फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: जनवरी 2024 से 10 विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग; सेना में शामिल हुआ DRDO का माइनफील्ड मार्किंग उपकरण

Mon, 11 Aug 2025 08:49 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक तकनीकी खराबी के कारण 10 विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। 12 जून 2025 को एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट हादसे में 260 लोगों की मौत हुई। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 और 3 सुरक्षित पाए गए हैं, जबकि टर्मिनल-1D की छत का कपड़े वाला हिस्सा तेज तूफान में फटा था, जिससे संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
विज्ञापन


तस्करी कर भारत लाई बांग्लादेशी युवती को बचाया गया
हैदराबाद पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तस्करी करके भारत लाई गई बांग्लादेशी युवती को बचाया। उसे वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेला गया था। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पीड़िता द्वारा शुक्रवार को पुलिस से संपर्क करने के बाद बंदलागुडा पुलिस स्टेशन में बीएनएस और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार लोगों की पहचान इस्माइल नगर, बंदलागुड़ा निवासी गृहिणी हजेरा बेगम (41), मुराद नगर मेहदीपट्टनम निवासी ऑर्केस्ट्रा डांसर शहनाज़ फातिमा (32) और हाफिज बाबा नगर, कंचन बाग निवासी ऑटो चालक मोहम्मद समीर (23) के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में रूपा, जो ढाका, बांग्लादेश की मूल निवासी है और सरवर, जो हैदराबाद का निवासी है, शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़िता को फरवरी 2025 में उसकी पड़ोसी रूपा ने भारत घुमाने का वादा करके बहकाया था। उसे रूपा की बेटी बताकर रात में नाव से देश में तस्करी करके लाया गया। उसे पहले कोलकाता लाया गया, फिर ट्रेन से हैदराबाद ले जाया गया। हैदराबाद में उसे शहनाज और बाद में हाजेरा को सौंप दिया गया। बाद में उसे बताया गया कि उसको वेश्यावृत्ति के लिए लाया गया है। अवैध प्रवास के आरोप में गिरफ्तारी की धमकी देकर उसे जबरन देह व्यापार में धकेला गया और पिछले छह महीनों से उसे होटलों और घरों के बीच घुमाया जाता रहा। लगभग दस दिन पहले जब पीड़िता को एक होटल ले जाया जा रहा था, तो उसने एक पुलिस स्टेशन का साइनबोर्ड देखा। आठ अगस्त को जब समीर अपनी कार पार्क कर रहा था तो वह किसी तरह भागकर बंदलागुडा पुलिस स्टेशन पहुंची। इसके बाद छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेहदीपटनम में एक किराये के कमरे से तीन और महिलाओं को भी बचाया।
विज्ञापन


कूचबिहार में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या
कूचबिहार के पुंडीबाड़ी के दुदियाहाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक ग्राम प्रधान का बेटा और युवा नेता अमर रॉय अपने दोस्तों के साथ बात कर रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कई हमलावर उसके पास आए। उन्होंने उसके सिर में बहुत करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दोस्त के भी पैर में गोली लगी। हमलावर गोलीबारी करते हुए भाग गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिल्ली में आरएसएस के नए कार्यालय का दौरा किया
 पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिल्ली में आरएसएस के नए कार्यालय का दौरा किया साथ ही संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से बातचीत की। यह पहली बार है जब नायडू ने नवीकरण के बाद आरएसएस के नए कार्यालय का दौरा किया और वहां की सुविधाओं की सराहना की।

 

भाजपा के दो विधायकों, एक पार्टी नेता और अन्य के खिलाफ सात मामले दर्ज 
आरजी कार मामले की वर्षगांठ पर मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों पर 'हमला' करने को लेकर पुलिस ने भाजपा के दो विधायकों, एक पार्टी नेता और अन्य के खिलाफ सात मामले दर्ज किए हैं। इन पर एक दिन पहले पश्चिम बंगाल सचिवालय 'नबन्ना' तक मार्च के दौरान पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में कथित रूप से बाधा पहुंचाने, उन पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक अशोक डिंडा, अग्निमित्रा पॉल और पार्टी नेता कौस्तव बागची तथा अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वाड्रा ने जमीन घोटाले पर टालमटोल भरे जवाब दिए : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के व्यवसायी पति रॉबर्ड वाड्रा ने जमीन घोटाले में टालटमोल भरे जवाब दिए। ईडी 2008 में गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में जमीन सौदे में धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही है। इस मामले में हाल ही में कोर्ट में दायर आरोपपत्र में ईडी ने यह भी कहा कि वाड्रा ने जमीन से सौदे से जुड़ी सारी जिम्मेदारी अपने तीन मृत सहयोगियों पर डाल दी।

ईडी ने यह भी आरोप लगाया कि कथित धन शोधन से जुड़े रियल एस्टेट लेनदेन में रॉबर्ट वाड्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के माध्यम से हरियाणा सरकार के अधिकारियों पर अनुचित प्रभाव डाला। ईडी ने दिल्ली की विशेष अदालत में 17 जुलाई को 332 पन्ना का आरोपपत्र दाखिल किया था। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि 56 वर्षीय वाड्रा को भूमि सौदे में अपराध की आय के रूप में 58 करोड़ रुपये मिले। राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष जज (पीसी एक्ट) सुशांत चंगोत्रा ने 2 अगस्त को अभियोजन पक्ष की शिकायत पर संज्ञान लेने से पहले ईडी के आरोपपत्र में नामित सभी 11 आरोपियों को नोटिस जारी किया और मामले को 28 अगस्त के लिए सूचीबद्ध किया है। 

आयोग की घेराबंदी के लिए राहुल ने लॉन्च की वेबसाइट
मतदाता सूची में धांधली को लेकर मचे बवाल के बीच कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अभियान लॉन्च किया है। इस अभियान के मिस्ड कॉल देने के लिए फोन नंबर और एक वेबसाइट लॉन्च की है।

राहुल गांधी ने अभियान को लेकर कहा कि वोट चोरी एक व्यक्ति, एक वोट के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए साफ-सुथरी मतदाता सूची अनिवार्य है। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावों में बड़े पैमाने पर आपराधिक धोखाधड़ी होने के अपने दावों को दोहराया, उन्होंने जनता से इसमें जुड़कर वोट चोरी को रोकने की अपील की। पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, चुनाव आयोग से हमारी मांग साफ है। पारदर्शिता दिखाएं और डिजिटल मतदाता सूची सार्वजनिक करें, ताकि जनता और राजनीतिक दल उसका खुद ऑडिट कर सकें। आप भी हमारे साथ जुड़ कर इस मांग का समर्थन करें। हमारी वेबसाइट पर जाएं या दिए गए नंबर पर मिस्ड कॉल करें। यह लड़ाई लोकतंत्र की रक्षा की है।

आनंद शर्मा का कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा
 कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पार्टी के विदेश विभाग के अध्यक्ष पद से रविवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि पार्टी को विभाग के पुनर्गठन में मदद मिल सके और युवा नेताओं को इसमें शामिल किया जा सके।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने लगभग एक दशक तक विभाग का नेतृत्व किया। कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग की राष्ट्रीय समिति का गठन आखिरी बार 2018 में किया गया था। शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित अपने त्यागपत्र में कहा है, जैसा कि मैंने पहले भी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) अध्यक्ष दोनों को बताया है, मेरे विचार से, क्षमतावान और आशाजनक युवा नेताओं को शामिल करने के लिए समिति का पुनर्गठन आवश्यक है। इससे इसके कामकाज में निरंतरता सुनिश्चित होगी।

मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, मैं विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप रहा हूं ताकि इसके पुनर्गठन में आसानी हो सके।

आरएसएस प्रमुख 13 अगस्त से तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर
 आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 13 अगस्त से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से मिलेंगे और कटक में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। आरएसएस पदाधिकारी सुमंत कुमार पांडा ने बताया कि भागवत 13 अगस्त की शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे और 14 को कटक में गौड़ीय वैष्णव सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।  
 
 

पीएचडी छात्र की मौत मामले की जांच के लिए समिति गठित
 भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान कोलकाता ने पीएचडी छात्र अनामित्रा रॉय (24) की अप्राकृतिक मौत की जांच के लिए समिति गठित की है। रॉय नादिया जिले के हरिंघटा परिसर में लाइफ साइंस के शोधार्थी थे। शुक्रवार सुबह एम्स कल्याणी में उनकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट में ड्रग ओवरडोज को मौत का कारण बताया गया है। संस्थान के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि समिति रॉय के परिवार और सहपाठियों से बात कर रही है। 

नर्सिंग छात्रा की मौत पर बीजद ने बुलाई 12 घंटे की हड़ताल
ओडिशा में नर्सिंग छात्रा की मौत पर बीजद ने रायगढ़ में 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है। इस बारे में जारी बयान में बीजद ने कहा है कि नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत के विरोध में 11 अगस्त को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रायगढ़ ब्लॉक में हड़ताल रहेगी। हालांकि आवश्यक सेवाओं को हड़ताल के दायरे से बाहर रखा जाएगा।

दरअसल, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने 17 जुलाई को सत्यजीत सरकार नामक युवक द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने के बाद कीटनाशक खा लिया था।

नबरंगपुर के पूर्व सांसद प्रदीप माझी ने बताया कि 13 जुलाई को सरकार ने महिला पर कथित तौर पर हमला किया था, जिसके लिए कोरापुट जिले के जयपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मामले में सत्यजीत और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

 

तेलंगाना की महिला से बीड़ जिले में सामूहिक दुष्कर्म, चार के खिलाफ मामला दर्ज
तेलंगाना की 20 वर्षीय एक महिला के साथ महाराष्ट्र के बीड़ जिले में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी।

अधिकारी के अनुसार, आरोपियों में से एक ने शुक्रवार रात परली रेलवे स्टेशन पर महिला को अकेला देखकर किसी बहाने से अपने साथ जाने के लिए राजी किया। वह महिला को अपनी मोटरसाइकिल से एक टिन शेड में ले गया, जहां तीन अन्य लोग भी आ गए। इन तीनों ने शुक्रवार की दरमियानी रात महिला से दुष्कर्म किया, जबकि चौथा आरोपी उनकी मदद करता रहा। अंबाजोगाई ग्रामीण थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत सामूहिक दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है। जब उनसे पूछा गया कि क्या किसी को गिरफ्तार किया गया है, तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।
 

गुजरात- कच्छ में समुद्र किनारे मिले 4 टैंक कंटेनर
गुजरात के कच्छ जिले के अब्दासा तट पर 6 से 10 अगस्त के बीच चार टैंक कंटेनर बहकर आ गए। पुलिस, कस्टम और कोस्ट गार्ड इसकी जांच कर रहे हैं। एक कंटेनर से रिसाव हो रहा था, जिससे सैंपल लेकर फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। बाकी कंटेनर सुरक्षित हैं और खोले नहीं जा सके हैं। इनका स्रोत और सामग्री पता लगाने की कोशिश जारी है।
 

सेना में शामिल हुआ DRDO का माइनफील्ड मार्किंग उपकरण
भारतीय सेना ने सोमवार को डीआडीओ की तरफ से डिजाइन किया गया 'मैकेनिकल माइनफील्ड मार्किंग इक्विपमेंट एमके-II' शामिल किया। इसे बीईएम लिमिटेड ने बनाया है। यह उपकर सेना की कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स की क्षमता बढ़ाएगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेगा।

कर्नाटकः धर्मस्थल सामूहिक दफन मामले में ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार निरीक्षण शुरू
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिला अंतर्गत धर्मस्थल गांव में कई स्थानों पर शवों को सामूहिक रूप से दफनाने के आरोपों की जांच कर रही एसआईटी ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार तकनीक का उपयोग कर निरीक्षण शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि विशेष जांच दल, जीपीआर विशेषज्ञों के साथ शिकायतकर्ता द्वारा चिन्हित 13वें स्थल नेत्रवती स्नान घाट के पास पहुंचा। यह कार्रवाई जांचकर्ताओं को दिए बयानों में किए गए दावों की पुष्टि के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा, जीपीआर सर्वेक्षण जांच में महत्वपूर्ण कदम है और आगे की कार्रवाई निष्कर्षों पर निर्भर करेगी। बता दें, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार विद्युत चुंबकीय तकनीक है, जो भूमिगत संरचनाओं की जांच के लिए विशिष्ट आवृत्तियों पर रेडियो तरंग स्पंदों को जमीन में भेजती है। एसआईटी दो दशकों में धर्मस्थल में सामूहिक हत्या, दुष्कर्म और सामूहिक दफनाने के आरोपों की जांच कर रही।

कोई भी व्यक्ति अब सीधे एसआईटी को सूचना देः मंत्री
राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि एसआईटी को पुलिस थाने के अधिकार दिए गए हैं। इससे मामले से संबंधित कोई भी व्यक्ति शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने जाने के बजाय सीधे एसआईटी से संपर्क कर सकता है।

दिल्ली: जांच के लिए एम्स पहुंचे विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को संक्षिप्त जांच के लिए एम्स पहुंचे थे। मामले में सूत्रों ने बताया कि वह दो बार अस्पताल गए - एक बार सुबह और दूसरी बार शाम को। सूत्रों ने बताया कि वह जांच के लिए यूरोलॉजी विभाग में गए थे।

कर्नाटक सरकार ने IPS रामचंद्र राव पर लगा अनिवार्य अवकाश वापस लिया
कर्नाटक सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के रामचंद्र राव को नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय का डीजीपी नियुक्त किया। सोने की तस्करी के एक मामले में उनकी सौतेली बेटी और अभिनेत्री रान्या राव की गिरफ्तारी के बाद उन पर लगाया गया अनिवार्य अवकाश वापस ले लिया गया है। इस नई भूमिका से पहले, वह कर्नाटक राज्य पुलिस आवास एवं अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे।

एक सरकारी आदेश में कहा गया है, 'डॉ. के रामचंद्र राव, आईपीएस (केएन 1993) के संबंध में अनिवार्य अवकाश का आदेश वापस लिया जाता है और अधिकारी को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय के पुलिस महानिदेशक के पद पर उन्नत रिक्त पद पर तैनात किया जाता है।' इसमें कहा गया है कि नागरिक अधिकार प्रवर्तन निदेशालय के पुलिस महानिदेशक का पद, आईपीएस (वेतन) नियम 2016 के नियम 12 के तहत, जैसा कि उक्त नियम की अनुसूची II में शामिल है, पुलिस महानिदेशक, आपराधिक जांच विभाग, विशेष इकाइयाँ और आर्थिक अपराध, बंगलूरू के कैडर पद के समकक्ष हैसियत और जिम्मेदारियों में घोषित किया गया है। आईपीएस रामचंद्र राव को मार्च में अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया गया था।
विज्ञापन

जगन्नाथ मंदिर के महाप्रसाद की ऑनलाइन बिक्री का प्रस्ताव खारिज
ओडिशा सरकार ने पुरी जगन्नाथ मंदिर के महाप्रसाद की ऑनलाइन बिक्री के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने सोमवार को यह जानकारी दी। हरिचंदन ने बताया कि कुछ संगठनों ने श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन से मंदिर के महाप्रसाद और ड्राई प्रसाद को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भक्तों तक पहुंचाने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि हालांकि, यह विचार अच्छा था, लेकिन पवित्र प्रसाद की शुद्धता बनाए रखने के लिए सरकार और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसी किसी पहल का समर्थन नहीं करती। उन्होंने भक्तों से पुरी जगन्नाथ मंदिर आकर ही महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की। हरिचंदन ने बताया कि जल्द ही महाप्रसाद की कीमतों का संशोधित चार्ट लागू किया जाएगा। यह बयान मीडिया में महाप्रसाद की अनधिकृत ऑनलाइन बिक्री की खबरों के बीच आया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें