बायोकॉन समूह की अध्यक्ष किरण मजूमदार-शॉ को शनिवार को इंडियन सोसाइटी फॉर क्वालिटी की ओर से प्रतिष्ठित जमशेदजी टाटा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार भारत में जीव विज्ञान आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए दिया गया। मजूमदार ने कहा कि यह पुरस्कार मेरे लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसका नाम भारत के महानतम दूरदर्शी लोगों में से एक के नाम पर रखा गया है। एक ऐसे व्यक्ति जिनकी विरासत, उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की विरासत हम सभी को प्रेरित करती है। इंडियन सोसाइटी फॉर क्वालिटी (आईएसक्यू) की ओर से यह पुरस्कार 2004 में शुरू किया गया था। जमशेदजी टाटा पुरस्कार व्यवसाय के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले उन लोगों को दिया जाता है। पुरस्कार की घोषणा बंगलूरू में आयोजित आईएसक्यू वार्षिक सम्मेलन 2024 में की गई। मजूमदार ने यह पुरस्कार आईएसक्यू के अध्यक्ष और टीक्यूएम इंटरनेशनल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक जनक कुमार मेहता से प्राप्त किया।
जस्टिस बेला एम त्रिवेदी महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की अध्यक्ष
सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी को महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे नदी जल विवाद को सुलझाने का काम सौंपा गया है। न्यायाधिकरण का गठन 2018 में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पड़ोसी राज्यों के बीच विवादास्पद जल-बंटवारे संबंधी असहमति को दूर करने के लिए किया गया था। केंद्र ने केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा सफाई मंत्रालय के तहत अधिसूचना में संशोधन के माध्यम से नियुक्ति को औपचारिक रूप दिया। चल रहा विवाद महानदी नदी और उसके व्यापक बेसिन से पानी के आवंटन से संबंधित है।
पटना पुस्तक मेले में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह की पुस्तकों का विमोचन करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
हरिवंश नारायण सिंह की दस पुस्तिकाओं का लोकार्पण
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के चार दशकों के लेखन के 10 खंडों वाले संग्रह का शनिवार को पटना पुस्तक मेले में विमोचन किया गया। पत्रकार से राजनीतिक नेता बने हरिवंश ने इस अवसर पर कहा कि उनके काम में उनका पत्रकारीय लेखन शामिल है, जिसका एक बड़ा हिस्सा बिहार, झारखंड और देश के अन्य हिस्सों एवं दुनिया को समर्पित है। उन्होंने कहा कि वह 1977 में पत्रकारिता में आए। 2017 में उन्होंने समय के सवाल नामक किताब लिखी, इसमें 40 वर्षों का अनुभव है। जिन दस पुस्तकों का लोकार्पण किया गया है, उनमें बिहार सपना और सच, झारखंड संपन्न धरती उदास बसंत, झारखंड चुनौतियां भी अवसर भी, राष्ट्रीय चरित्र का आईना, भविष्य का भारत, पतन की होड़, सरोकार और संवाद, अतीत के पन्ने, ऊर्जा के उत्स और समर के शेष आदि शामिल हैं।
अरुणाचल प्रदेश: स्कूल में पानी की टंकी ढही तीन छात्रों की मौत
अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन में एक निजी स्कूल में पानी की टंकी गिरने से तीन छात्रों मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यहां मॉडल गांव में स्थित सेंट अल्फोंसा स्कूल में शनिवार को कुछ छात्र खेल रहे थे, तभी टंकी ढह गई और छात्र उसके नीचे दब गए। घायलों को तुरंत टोमो रीबा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान (टीआरआईएसएमएस) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन छात्रों को मृत घोषित कर दिया। ये सभी कक्षा नौ के छात्र थे, जबकि घायल छात्र छठी और सातवीं के छात्र हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में स्कूल के प्रधानाचार्य, मालिक और चार अन्य कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पानी की टंकी में क्षमता से अधिक पानी भरा गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पश्चिम बंगाल के कुलपी में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कुलपी में एक युवक की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात की है, जब कुणाल आध्या (22 वर्षीय) नामक युवक अपने घर लौट रहा था। तभी रामकृष्णपुर ग्राम पंचायत के कालीतला इलाके में लोगों के एक समूह ने उस पर हमला कर दिया और पीट-पीटकर कुणाल की हत्या कर दी। इस घटना में कुणाल को बचाने के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि स्थानीय क्लब से संबंधित विवाद में प्रतिद्वंदी समूह ने आध्या की हत्या की है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
ओडिशा के कटक में लोहे का गेट गिरने से 30 लोग घायल
ओडिशा के कटक जिले में एक लोक नाट्य शो के आयोजन स्थल का लोहे का गेट गिरने से महिलाओं और बच्चों समेत 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को सालेपुर इलाके के रायसुंगुडा में हुई। जब लोग लोहे के ढांचे से गुजर रहे थे, तभी वह ढांचा गिर गया। घायलों को सालेपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में गंभीर रूप से घायल छह लोगों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पूर्व उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को "लौह पुरुष" बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका व्यक्तित्व और कार्य देश की जनता के लिए राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा विकसित भारत के लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
हाथी ने उखाड़ी पेड़ की टहनी, मोटरसाइकिल पर गिरी, छात्रा की मौत
शनिवार को केरल के कोठामंगलम के पास एक विशाल ताड़ के पेड़ की टहनी मोटरसाइकिल पर गिरने से एक इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि त्रिशूर की रहने वाली एन मैरी सी वी (21) शाम करीब 6 बजे चेम्बनकुझी में नागरमपारा वन कार्यालय के पास अपने कॉलेज के साथी अल्ताफ अबूबकर (21) की बाइक पर पीछे बैठकर जा रही थी। उसी दौरान एक हाथी ने पेड़ की टहनी उखाड़ी तो वह बाइक पर गिर गई, जिससे मैरी की मौत हो गई और अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुजरात: सूरत में 2.57 करोड़ रुपये के नकली नोटों के साथ चार गिरफ्तार
गुजरात के सूरत में 2.57 करोड़ रुपये के नकली नोटों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चार आरोपियों में से, तीन पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (पूर्व में अहमदनगर जिला) के हैं। आरोपी तीन बैग लेकर पैदल जा रहे थे, तभी सूरत की सरोली में एक चेक पोस्ट पर उन्हें पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने 500 रुपये के नकली नोटों को 43 बंडलों में छिपाया था, जिनमें से प्रत्येक में 1000 नोट थे। लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए इन बंडलों का पहला और आखिरी नोट असली था। आरोपियों ने बैंकों, बाजारों आदि में इन नोटों के साथ अनजान लोगों को ठगने की योजना बनाई थी।' चारों आरोपियों की पहचान अहमदनगर (अहिल्यानगर) के रहने वाले दत्तात्रेय रोकड़े, राहुल विश्वकर्मा और राहुल काले और सूरत के रहने वाले गुलशन गुगाले के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (2) (धोखाधड़ी), 61 (आपराधिक साजिश) और 62 (गंभीर अपराध करने की कोशिश के लिए सजा) के तहत आरोप लगाए गए हैं।