केरल के पलक्कड़ जिले में 57 वर्षीय एक व्यक्ति की 12 जुलाई को मौत हो गई, जिसे निपाह वायरस से संक्रमित होने का संदेह है। उसकी रिपोर्ट मंजेरी मेडिकल कॉलेज में पॉजिटिव आई है, लेकिन पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से पुष्टि बाकी है। इससे पहले मलप्पुरम जिले में एक और व्यक्ति की निपाह से मौत हो चुकी है। सरकार ने इलाके में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और फील्ड सर्वे तेज कर दिया है। अब तक 543 लोगों की सूची तैयार की गई है, जिनमें 46 लोग हालिया मरीज से जुड़े हैं। लोगों को अस्पतालों में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
गुजरात पुल हादसे में एक शख्स की तलाश जारी
गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर हुए पुल हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 वर्षीय विक्रम पाधियार की तलाश अब भी जारी है। वह आणंद जिले के नरसिंहपुर गांव के निवासी है। ये हादसा बुधवार को हुआ जब आणंद-वडोदरा जिलों को जोड़ने वाला 40 साल पुराना पुल अचानक टूट गया, जिससे कई वाहन नदी में गिर गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चार इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है और 30 दिन में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।
NMC को मिला नया चेयरमैन, डॉ. अभिजीत सेठ हुए नियुक्त
नेशनल मेडिकल कमीशन के नए चेयरमैन के रूप में डॉ. अभिजीत सेठ की नियुक्ति की गई है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व चेयरमैन डॉ. गंगाधर ने अक्टूबर 2024 में इस्तीफा दे दिया था। उपयुक्त उम्मीदवार की अनुपलब्धता के कारण उनका कार्यकाल आगे बढ़ाया गया था। अब डॉ. शेट को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में 15 जुलाई को विपक्ष की बैठक
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी 15 जुलाई को पार्टी की रणनीति तय करने के लिए अहम बैठक करेंगी। यह बैठक मानसून सत्र से पहले हो रही है, जिसमें कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। कांग्रेस 'ऑपरेशन सिंदूर', पहलगाम आतंकी हमला, बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन और ट्रंप के भारत-पाक मसले में दखल वाले बयान पर बहस की मांग करेगी। सरकार ने सत्र की अवधि 12 अगस्त से बढ़ाकर 21 अगस्त तक कर दी है, जिससे अहम विधेयकों पर चर्चा की जा सके। इनमें न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में निजी निवेश की अनुमति देने वाला बिल भी शामिल है। विपक्ष इस सत्र को सरकार की जवाबदेही तय करने के मौके के रूप में देख रहा है।
टीवी अभिनेत्री मंजुला पर चाकूओं से हमले का आरोपी पति गिरफ्तार
टेलीविजन अभिनेत्री मंजुला उर्फ श्रुति पर कई बार चाकू से हमला करने के आरोप में पति अमरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभिनेत्री का विक्टोरिया अस्पताल में कुछ दिन इलाज के बाद छुट्टी मिल गई। हनुमंत नगर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना 4 जुलाई की है। पश्चिम डिवीजन के डीसीपी एस गिरीश ने बताया, कुछ टेलीविजन धारावाहिकों में काम कर चुकीं मंजुला उर्फ श्रुति को अमरेश (49) से प्यार हो गया था और उन्होंने उससे शादी कर ली थी। अमरेश एक ऑटो चालक है। दोनों की शादी 20 साल पहले हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। जांच में पता चला है कि वैवाहिक जीवन में मतभेदों के कारण उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। तीन महीने पहले, मंजुला ने अपने पति के खिलाफ दहेज और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मध्यस्थता के बाद पिछले बृहस्पतिवार को ही दंपती फिर से साथ रहने लगे थे। लेकिन कुछ ही समय बाद उनके बीच मतभेद फिर से उभर आए। घटना वाले दिन, अमरेश ने तीखी बहस के दौरान श्रुति की आंखों में मिर्च का स्प्रे छिड़का और उसके बाद उसके पेट, पसलियों, जांघ और गर्दन पर चाकू से वार किया।
एक राष्ट्र, एक चुनाव: अगली जेपीसी बैठक 30 को
एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की अगली बैठक 30 जुलाई को होने की संभावना है। पैनल के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने कहा, अगली बैठक में न्यायमूर्ति राजेंद्र मल लोढ़ा और न्यायमूर्ति शरद अरविंद बोबड़े को अपने विचार व्यक्त करने के लिए बुलाया जा सकता है। भाजपा सांसद चौधरी की अध्यक्षता वाली जेपीसी, विधेयक पर अपनी सिफारिश तैयार करने के दौरान न्यायविदों और कानूनी विशेषज्ञों से बात कर रही है।
अरुणाचल : रोइंग में लगा कर्फ्यू, जवान तैनात
अरुणाचल प्रदेश में रोइंग कस्बे में नाबालिग बच्चियों के यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप की हत्या के बाद तनाव बढ़ गया है। इसको देखते हुए निचली दिबांग घाटी के इस कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया है। बता दें कि पड़ोसी राज्य असम के प्रवासी युवक की गुस्साई भीड़ ने शुक्रवार को थाने के बाहर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। निचली दिबांग घाटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रिंगू न्गुपोक ने कहा, रोइंग में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। जिला प्रशासन ने छात्रावास को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी रियाज-उल-कुरीम (19) एक स्कूल के छात्रावास की छह से नौ साल की उम्र की कम से कम आठ छात्राओं का एक हफ्ते से यौन उत्पीड़न कर रहा था।
सिक्किम में 211वीं भानु जयंती पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
गंगटोक में शनिवार को सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 211वीं भानु जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने 'आदिकवि' भानुभक्त आचार्य के योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनकी साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की। राज्यपाल माथुर ने कहा कि भानुभक्त आचार्य ने संस्कृत से नेपाली में रामायण की रचना कर नेपाली साहित्य को नई पहचान दी। उनकी कृति ने भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नेपाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने पर नेपाली भाषी समुदाय को भी बधाई दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि भानु जयंती न केवल साहित्यिक प्रतिभा का उत्सव है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के दिन हमें अपनी भाषायी और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
गोवा में नकली पासपोर्ट के केस में युवक गिरफ्तार
गोवा का एक युवक फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने की कोशिश के बाद फरार हो गया था, जिसे चेन्नई से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान खोरलिम गांव के पंकज चौर से हुई है, जिसने ऑनलाइन पोर्टल पर जाली दस्तावेज जमा किए थे। तीस जून को पंकज की पासपोर्ट ऑफिस में अपॉइंटमेंट थी, जहां अधिकारियों को उस पर शक हुआ। जब पूछताछ शुरू हुई तो वह दफ्तर से भाग गया। बाद में जांच में सामने आया कि उसके आधार कार्ड पर दिया गया पता फर्जी था। पुलिस ने टेक्निकल और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से उसे चेन्नई में ट्रैक किया और स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। अब उसे गोवा लाया जा रहा है, जहां विधिवत गिरफ्तारी की जाएगी।
मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि राज्य के तीन जिलों से पांच प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को इम्फाल ईस्ट जिले के लाइखोंग इलाके से कांगलेई याओल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के दो सक्रिय कैडरों को पकड़ा गया। वहीं, बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलोबी से शुक्रवार को कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी का एक सदस्य गिरफ्तार हुआ। इसी दिन इम्फाल ईस्ट के कोंगपाल क्षेत्र में स्थित एक घर से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सक्रिय सदस्य को भी दबोचा गया। इसके अलावा थौबल जिले के वांगजिंग बाजार से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का एक सदस्य भी गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तारियों के बाद जांच जारी है और अन्य संभावित नेटवर्क्स की भी पड़ताल की जा रही है।
BRS नेता पर टिप्पणी के बाद बवाल, कांग्रेस MLC 'टीनमार मल्लन्ना' के दफ्तर में तोड़फोड़
तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी में कांग्रेस MLC चिन्तपांडू नवीन उर्फ टीनमार मल्लन्ना के समर्थकों ने हंगामा किया। ये प्रदर्शन उनके दफ्तर में कथित तौर पर तेलंगाना जागृति कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के विरोध में हुआ। मल्लन्ना ने हाल ही में BRS MLC के. कविता पर टिप्पणी की थी। पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पत्रकार के. बी. गणपति का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
मैसूरु के वरिष्ठ पत्रकार और स्टार ऑफ मैसूर व मैसूरु मित्रा के संस्थापक संपादक के. बी. गणपति का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार को निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। निधन का कारण दिल का दौरा बताया गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डी. के. शिवकुमार समेत कई नेताओं ने शोक जताया।
ओडिशा में करंट से हाथी की मौत, सीएम ने दिए हाई लेवल जांच के आदेश
ओडिशा के संबलपुर जिले में पांच साल की मादा हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। हाथी की मौत नकटीडीउल क्षेत्र के सरपाली गांव में एक खेत में बिछे अवैध बिजली तार से हुई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। मामले की जांच के लिए मुख्य वन संरक्षक मनोज नायर के नेतृत्व में टीम भेजी गई है।
ULFA(I) ने ड्रोन हमले का दावा किया, सेना ने दी जानकारी से इनकार
ULFA(I) ने दावा किया है कि म्यांमार सीमा के पास स्थित उसके कैंपों पर भारतीय सेना ने रविवार तड़के ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक वरिष्ठ नेता की मौत और 19 अन्य घायल हुए। हालांकि, सेना ने इस दावे को खारिज किया है। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेन्द्र रावत ने कहा कि सेना के पास इस तरह की किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं है।
केरल CM के घर को बम से उड़ाने की धमकी निकली फर्जी, पुलिस जांच में जुटी
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आधिकारिक आवास 'क्लिफ हाउस' को रविवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो जांच में फर्जी पाई गई। यह धमकी थंपनूर पुलिस स्टेशन को ईमेल के जरिए भेजी गई थी। बम और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी ली गई, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला। मुख्यमंत्री उस वक्त विदेश में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ओडिशा: पुरी में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 6700 से अधिक मुर्गियों को मारा गया
ओडिशा के पुरी जिले के बड़ा अंकुला गांव में बर्ड फ्लू (H5N1 वायरस) की पुष्टि के बाद प्रशासन ने आपात कदम उठाते हुए 6,700 से अधिक पक्षियों को मार डाला है। पुरी के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सरत कुमार बेहरा ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र में जीवित पक्षियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। एक किमी के दायरे में सभी मुर्गियों को मारा जा चुका हैं और आस-पास के पांच गांवों से नमूने लिए गए हैं।
श्रीलंका की तरफ से सात भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी पर स्टालिन की चिट्ठी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर श्रीलंका की तरफ से सात मछुआरों की गिरफ्तारी पर चिंता जताई है। ये मछुआरे 13 जुलाई को श्रीलंकाई नौसेना की तरफ से पकड़े गए। साथ ही एक अन्य भारतीय नौका को टक्कर मारने से उसमें भारी नुकसान हुआ। स्टालिन ने कहा कि 2024 में पकड़े गए कई मछुआरे अब भी श्रीलंकाई हिरासत में हैं। वर्तमान में 50 मछुआरे और 232 नौकाएं जब्त हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इन मछुआरों की शीघ्र रिहाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास करने की मांग की है।