कर्नाटक वाइन मर्चेंट्स फेडरेशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि राज्य में शराब बंद के दौरान 10,800 से अधिक शराब लाइसेंस धारक 20 नवंबर को अपनी दुकानें बंद रखेंगे। इस मामले में फेडरेशन के महासचिव गोविंदराज हेगड़े ने बताया कि 'हमें अपने बंद में 85-90 प्रतिशत लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शराब की दुकान के मालिकों ने कर्नाटक के आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार के विरोध में बंद का आह्वान किया है।
पुणे में तीन मंजिला इमारत में लगी आग
पुणे शहर हडपसर इलाके में एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। दमकल विभाग के मुताबिक, उसने इमारत से लोगों को बचा लिया है और आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हेगड़े का बयान
हेगड़े ने आगे कहा कि चीजें हाथ से निकल रही हैं, सरकार मौजूदा नियमों की परवाह किए बिना नए लाइसेंस देकर अनियंत्रित प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे रही है। हम राज्य में प्रति वर्ष 38,000 करोड़ रुपये का कारोबार करते हैं, लेकिन कई डीलर विभाग में भ्रष्टाचार के कारण अपने कारोबार को बनाए रखने में असमर्थ होने की शिकायत कर रहे हैं।
बीजद ने भाजपा विधायक जयनारायण मिश्रा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की
बीजद ने गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक जयनारायण मिश्रा की अग्रिम जमानत याचिका को सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बीजद प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुलता देव ने मांग की और इस बात पर जोर दिया कि मिश्रा को उनके खिलाफ मारपीट के आरोपों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, खासकर तब जब सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की है कि नेतृत्व के पदों पर बैठे लोगों को सार्वजनिक व्यवहार के लिए एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए।
हमारे पास वीडियो भी है- देव
बीजद के राज्यसभा सांसद देव ने कहा, "उन पर (मिश्रा पर) एक महिला पुलिसकर्मी पर हमला करने का आरोप है। हमारे पास इसका वीडियो भी है। उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया है। उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने कहा कि उन्हें शीर्ष अदालत में हुए घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पिछली बीजद सरकार ने उनके खिलाफ झूठा मामला बनाया था।
जरांगे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति पर मामला दर्ज
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गुरुवार को लातूर में एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
शाम येदले ने दी जानकारी
सब इंस्पेक्टर शाम येदले ने व्यक्ति की पहचान निलंगा तहसील के नितूर निवासी श्रीकांत राठौड़ के रूप में की। उन्होंने कहा मराठा समुदाय के एक व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचित किए जाने के बाद उस पर मामला दर्ज किया गया। राठौड़ पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को बस संचालकों से लापरवाही से वाहन चलाने पर लगाम लगाने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा और गति की निगरानी के लिए स्टेज कैरिज में चालकों के साथ वास्तविक समय संचार नेटवर्क स्थापित करने का सुझाव दिया। कोलकाता में दो बसों की टक्कर में एक बच्चे की मौत के दो दिन बाद दोनों पक्षों के बीच बैठक हुई। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने दी जानकारी
राज्य परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने पीटीआई को बताया कि बैठक में कुछ बिंदुओं को चिन्हित करने का निर्णय लिया गया, जिन्हें राज्य भर में पैदल यात्रियों, मोटर चालकों और यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से 'खतरनाक' चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने कहा वरिष्ठ परिवहन और पुलिस अधिकारी एक निर्बाध नेटवर्क तैयार करने के लिए काम कर रहे हैं, जो सड़क पर हर बस चालक के बीच वास्तविक समय के आधार पर संचार सुनिश्चित कर सके, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में आठ लोग गिरफ्तार
ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बिना केवाईसी के मोबाइल फोन नंबर पोर्ट करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के लिए साइबर जालसाजों को देने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारियां मुंबई क्राइम ब्रांच के साइबर पुलिस स्टेशन ने की हैं। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में दो प्रमुख मोबाइल फोन सेवा प्रदाताओं के कर्मचारी और दुकान मालिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल लोगों को फर्जी शेयर निवेश और व्यापार में फंसाने के लिए किया जाता था। आठ सदस्यों वाले इस गिरोह ने इस अवैध तरीके से कम से कम 3,000 नंबर बेचे हैं।
केंद्र ने कर्नाटक हाईकोर्ट से किया श्रीरंगपटना जामा
केंद्र सरकार ने कर्नाटक हाईकोर्ट से मांड्या जिला प्रशासन और राज्य सरकार को श्रीरंगपटना में ऐतिहासिक जामा मस्जिद के परिसर में चल रहे मदरसे को हटाने का निर्देश का अनुरोध किया है। वक्फ बोर्ड ने केंद्र के इस कदम का विरोध करते हुए मस्जिद को अपनी संपत्ति बताया है और वहां मदरसा गतिविधियां संचालित करने के अधिकार का बचाव किया है। चीफ जस्टिस एनवी अंजारिया क पीठ के समक्ष बृहस्पतिवार को यह मामला आया। कनकपुरा तालुक के कब्बालू गांव के अभिषेक गौड़ा नामक व्यक्ति ने जनहित याचिका में मस्जिद के भीतर अनधिकृत मदरसा गतिविधियों का आरोप लगाया। केंद्र सरकार की ओर से कर्नाटक हाईकोर्ट के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के अरविंद कामथ ने तर्क दिया कि जामा मस्जिद को 1951 में संरक्षित स्मारक के रूप में नामित किया गया था। फिर भी वहां अनधिकृत मदरसा संचालन जारी है।
ओडिशा के प्रसिद्ध मंदिर में चोरी के आरोप में सेवादार समेत छह लोग गिरफ्तार
ओडिशा के गंजाम जिले में प्रसिद्ध तारा तारिणी मंदिर से आभूषणों और नकदी चुराने के आरोप में चार सेवादारों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर में पहाड़ी की चोटी पर स्थित 'शक्ति पीठ' मंदिर से चार नवंबर को 10 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। चोरी की गई वस्तुओं में देवताओं के मुकुट, एक छत्र और देवताओं के मुखौटे शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अमूल्य राणा (28), विकास राणा (20), गोविंदपुर के रबिन कुमार राणा और प्रतापपुर के गौतम राणा के रूप में हुई है। ये सभी मंदिर के सेवादार हैं जबकि अन्य दो लोगों की पहचान कालिया दास (35) और रायपुर के बलराम नायक (45) के रूप में हुई है। ये दोनों रात में मंदिर में पहरेदारी करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण नहीं मिल पाए हैं।
गुजरात से पांच सौ किलो ड्रग्स बरामद
गुजरात एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) और एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) के संयुक्त अभियान में पोरबंदर के समुद्र में 500 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स जब्त की है। कल रात से ही समुद्र में ऑपरेशन चल रहा था। ईरानी नाव में ड्रग्स लाया जा रहा था। एनसीबी ने नौसेना और गुजरात एटीएस के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है।
मुंबई का बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स स्टेशन अस्थायी तौर पर बंद
मुंबई मेट्रो के बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स स्टेशन में मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं। दरअसल स्टेशन के गेट के बाहर लगी आग से स्टेशन के अंदर धुआं भर गया था, जिसके चलते स्टेशन पर सेवाओं को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया। मुंबई मेट्रो ने यात्रियों से बांद्रा कालोनी स्टेशन का विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
तीनों सेनाओं के अधिकारियों के बीच हुई अहम बैठक
भारतीय सेना के सुबेदार मेजर गोपा कुमार, वायुसेना के मास्टर वारंट ऑफिसर पीके यादव और नौसेना के मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर दिल बहादुर छेत्री के बीच आज एक बैठक हुई। इस बैठक में तीनों सेनाओं के बीच एकता और सहयोग को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने सैनिकों के कल्याण से संबंधित हितों के साझा मुद्दों और तीनों सेनाओं के सभी रैंकों को प्रभावित करने वाली चिंताओं को दूर करने के तरीकों पर चर्चा की। बैठक में अग्निवीरों के अवकाश प्रावधानों, विभिन्न समस्याओं और ईसीएचएस प्रतिक्रिया को कारगर बनाने के तरीकों, नई नीतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उपायों के साथ-साथ रक्षा यात्रा प्रणाली (डीटीएस) का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के तरीकों पर चर्चा हुई।
अंडमान में सरकारी बस के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत
उत्तर एवं मध्य अंडमान के बुड्ढा नाला में शुक्रवार को एक सरकारी बस के सड़क किनारे खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रंगत-मायाबंदर मार्ग पर सुबह करीब साढ़े सात बजे बस के 'ब्रेफ फेल' हो गए और चालक का उसपर से नियंत्रण खो जाने से यह दुर्घटना हो गई।
उत्तर और मध्य अंडमान की पुलिस अधीक्षक (एसपी) गीतांजलि खंडेलवाल ने कहा, 'मृतकों की पहचान अंडमान और निकोबार पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात बेटापुर गांव निवासी जोएल तिग्गा तथा पेशे से सब्जी विक्रेता रेस्ट कैंप निवासी पी. गुरुमूर्ति के रूप में हुई। हम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं और इस दुर्घटना के पीड़ितों को हर तरह की सहायता प्रदान कर रहे हैं।' बचाव दल और स्थानीय पुलिस को रंगत-मायाबंदर मार्ग पर स्थित दुर्घटना स्थल तक पहुंचने में कठिन भूभाग के कारण काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
चेन्नई: लॉटरी किंग मार्टिन के कार्पोरेट कार्यालय 8.8 करोड़ रुपये की नकदी जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को चेन्नई के लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन के कॉर्पोरेट कार्यालय से 8.8 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। अधिकारियों के मुताबिक, धनशोध मामले की जांच के तहत यह कार्रवाई की गई। सैंटियागो मार्टिन उन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने चुनावी बांड के जरिए राजनीतिक दलों को सबसे अधिक चंदा दिया था और उन्होंने 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दान दी थी।
महाराष्ट्र: ठाणे जिले में 15 अवैध हथियार और 28 कारतूस जब्त, 18 अवैध शराब की भट्टियां नष्ट
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में राज्य चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 15 अवैध हथियार और 28 कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) शिवराज पाटिल ने कहा कि अपराध शाखा, जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ और केंद्रीय अपराध इकाई की टीमों ने जिले के विभिन्न हिस्सों यह कार्रवाई की। पाटिल के मुताबिक, जब्त किए गए हथियारों और कारतूस की कीतम करीब सात लाख रुपये है। अधिकारी ने यह भी बताया कि इस दौरान पुलिस ने 18 अवैध शराब की भट्टियां भी पकड़ीं और शराब का भंडारण नष्ट किया, जिसकी कीम 25.3 लाख रुपये थी।
आरजी कर मामला: 21 नवंबर को मार्च निकालेगी माकपा
माकपा ने शुक्रवार को कहा कि वह 21 नवंबर को कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कार्यालय तक मार्च निकालेगी और आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले की जांच शीघ्र पूरी करने की मांग करेगी। यह मार्च कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपे जाने के 100वें दिन निकाला जाएगा।
पत्रकारों से बात करते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पश्चिम बंगाल राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि मार्च का उद्देश्य जांच में कथित देरी की ओर ध्यान आकर्षित करना और पीड़िता के लिए न्याय की मांग करना है। सलीम ने कहा, "21 नवंबर को बलात्कार-हत्या मामले की जांच अपने 100वें दिन में प्रवेश करेगी। हम त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर सीबीआई कार्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे।"
मणिपुर: कांग्रेस और कोकोमी ने छह थाना क्षेत्रों में फिर से अफस्पा लागू होने की निंदा की
मणिपुर के छह थाना क्षेत्रों में अफस्पा को फिर लागू करने के फैसले की मणिपुर कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय संगठनों ने आलोचना की है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख केइशम मेघचंद्र ने शुक्रवार को इस फैसले की निंदा की और इसे राज्य और केंद्र सरकार की विफलताओं का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में जारी अस्थिरता को ठी करने में दोनों सरकारों की नाकामी को दिखाता है।
आसियान के दौरान लाओस में राजनाथ सिंह चीन के रक्षा मंत्री से मिलेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले हफ्ते चीन के रक्षा मंत्री डोंग जून से मिलेंगे। पूर्वी लद्दाख में टकराव के दो अहम बिंदुओं देपसांग और डेमचोक से भारत और चीन के सैनिकों की वापसी और नियमित गश्त शुरू होने के बाद दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर यह पहली बैठक होगी।
राजनाथ सिंह और डोंग जून 20 नवंबर से लाओस में शुरू हो रहे आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 10 देशों के संगठन के दो दिवसीय शिखर सम्मेलन से इतर इन दोनों नेताओं की बैठक होगी। पूर्व नौसेना कमांडर जून को पिछले साल दिसंबर में चीन का रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की पिछले साल अप्रैल के बाद से यह पहली मुलाकात होगी, जब चीन के तत्कालीन रक्षा मंत्री ली शांगफू शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे।
हाईकोर्ट ने खारिज की विजय वडेट्टीवार के नामांकन का चुनौती देने वाली याचिका
बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के नामांकन को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। वडेट्टीवार ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल किया था। चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय और जस्टिस नितिन सांबरे की खंडपीठ ने कहा कि इस तरह के मुद्दे सामान्य रिट याचिका में नहीं उठाए जा सकते हैं, बल्कि इसके लिए चुनाव याचिका दायर की जानी चाहिए। याचिकाकर्ता नारायण दिनबाजी जाम्भुले ने अपनी याचिका में दावा किया था कि वडेट्टीवार के चुनावी हलफनामे के स्टांप पेपर को कांग्रेस नेता के नाम पर नहीं खरीदा गया था। याचिका में कहा गया था कि चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी विधानसभा क्षेत्र के चुनाव अधिकारी ने 30 अक्तूबर को इस हलफनामे को स्वीकार किया। इसमें आरोप लगाया गया था कि असली स्टांप पेपर का इस्तेमाल नहीं किया गया और यह महाराष्ट्र स्टांप अधिनियम 1958 का उल्लंघन था।
गुजरात के मेहसाणा में भूकंप के झटके
गुजरात के मेहसाणा में आज रात 10.15 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई।