादी से आया था। किताबों और इंटरनेट सहित विभिन्न स्रोतों से इन कहावतों को इकट्ठा करने में उन्हें 20 साल लग गए। 5,400 कहावतों वाली पुस्तक का पहला संस्करण 2021 में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जारी किया था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के व्यापक प्रभाव के कारण लोग हिंदी साहित्य की विरासत को भूल रहे हैं। अमूल्य रचनाएं अब विलुप्त होने के कगार पर हैं। हिंदी कहावतों को संरक्षित करने और उन्हें आम लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने पुस्तक लिखी है।
गुजरात में केन्या से चीते लाए जाएंगे
केन्या से चीतों के एक नए जत्थे लाने के लिए भारत को केन्या की ओर से मंजूरी का इंतजार है। इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस के महानिदेशक एसपी यादव ने बताया कि गुजरात के बन्नी घास के मैदानों में बनाए जा रहे प्रजनन केंद्र के लिए भी चीते केन्या से लाए जाएंगे। यादव ने कहा, समझौता ज्ञापन प्रक्रिया प्रगति पर है। भारत ने इसे अंतिम रूप दे दिया है और केन्या सरकार को इसे मंजूरी देनी है।