कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट कर लिखा, 'जिस तरह से बंगलूरू मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने बंगलूरू मेट्रो किराया संशोधन को लागू किया है, उससे विसंगतियां पैदा हुई हैं, कुछ खंडों में किराया दोगुना से भी अधिक हो गया है। मैंने बीएमआरसीएल के एमडी से इन मुद्दों को तत्काल हल करने और उन जगहों पर किराए को कम करने के लिए कहा है जहां वृद्धि असामान्य है।'
अब भगवान जगन्नाथ को भोग में मिलेंगे जैविक चावल
भगवान जगन्नाथ के 'महाप्रसाद' को रसायन मुक्त बनाने के लिए ओडिशा सरकार खास योजना बना रही है। एक अधिकारी ने इस बाबत जानकारी दी। कृषि एवं किसान अधिकारिता सचिव अरबिंद पाधी ने बताया कि ओडिशा सरकार ने पुरी में 12वीं सदी के मंदिर में भगवान के लिए जैविक चावल और सब्जियों का भोग लगाने के लिए विशेष परियोजना शुरू करने की तैयारी में है। इस विशेष परियोजना 'अमृत अन्न' शुरू करने के प्रस्ताव का जगन्नाथ मंदिर के सेवकों ने स्वागत किया है।
एक लाख रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में एक राजस्व निरीक्षक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। एसीबी ने इस बारे में बयान भी जारी किया है। एसीबी ने कहा कि आरोपी अधिकारी को तब पकड़ा गया जब उसने शिकायतकर्ता से 'भूमि के उत्तराधिकार पर आधिकारिक लाभ' देने के लिए रिश्वत की मांग की।
बयान में यह भी कहा गया है कि आरोपी अधिकारी के कब्जे से पैसा बरामद कर लिया गया। मामले की जांच पड़ताल चल रही है।
तेजस्वी सूर्या ने एयरो इंडिया 2025 में उड़ाया HTT-40 विमान
बंगलूरू में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या एयरो इंडिया 2025 में एचटीटी-40 विमान को उड़ाया। इस दौरान तेजस्वी सूर्या ने कहा, "...एचटीटी-40 को एचएएल ने स्वदेशी रूप से बनाया है। यह एक ट्रेनर विमान है जिसका इस्तेमाल भारतीय वायुसेना हमारे नए पायलटों को प्रशिक्षित करने के लिए करती है। यह आत्मनिर्भरता और देश की वैज्ञानिक क्षमता का प्रतीक है, यह दर्शाता है कि देश सही नेतृत्व और हमारे वैज्ञानिक संस्थानों के समर्थन से क्या कर सकता है'। एयरो इंडिया 2025 का आयोजन 10 से 14 फरवरी तक येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर किया जा रहा है।
गुजरातः स्कूल की जर्जर छत से छात्रों पर गिरा कंक्रीट का टुकड़ा, सात घायल
गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक सरकारी स्कूल की जर्जर छत से कंक्रीट का टुकड़ा छात्रों पर गिर गया। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर में वनसोज प्राथमिक स्कूल में तब हुई, जब चौथी और पांचवीं के छात्र प्रार्थना कर रहे थे। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि, एक बच्चे के सिर पर टांके लगे हैं।
राष्ट्रपति शासन खत्म कर तत्काल कराए जाएं चुनाव: माकपा
भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की मणिपुर इकाई ने राज्य में राष्ट्रपति शासन को तत्काल खत्म करने और नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है। पार्टी का यह बयान तब सामने आया है, जब एन. बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया है और विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है।
माकपा की राज्य सचिव कश्यप शांता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी और अन्य समान विचारधारा वाली पार्टियां राष्ट्रपति शासन के दौरान राज्य की क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन करेंगी और ऐसे किसी प्रयास को नाकामयाब करेंगी, जो राज्य को बांटने की दिशा में हो। शांता ने कहा कि विधायकों-नेताओं की सत्ता की लालसा ने राज्य को इस स्थिति में ला खड़ा किया है।
आरबीआई ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक' पर लगाए कई प्रतिबंध
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गुरुवार को शहर स्थित 'न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक' पर कई प्रतिबंध लगाए, जिसमें जमाकर्ताओं द्वारा धन की निकासी भी शामिल है। 'न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक' को लेकर रिजर्व बैंक के निर्देश आज कारोबार बंद होने के साथ ही लागू हो गए और छह महीने के लिए लागू रहेंगे।
आरबीआई ने कहा, 'बैंक की मौजूदा नकदी स्थिति को देखते हुए निर्देश दिया गया है कि वह जमाकर्ता के बचत बैंक या चालू खातों या किसी अन्य खाते से किसी भी राशि की निकासी की अनुमति न दे।' बैंक कर्मचारियों के वेतन, किराए और बिजली के बिल जैसी कुछ आवश्यक मदों के संबंध में व्यय कर सकता है।
केरल नर्सिंग कॉलेज में रैगिंग : एनएचआरसी ने लिया संज्ञान लिया, डीजीपी से मांगी रिपोर्ट
केरल के एक सरकारी नर्सिंग कॉलेज में रैगिंग की चौंकाने वाली घटना को निंदनीय बताते हुए एनएचआरसी ने मामले का संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को राज्य के पुलिस प्रमुख से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
कोट्टायम के नर्सिंग कॉलेज में एक जूनियर छात्र की क्रूर रैगिंग के विचलित करने वाले दृश्य बृहस्पतिवार को सामने आए, जिसमें पीड़ित को एक खाट से बांधा गया और उसके शरीर पर बार-बार कंपास से वार किया गया।
मामले की कार्यवाही के अनुसार, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पाया है कि आरोप प्रथम दृष्टया 'मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन' प्रतीत होते हैं। इसके मद्देनजर, आयोग ने मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले का संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने केरल के डीजीपी को 10 दिनों के भीतर एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
केरल: मंदिर उत्सव में दो हाथियों के बिगड़ने भगदड़, दो महिलाओं की मौत
केरल के कोझिकोड में एक मंदिर के उत्सव के दौरान दो हाथियों के बिगड़ने से मची भगदड़ में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को कोइलांडी के निकट मनाकुलंगरा मंदिर में एक उत्सव के दौरान पटाखे फोड़ने से दो हाथी उत्तेजित हो गए। हाथी मंदिर के पास एक छोटी इमारत की ओर भागे। हाथियों के टकराने से इमारत की दीवार का एक हिस्सा ढह गया और कुछ लोग उसके नीचे फंस गए। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा लोगों में मची भगदड़ के चलते करीब 20 लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।