फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: SC ने DMRC की अवमानना याचिका पर DAMEPL को भेजा नोटिस; ओडिशा में पिकअप वैन पलटने से चार लोगों की मौत

Wed, 11 Dec 2024 11:09 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केंद्र सरकार ने कहा है कि वैवाहिक दुष्कर्म को अपराध की श्रेणी में लाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। गृह राज्य मंत्री बी. संजय कुमार ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी पुरुष की तरफ से अपनी 18 साल से अधिक उम्र की पत्नी के साथ यौन संबंध बनाना या उनके बीच यौन कृत्यों को अपराध मानने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 74, 75, 76 और 85 तथा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 में पर्याप्त उपाय का प्रावधान है, जिसमें दंडात्मक परिणाम भी शामिल हैं, ताकि विवाह संस्था में महिला के अधिकार और सम्मान की रक्षा हो सके।

कांग्रेस ने EC से मांगा महाराष्ट्र चुनाव से जुड़ा डेटा
कांग्रेस के डेटा एनालिटिक्स विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को पत्र लिखा। उन्होंने चुनाव आयोग से लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक्सेल शीट प्रारूप में विधानसभावार मतदाता सूची मांगी है। चक्रवर्ती ने हाल के दो चुनावों के लिए एक्सेल शीट प्रारूप में बूथ-वार फॉर्म 20 डेटा भी मांगा है।

ओडिशा-आईआईटी मद्रास के बीच ओएमपीपी की तैयारी के लिए एमओयू साइन 
ओडिशा सरकार ने मंगलवार को ओडिशा समुद्री परिप्रेक्ष्य योजना (ओएमपीपी) की तैयारी के लिए आईआईटी मद्रास के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने कहा कि यह योजना ओडिशा तट के समुद्री विकास में प्रमुख शक्तियों और चुनौतियों को शामिल करेगी और बंदरगाहों, भीतरी इलाकों की क्षमता, कार्गो निकासी, बंदरगाह कनेक्टिविटी, पर्यावरण वृद्धि और तटीय समुदायों के विकास से जुड़े समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र का अध्ययन करेगी। वाणिज्य और परिवहन विभाग की प्रधान सचिव उषा पाढ़ी की उपस्थिति में ओडिशा सरकार के बंदरगाह और अंतर्देशीय जल परिवहन निदेशालय और राष्ट्रीय बंदरगाह, जलमार्ग और तट प्रौद्योगिकी केंद्र (एनटीसीपीडब्ल्यूसी), आईआईटी मद्रास के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। 

ओडिशा: रत्न भंडार की मरम्मत का काम 17 दिसंबर से संभव
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) 17 दिसंबर को पुरी के जगन्नाथ मंदिर में रत्न भंडार की मरम्मत का काम शुरू कर सकता है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस निर्णय की घोषणा श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने 'छत्तीसा निजोग' या सेवकों के शीर्ष निकाय की बैठक के बाद की। पाधी ने संवाददाताओं से कहा कि यह अस्थायी रूप से तय किया गया है कि एएसआई रत्न भंडार की मरम्मत का काम 17 दिसंबर से शुरू करेगा और यह दो-तीन महीने की अवधि में पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि एसजेटीए मरम्मत कार्य के सुचारू संचालन के लिए एएसआई को सभी समर्थन और सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मरम्मत का काम दोपहर 1 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। हालांकि, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भक्तों की भीड़ को देखते हुए काम एक या दो दिन के लिए रोका जा सकता है।

पहली जनवरी से शुरू होगी एक राष्ट्र, एक सदस्यता योजना
सरकार की तरफ से वित्तपोषित विश्वविद्यालयों और आईआईटी समेत देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के करीब 1.8 करोड़ छात्र एक जनवरी से दुनियाभर की शीर्ष पत्रिकाओं में प्रकाशित शोध पत्रों तक पहुंच हासिल कर सकेंगे। छात्रों को यह लाभ केंद्र की एक राष्ट्र, एक सदस्यता योजना के तहत मिलेगा। प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार एके सूद ने मंगलवार को बताया कि योजना के पहले चरण के तहत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, गणित, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान और मानविकी पर 13,400 से अधिक वैश्विक पत्रिकाएं शोधकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाएंगी।

इंफाल : अफ्स्पा के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिलाएं, निकाली रैली
मणिपुर की राजधानी इंफाल में मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने फिर अफ्स्पा लगाने और पिछले महीने संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के जिरीबाम जिले में तीन बच्चों समेत छह लोगों की हत्या के विरोध में रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने ‘मणिपुर को नष्ट मत करो’ और ‘मणिपुर बचाओ’ जैसे नारे लगाते हुए सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (अफ्स्पा) को हटाने की मांग की। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर कई संगठनों ने संयुक्त रूप से इस रैली का आयोजन किया। 

केंद्र ने तीन सप्ताह में 3.35 लाख नए शौचालयों को दी मंजूरी

केंद्र ने एक अभियान के तहत पिछले तीन सप्ताह में 3.35 लाख से अधिक नए घरेलू शौचालयों को मंजूरी दी और 1.54 लाख से अधिक सार्वजनिक शौचालय परिसरों का मूल्यांकन और सुदृढ़ीकरण किया। यह आंकड़ा मौजूदा सुविधाओं का 70 फीसदी है। जल शक्ति मंत्रालय ने बयान में कहा कि 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस पर शुरू हुआ हमारा शौचालय : हमारा सम्मान (एचएसएचएस) अभियान मंगलवार को मानवाधिकार दिवस पर पूरा हो गया। इस दौरान देशभर में 50,500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

माधव गाडगिल को संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान

संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को पारिस्थितिकी विज्ञानी माधव गाडगिल (82) को पश्चिमी घाट में उनके उल्लेखनीय काम के लिए अपने सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान, 'चैंपियंस ऑफ द अर्थ' पुरस्कार से सम्मानित किया। इस वर्ष के पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की सूची में वे एकमात्र भारतीय हैं। गाडगिल ने पश्चिमी घाट पारिस्थितिकी विशेषज्ञ पैनल या गाडगिल समिति की अध्यक्षता की थी।

1,340 करोड़ के कोयला चोरी मामले में 49 लोगों के खिलाफ आरोप तय

आसनसोल की विशेष सीबीआई अदालत ने ईस्टर्न कोल फील्ड्स लि. की खदानों से 1,340 करोड़ के कोयला चोरी में 49 लोगों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। आरोपपत्र पर संज्ञान लेते हुए विशेष अदालत ने मंगलवार को मास्टर माइंड अनूप माजी, विकास मिश्रा और 47 अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए। एजेंसी ने अपने आरोपपत्र में आरोप लगाया है कि अनूप माजी ने 2015-2020 के दौरान अन्य सह-आरोपियों के साथ साजिश रचकर कोयले की चोरी की। मामले में अब तक तीन आरोपपत्र दायर किए गए हैं। एजेंसी ने कहा कि कोयले की अनुमानित कीमत 1,340 करोड़ रुपये है, जिसे सह-आरोपी लोक सेवकों ईसीएल के 11 (एक निदेशक-तकनीकी, सात महाप्रबंधक, एक प्रबंधक, दो सुरक्षा निरीक्षक) और एक सीआईएसएफ निरीक्षक के संरक्षण में चुराया गया था। 

ईवीएम चिंताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएगा इंडिया ब्लॉक

विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक हाल के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में ईवीएम में कथित हेरफेर को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है। चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने के फैसले की घोषणा एनसीपी-शरद पवार के नेता प्रशांत जगताप ने की। वह पुणे की हडपसर सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे। इस फैसले की घोषणा एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और जाने-माने वकील व कांग्रेस नेता अभिषेक सिंघवी के बीच हुई बैठक के बाद की गई। इंडिया ब्लॉक ने दावा किया है कि भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन के पक्ष में ईवीएम में कथित हेरफेर के कारण वह महाराष्ट्र में चुनाव हार गया।

इंडिया गेट, नॉर्थ, साउथ ब्लॉक को इंद्रप्रस्थ स्टेशन से जोड़ने के लिए मेट्रो गलियारे पर विचार
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय  दिल्ली मेट्रो में सात किलोमीटर लंबा भूमिगत मेट्रो गलियारा बनाने पर विचार कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस कॉरिडोर का मकसद पिछले कुछ महीने-साल में विकसित हुए ‘कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट’, इंडिया गेट, भारत मंडपम और नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन से जोड़ना होगा। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को प्रस्तावित गलियारे को अंतिम रूप देने के लिए कहा गया है। इस साल की शुरुआत में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो गलियारे के विस्तार को मंजूरी दी थी। सात किलोमीटर लंबा कॉरिडोर इसी फैसले के तहत बनेगा। प्रस्तावित लाइन कर्त्तव्य पथ से होकर नार्थ और साउथ ब्लॉक में समाप्त होगी। इससे मध्य दिल्ली में भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी।

ओडिशा में बीते 11 साल में 857 हाथियों की जान गई
ओडिशा में पिछले 11 वर्ष में 857 हाथियों की जान गई है। इनमें अप्राकृतिक मौत का प्रमुख कारण बिजली का झटका लगना है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंहखुंटिया ने राज्य विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि साल 2014-15 और 2024-25 (दो दिसंबर तक) के बीच 149 हाथियों की बिजली का झटका लगने से मौत हुई, जबकि अवैध शिकार के कारण 30 हाथियों की जान गई।

केंद्रीय मंत्री के घर से चोरी के मामले में दो गिरफ्तार
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी के घर से चोरी के मामले में जिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एरावीपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर स्थित गोपी के घर के पास एक शेड से पुरानी वस्तुओं की चोरी की जांच के तहत 18 और 20 साल की उम्र के संदिग्धों को एक दिन पहले हिरासत में लिया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज कर ली गई है। कथित घटना हाल ही में हुई जब गोपी के परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।


गोवा मामले में आप नेता बोले- ईडी की जांच से कुछ नहीं होगा
आम आदमी पार्टी ने गोवा में सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने लोगों से धोखाधड़ी मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। आप ने दावा किया कि ईडी की जांच से कोई नतीजा नहीं निकलेगा। गोवा पुलिस ने धोखाधड़ी के सिलसिले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। आप गोवा के अध्यक्ष अमित पालेकर ने कहा कि बताया गया है कि ईडी ने घोटाले की जांच शुरू कर दी है। मुझे लगता है कि ईडी की जांच से कोई नतीजा नहीं निकलेगा, क्योंकि यह भाजपा की एक और एजेंसी है। इसमें भाजपा के कुछ पदाधिकारी शामिल हैं, इसलिए उनकी पार्टी ने इसकी न्यायिक जांच की मांग की है। गोवा भर में कई शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिसमें कई सरकारी नौकरी के इच्छुक लोगों ने आरोप लगाया है कि उन्हें रोजगार की सुविधा के बहाने कुछ लोगों को लाखों रुपये देने के लिए मजबूर किया गया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि घोटाले की निष्पक्ष जांच चल रही है। 

बंगाल में रेल नाकेबंदी के कारण दो ट्रेनें रद्द
पश्चिम बंगाल के जोराई रेलवे स्टेशन पर अलग कूचबिहार राज्य की मांग को लेकर आंदोलनकारियों द्वारा की गई रेल नाकेबंदी के कारण बुधवार को दो ट्रेनें रद्द कर दी गईं और कई अन्य के मार्ग में बदलाव किया गया। उन्होंने बताया कि ग्रेटर कूचबिहार पीपुल्स एसोसिएशन (जीसीपीए) के आंदोलन के कारण रद्द की गई ट्रेनों में न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अलीपुरद्वार डिवीजन के जोराई रेलवे स्टेशन पर नाकेबंदी सुबह पौने सात बजे शुरू हुई, जिससे पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे ‘ग्रेटर कूचबिहार’ के निर्माण की अपनी मांग को लेकर दबाव बनाने के लिए अनिश्चितकालीन रेल नाकेबंदी कर रहे हैं।

एनएफआर अधिकारी ने कहा कि नाकेबंदी हटाने के प्रयास चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आंदोलन के कारण 22227/22228 न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस और 15704/15703 बोंगाईगांव-न्यू जलपाईगुड़ी-बोंगाईगांव एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। 

अधिकारी ने बताया कि कम से कम आठ ट्रेनों को न्यू कूचबिहार-गोलकगंज-फकीराग्राम मार्ग से भेजा गया। जिन ट्रेनों का मार्ग बदला गया है उनमें 20503 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 12423 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 15657 ब्रह्मपुत्र मेल और 15959 कामरूप एक्सप्रेस शामिल हैं।

गोवा के दो तटों पर पांच रूसी महिलाओं को डूबने से बचाया गया

गोवा के कैंडोलिम और बेनाउलिम समुद्र तटों पर दो अलग-अलग घटनाओं में पांच रूसी महिलाओं को डूबने से बचाया गया। राज्य सरकार की तरफ से नियुक्त एक जीवनरक्षक एजेंसी की एक प्रवक्ता ने बताया कि विदेशी पर्यटकों को मंगलवार देर रात बचा लिया गया। उत्तरी गोवा के कैंडोलिम समुद्र तट पर पहली घटना में, 30 से 40 वर्ष की आयु की तीन रूसी महिलाएं एक साथ तैरते समय तेज बहाव में फंस गईं। उन्होंने कहा कि जीवनरक्षकों ने उन्हें संकट में देखा और उनकी सहायता के लिए दौड़ पड़े। प्रवक्ता ने कहा कि बचाव बोर्ड की मदद से तीनों को सुरक्षित वापस लाया गया।

वहीं, दूसरी घटना में, 51 और 52 वर्ष की आयु की दो रूसी महिलाएं तेज बहाव में फंस गईं और बेनाउलिम समुद्र तट से दूर समुद्र में आगे तक खींच ली गईं। उन्होंने बताया कि दोनों को संकट में देखकर समुद्री एजेंसी के लाइफगार्ड समुद्र में उतरे और उन्हें किनारे पर ले आए।

'एक राष्ट्र, एक चुनाव' गेम चेंजर होगा- रामनाथ कोविंद

'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर पूर्व राष्ट्रपति और समिति के अध्यक्ष रामनाथ कोविंद ने कहा कि, 'केंद्र सरकार को आम सहमति बनानी होगी। यह मुद्दा किसी पार्टी के हित में नहीं बल्कि राष्ट्र के हित में है। यह (एक राष्ट्र एक चुनाव) गेम चेंजर होगा - यह मेरी नहीं बल्कि अर्थशास्त्रियों की राय है कि इसके लागू होने के बाद देश की जीडीपी 1-1.5% बढ़ जाएगी।'
 

सुप्रीम कोर्ट ने DMRC की अवमानना याचिका पर डीएएमईपीएल को नोटिस जारी किया

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की सहायक कंपनी दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड (डीएएमईपीएल) को एक अवमानना याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को ब्याज सहित 4,500 करोड़ रुपये वापस नहीं किए हैं।

जस्टिस सूर्यकांत, दीपांकर दत्ता और उज्जल भूटान की पीठ ने डीएमआरसी की याचिका पर गौर किया और डीएएमईपीएल से जवाब मांगा कि सार्वजनिक वाहक को ब्याज सहित पैसे का भुगतान न करने के लिए उसके खिलाफ अवमानना कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए। पीठ ने अवमानना याचिका पर सुनवाई के लिए 20 जनवरी, 2025 की तारीख तय की है।
विज्ञापन

ओडिशा में पिकअप वैन पलटने से चार लोगों की मौत, 28 घायल

ओडिशा के गजपति जिले में बुधवार को एक पिकअप वैन के पलट जाने से तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना मोहना थाना क्षेत्र के चिटिंग घाट में हुई। हादसे की जानकारी देते हुए मोहना थाना प्रभारी निरीक्षक बसंत कुमार सेठी ने कहा कि, यह दुर्घटना उस समय हुई जब रामगिरी गांव के 36 निवासी एक अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए पिकअप वैन में सवार होकर चंद्रगिरी जा रहे थे। चालक की तरफ से अचानक ब्रेक लगाने से वाहन पलट गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि चंद्रगिरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दम तोड़ दिया, जहां उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि कम से कम पांच घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें