आईपीएल 2025 सत्र की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पिछले सत्र की तुलना में इस सत्र में कई टीमें बदली हुई नजर आएंगी, यहां तक की कुछ टीमें नए कप्तान की अगुआई में खेलने उतरेंगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) भी उन्हीं टीमों में शामिल है जो नए कप्तान की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि आरसीबी गुरुवार को कप्तान की घोषणा करेगी। इस दौड़ में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली शामिल हैं, लेकिन रजत पाटीदार का नाम भी चल रहा है।
कोहली पहले भी संभाल चुके हैं कमान
कोहली पहले भी आरसीबी की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने 2013 से 2021 तक टीम का नेतृत्व किया था। कोहली के बाद 2022 से फॉफ डुप्लेसिस यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे और टीम पिछले सत्र में भी उनकी कप्तानी में खेलने उतरी थी। आरसीबी ने हालांकि, मेगा नीलामी से पहले डुप्लेसिस को रिलीज कर दिया था। 40 वर्षीय डुप्लेसिस इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे।
कप्तान के तौर पर अच्छा रहा है कोहली का रिकॉर्ड
कप्तान के तौर पर कोहली का अच्छा रिकॉर्ड है, लेकिन वह कप्तान रहते टीम को खिताब नहीं दिला सके हैं। आरसीबी आईपीएल 2025 में अपने पहले खिताब के लिए उतरेगी। 36 वर्षीय कोहली ने 143 मैचों में आरसीबी का नेतृत्व किया है। वह महेंद्र सिंह धोनी के बाद इस लीग में सबसे लंबे समय तक किसी टीम की कप्तानी करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। धोनी के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा समय तक कप्तानी करने का रिकॉर्ड है। धोनी लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान रहे हैं।
कप्तान के तौर पर कोहली ने 68 मैच जीते हैं, जबकि 70 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, चार मैच बेनतीजा रहे हैं। 2016 में आरसीबी कोहली की कप्तानी में आईपीएल फाइनल तक पहुंची थी। उन्होंने उस सीजन 973 रन बनाए थे जो एक आईपीएल सीजन में किसी बल्लेबाज का सर्वाधिक रन है। आईपीएल 2024 में कोहली ने 154 के स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाए थे।
पाटीदार के पास भी कप्तानी का अनुभव
कोहली के अलावा रजत पाटीदार भी कप्तान बनने की दौड़ में शामिल हैं। पाटीदार उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें फ्रेंचाइजी ने आगाजी सीजन के लिए रिटेन किया था। पाटीदार के पास सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की कप्तानी करने का अनुभव है। 31 वर्षीय पाटीदार ने मध्य प्रदेश को अपनी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन टीम को खिताबी मुकाबले में मुंबई से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पाटीदार टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उनसे आगे अजिंक्य रहाणे थे जिन्होंने 10 मैचों में 61 के औसत और 186.08 के स्ट्राइक रेट से 428 रन बनाए थे।