नागपुर में पैसे के विवाद में दामाद ने ससुर की हथौड़े से हत्या की
नागपुर शहर में एक 40 वर्षीय बेरोजगार व्यक्ति को अपने 65 वर्षीय ससुर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौतम फुलझेले ने 5 मई को अपने ससुर जनार्दन दामके पर उस वक्त हथौड़े से हमला किया, जब वे सो रहे थे। जानकारी के अनुसार, दामके ने अपनी बेटी स्वाति (गौतम की पत्नी) से पैसे उधार लिए थे, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। गंभीर रूप से घायल दामके की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर गौतम को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
महाराष्ट्र के ठाणे में एक ट्रक की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार की मौत हो गई। घटना रविवार रात करीब 10 बजे कुपरबावड़ी ब्रिज इलाके में हुई। घटना में एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर सवार की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के ठाणे में ही पुलिस ने एक मेडिकल रिप्रजेंटेटिव को गिरफ्तार किया है। मेडिकल रिप्रजेंटेटिव के पास से पुलिस ने दो करोड़ रुपए का प्रतिबंधित ड्रग कोडीन पाउडर बरामद किया। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी आरोपी की पहचान 48 वर्षीय सुरेश परमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक किलो के करीब कोडीन पाउडर बरामद किया।