पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित एक कैंप में बीएसएफ जवान ने कहासुनी के बाद अपने वरिष्ठ जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे धुलियान स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविर में कांस्टेबल शिवम कुमार मिश्रा ने अपने वरिष्ठ हेड कांस्टेबल रतन सिंह शेखावत की तीखी नोकझोंक के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। अफसरों ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों जवान बीएसएफ की एक इकाई में तैनात थे। उन्हें मुर्शिदाबाद में हाल ही में हुई सांप्रदायिक झड़पों के बाद क्षेत्र में तैनात किया गया था। बीएसएफ ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के कारण पाचन रोग (गैस्ट्रो) विभाग में भर्ती किया गया है और फिलहाल डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।
कैबिनेट सचिवालय में सुरक्षा सचिव बने IPS आरए चंद्रशेखर
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आरए चंद्रशेखर को कैबिनेट सचिवालय में सुरक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। केरल कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी चंद्रशेखर वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने कैबिनेट सचिवालय में सुरक्षा सचिव के रूप में चंद्रशेखर की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। जो 1 अगस्त 2025 को या उसके बाद पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी। अधिकारियों ने बताया कि शेखर अगले महीने के अंत में हरिनाथ मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद नया पदभार संभालेंगे।
भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय अस्पताल में भर्ती
भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय को बेचैनी की शिकायत के बाद शनिवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभिजीत गंगोपाध्याय का अस्पताल के सीसीयू में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। गौरतलब है कि अभिजीत गंगोपाध्याय ने बीते साल मार्च में कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए और 2024 के चुनावों में पश्चिम बंगाल की तामलुक लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी।
प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को भुवनेश्वर में करेंगे रोड शो, तिरंगा यात्रा में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह 20 जून को राजधानी भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार के कार्यक्रम में शिरकत करने से पहले रोड शो करेंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। ओडिशा के पंचायती राज और पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का 20 जून को समापन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। राज्य सरकार के कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले वह बीजू पटनायक अतंरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भुवनेश्वर के जनता मैदान तक रोड शो करेंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले साल 12 जून को शपथ ली शपथ ली।
ओडिशा में यूपी के तीन हथियार तस्कर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने भुवनेश्वर में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर इसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन उत्तर प्रदेश के बलिया और एक-एक मध्य प्रदेश भिंड और कटक के सालेपुर से हैं। पुलिस ने इनके पास से गोला-बारूद के साथ चार स्वचालित पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और एक बंदूक जब्त की हैं। एक अधिकारी ने बताया कि ये आरोपी यहां जटनी गेट में एक किराये के घर में रह कर हथियारों की आपूर्ति कर रहे थे। इस सभी को उस वक्त पकड़ा गया, जब वे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक असाइनमेंट की डिलीवरी लेने आए थे, जिसे वे आगे सप्लाई करने वाले थे।
हैदराबाद में बिजली का तार गिरने से दो की मौत
हैदराबाद में फुटपाथ पर सो रहे दो लोगों की बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिर जाने से करंट लगने से मौत हो गई। एलबी नगर पुलिस निरीक्षक के विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ितों के भिखारी होने का संदेह है( घटना रात करीब 2 बजे हुई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा जांच जारी है।
उल्फा प्रमुख परेश बरुआ, दो अन्य ने की थी असम में आईईडी धमाके की साजिश
एनआईए ने पिछले साल असम दिवस के मौके पर आईईडी धमाके के मामले में गुवाहाटी की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। इसमें म्यांमार स्थित प्रतिबंधित संगठन अल्फा (आई) के प्रमुख परेश बरुआ व दो अन्य को आरोपी बनाया है। वह प्रतिबंधित आतंकवादी समूह यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) का अध्यक्ष और स्वयंभू कमांडर-इन-चीफ है। एनआईए ने कहा कि बरुआ के साथ अभिजीत गोगोई और जाह्नु बरुआ उर्फ अर्नोब असोम उर्फ हंटू के खिलाफ शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया।
कोलकाता के खिदिरपुर इलाके के बाजार में लगी आग
सोमवार तड़के दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के खिदिरपुर में एक भीड़भाड़ वाले बाजार में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। राज्य के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मंत्री सुजीत बोस ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन "कुछ जगहों पर अभी भी आग लगी हुई है"।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कम से कम 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। बोस ने बताया कि चूंकि दशकों पुराना खिदरपुर बाजार एक भीड़भाड़ वाला इलाका है, इसलिए दमकल कर्मियों को शुरू में अपना काम करने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी आग से प्रभावित इलाके को ठंडा करने का काम कर रहे हैं। आग में कई टिन शेड और दुकानें जलकर खाक हो गई हैं।
ओडिशा : आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के एएसआई शहीद
ओडिशा- झारखंड की सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ के एक एएसआई बलिदान हो गए। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी एएसआई सत्यबान कुमार सिंह (34) सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन में तैनात थे। वह उस टीम का हिस्सा थे, 27 मई को सुंदरगढ़ जिले में एक पत्थर खदान के पास से नक्सलियों की ओर से लूटे गए विस्फोटकों की तलाश में सारंडा जंगल में अभियान चला रही थी।
एक अधिकारी ने बताया कि ओडिशा पुलिस, झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम का शनिवार सुबह बलांग गांव के पास तलाशी अभियान चल रहा था। तभी एक आईईडी में धमाका हो गया और एएसआई सिंह के बाएं पैर में गंभीर चोटें आ गईं। उन्हें तत्काल राउरकेला के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सीआरपीएफ अधिकारी ने निधन पर शोक जताया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। एक बयान में माझी कहा कि उन्होंने (एएसआई सिंह) देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर सेवा और साहस का सर्वोच्च मानदंड स्थापित किया है।
टिपरा मोथा ने की त्रिपुरा से अवैध प्रवासियों को वापस भेजने की मांग
भाजपा की सहयोगी टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने त्रिपुरा में रह रहे सभी अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को वापस भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की। टीएमपी के वरिष्ठ नेता एवं वन मंत्री अनिमेष देबबर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद गुजरात, असम और मेघालय जैसे राज्यों ने त्वरित कार्रवाई की। अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया। उनको विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में भेजा गया और उनके मूल देश वापस भेज दिया गया। त्रिपुरा में भी ऐसा होना चाहिए।
नेता देबबर्मा के नेतृत्व में टीएमपी के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार रात राज्यपाल एन इंद्रसेन रेड्डी से मुलाकात की और प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। देबबर्मा ने कहा कि टीएमपी ने प्रधानमंत्री से राज्य में एक टास्क फोर्स भेजने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हमने अवैध प्रवासियों का पता लगाने, उन्हें हिरासत में लेने और वापस भेजने के लिए असम राइफल्स, सीआरपीएफ और राज्य पुलिस को शामिल करते हुए एक तंत्र स्थापित करने का भी आग्रह किया।
देबबर्मा ने कहा कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार राज्य ने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध के दौरान विभिन्न कारणों से बांग्लादेश से पलायन करने वाले 6,09,000 लोगों को स्वीकार किया था। अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए 24 मार्च, 1971 की कट-ऑफ तिथि के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। अवैध प्रवासियों का पता लगाने और उन्हें वापस भेजने के लिए त्रिपुरा पुलिस ने एक मोबाइल टास्क फोर्स (एमटीएफ) का गठन किया गया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
तीन लाख के नकली नोटों के साथ युवक पकड़ा
तमिलनाडु में इरोड जिले में 3.92 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि बंगलापुदुर थाने के अधिकारियों ने शनिवार रात को नकली नोटों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है तथा दूसरे की तलाश की जा रही है। दासा गौंडेन पुदुर (डीजी पुदुर) गांव में कोडिवेरी रोड पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को दो मोटरसाइकिलें तेजी से आती दिखीं। पुलिस को देखते ही वे अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने उनका पीछा किया और एक को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान डीजी पुदुर के रहने वाले बस्करन के रूप में हुई और फरार व्यक्ति उसी गांव का लोकेश है। पुलिस कर्मियों ने बस्करन के पास से 3.92 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए। उन्होंने मामला दर्ज किया और बस्करन को गिरफ्तार कर नकली नोटों के स्रोत के बारे में पूछताछ की।
विमान हादसे के बाद केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में होगी उच्च स्तरीय बैठक: सूत्र
अहमदाबाद में विमान हादसे के मद्देनजर विमानन सुरक्षा को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। यह बैठक कल दोपहर आयोजित की जाएगी और इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन करेंगे। यह बैठक अहमदाबाद विमान दुर्घटना की गंभीरता और उसके सुरक्षा पहलुओं को लेकर होगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।