फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 54 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की; कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरवी देवराज का निधन

Tue, 02 Dec 2025 09:59 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मणिपुर के कांगपोक्पी जिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार को 54 एकड़ जमीन पर फैली अफीम की खेती नष्ट कर दी। पुलिस के अनुसार, जिले के खोइरिपोक और सेहजांग गांवों के बीच 18 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती को तोड़ा गया। इसके साथ ही वहां मौजूद पांच झोपड़ियां, खाद, रसायन और हर्बिसाइड्स भी नष्ट कर दिए गए।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों और वन विभाग के कर्मचारियों ने जिले के सी लामजांग और आसपास की पहाड़ी क्षेत्रों में 36 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की। इस अभियान में 11 झोपड़ियां, 14 बैग खाद और 9 बैग नमक बरामद कर नष्ट किए गए। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने हाल ही में बताया था कि पिछले सप्ताह कांगपोक्पी जिले में 144 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती नष्ट की गई थी।

विज्ञापन


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आर वी. देवराज का निधन, उम्र 67 साल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आरवी देवराज का मंगलवार को मैसूरू में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, देवराज को सोमवार रात हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवराज, जो चिकपेट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक थे, कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा और जनता के प्रति अपनी संवेदनशीलता के लिए जाने जाते थे। सिद्धारमैया ने कहा कि देवराज ने कई वर्षोंइ तक कांग्रेस के लिए निष्ठापूर्वक और समर्पित रूप से काम किया। वे हमारे बीच और वर्षों तक होने चाहिए थे।

उस्मानिया यूनिवर्सिटी में छात्र ने लगाई फांसी
हैदराबाद के उस्मानिया यूनिवर्सिट कैंपस में एक दर्दनाक घटना हुई है। बीटेक में दूसरा साल पढ़ रहे एक छात्र ने सोमवार रात को हॉस्टल के पास एक पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र ने खुद को एक मैसेजिंग ऐप पर मैसेज भेजा था। इसमें उसने लिखा था कि उसके गांव में कोई घटना हुई थी, जिसके बाद माता-पिता ने उसे बहुत डांटा। माता-पिता ने कथित तौर पर कहा कि अगर वह अपना व्यवहार नहीं सुधारेगा तो गांव में मत रहना, बल्कि जान दे देना। छात्र ने मैसेज में यह भी लिखा कि परिवार वाले उसकी परवाह नहीं करते, इसलिए वह मरना चाहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरी जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

केरल : सीएम आवास व निजी बैंक को मिली बम की धमकी निकली फर्जी
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के सरकारी आवास और पलायम में एक निजी बैंक को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि, जांच के बाद यह धमकी फर्जी पाई गई। पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के निजी सचिव को यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। इसके मिलते ही मुख्यमंत्री आवास क्लिफ हाउस में तलाशी अभियान चलाया गया।  पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास पर विस्फोटक होने का दावा करने वाले ऐसे ही ईमेल पहले भी कई बार मिल चुके हैं। 

आरबीआई को नवंबर में 74 करोड़ रुपये के 2 हजार के नोट मिले
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को नवंबर में 2,000 रुपये के 74 करोड़ रुपये के नोट वापस मिले हैं। इसके साथ 29 नवंबर तक बाजार में चलन में मौजूद 2,000 रुपये के नोटों का मूल्य घटकर 5,743 करोड़ रुपये रह गया है, जो 31 अक्तूबर को 5,817 रुपये करोड़ था। आरबीआई ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय बैंक ने मई 2023 में 2,000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। इन नोटों को बैंक शाखाओं में जमा/बदलने की सुविधा 7 अक्तूबर, 2023 तक उपलब्ध थी। 

भुवनेश्वर : केआईआईटी के प्रथम वर्ष का छात्र हॉस्टल में फंदे से झूला
कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) के प्रथम वर्ष के बीटेक छात्र का शव रविवार रात हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। यह एक साल से भी कम समय में केआईआईटी में हुई तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 16 फरवरी और 1 मई को केआईआईटी परिसर के हॉस्टल में दो नेपाली छात्राएं आत्महत्या कर चुकी हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राहुल यादव (18) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के रायपुर का निवासी था और कंप्यूटर साइंस का छात्र था। 

भारत ने विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता में हासिल की आठवीं रैंक
भारत ने विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता (डब्ल्यूएसएसी ) 2025 में अपनी पहली हिस्सेदारी कर प्रतिभागी 29 देशों के बीच शानदार 8वीं जगह हासिल की। इस क्षेत्र के अग्रणी स्किल इकोसिस्टम की तुलना में भारत ने अधिक मांग वाले और उभरते हुए ट्रेड में शानदार अनुशासन, नवाचार और वैश्विक मानक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

आज से भारत-मालदीव में सैन्य अभ्यास एकुवेरिन
भारत-मालदीव सालाना द्विपक्षीय अभ्यास एकुवेरिन का 14वां संस्करण दो से 15 दिसंबर तक केरल के तिरुवनंतपुरम में होगा। भारतीय सेना की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक,इस अभ्यास में भारतीय सेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के सैनिक हिस्सा लेंगे। इसका मकसद का अर्ध-शहरी, जंगल और तटीय क्षेत्रों में आतंकवाद व विद्रोहरोधी संयुक्त अभियानों की क्षमता को बेहतर बनाना है। सेना ने कहा कि दोनों देश उन्नत तकनीक के इस्तेमाल पर भी काम करेंगे और सर्वोत्तम सैन्य तरीकों का आदान-प्रदान करेंगे, ताकि अंतरसंचालनीयता को बढ़ाया जा सके। यह क्षेत्र में दोनों देशों की शांति और सुरक्षा के लिए दोनों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सत्ता संघर्ष के बाद एकजुटता का नाश्ता: सिद्धरमैया आज शिवकुमार के घर मेहमान
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया दो दिसंबर को उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के घर नाश्ते पर जाने वाले हैं। हालिया नेतृत्व विवादों के बाद इसे एकजुटता दिखाने का प्रयास माना जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि, सिद्धरमैया ने कहा कि शनिवार को शिवकुमार से उन्हें मौखिक न्योता मिला था, अभी तक औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है, लेकिन मिलते ही वे जाएंगे। वहीं, शिवकुमार ने कहा कि यह मामला उनके और मुख्यमंत्री के बीच का है और दोनों भाइयों की तरह मिलकर काम कर रहे हैं। यह नाश्ता बैठक उसी तरह है जैसे पहले सिद्धरमैया के घर हुई थी। 

बंगलूरू: हवाई अड्डे और मॉल में विस्फोट की धमकी वाले फर्जी ईमेल की जांच में जुटी पुलिस
बंगलूरू के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने शहर के पुलिस कमिश्नर की आधिकारिक आईडी पर भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल कर्ता का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। बता दें कि जिसमें केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और शहर के कई मॉल में बम की धमकी मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि  'फर्जी बम धमकी' का ईमेल 30 नवंबर को सुबह 11:53 बजे मोहित कुमार के नाम से बने जीमेल खाते के माध्यम से कमिश्नर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था।

एफआईआर में ईमेल के हवाले से कहा गया है, यह जैश-ए-मोहम्मद की व्हाइट कॉलर आतंकी टीम की ओर से एक चेतावनी है। हमने केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, ओरियन मॉल, लुलु मॉल, फोरम साउथ मॉल और मंत्री स्क्वायर मॉल को शाम 7 बजे से बम विस्फोटों के लिए निशाना बनाया जाएगा है।  एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि ईमेल में एक फ़ोन नंबर शामिल था और दावा किया गया था कि इस नंबर पर कॉल करके और भुगतान करके हमलों को रोका जा सकता है।

गोवा क्राइम ब्रांच ने कहा- कैश-फॉर-जॉब्स स्कैम में नेताओं की मिलीभगत का कोई लिंक नहीं 
गोवा क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को दावा किया कि कैश-फॉर-जॉब्स स्कैम की आरोपी पूजा नाइक के द्वारा लगाए आरोपों की जांच में किसी भी नेता या सरकारी अधिकारी का कोई हाथ नहीं मिला है। नाइक ने प्रमोद सावंत की कैबिनेट के एक मंत्री और दो अन्य अधिकारियों पर स्कैम में शामिल होने का आरोप लगाया था। नाइक पर पिछले साल गोवा पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किया था, जिसमें आरोप था कि उन्होंने युवाओं को राज्य सरकार में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करोड़ों रुपये ठगे थे।



 

केरल में एसआईआर की समयसीमा बढ़ाने पर विचार करे आयोग: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग से कहा कि वह केरल में जारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना-प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि (11 दिसंबर) को एक सप्ताह और बढ़ाने पर विचार करे। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने इस दलील पर गौर किया कि केरल में स्थानीय निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को होंगे व मतगणना 13 दिसंबर को समाप्त होगी।

पीठ ने इस तथ्य पर भी गौर किया कि चुनाव प्रक्रिया में लगभग 1.76 लाख राज्य सरकार के कर्मचारी लगे हुए हैं। इसलिए, उन्हें चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित समय सीमा 11 दिसंबर तक गणना फॉर्म जमा करने में कठिनाई हो सकती है। शिकायतों पर ध्यान देते हुए, सीजेआई ने केरल सरकार व अन्य याचिकाकर्ताओं को बुधवार शाम 5 बजे तक चुनाव आयोग को एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने के लिए एक औपचारिक आवेदन प्रस्तुत करने की छूट दी।


 

इसरो के शीर्ष अधिकारी ने की संप्रभु उपग्रह नेविगेशन समूह की वकालत
भारत में हवाईअड्डों पर जीपीएस स्पूफिंग की घटनाओं के बीच भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को अमेरिका के ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) पर निर्भरता कम करने के लिए स्वदेशी वैश्विक नेविगेशन प्रणाली की वकालत की। जीपीएस स्पूफिंग का मतलब नेविगेशन प्रणालियों में इस तरह से हेरफेर करने का प्रयास कि वे गलत स्थिति, गति या समय दिखाएं।

दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान इसरो के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र के निदेशक प्रकाश चौहान ने कहा, वर्तमान भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को देखते हुए स्थिति निर्धारण, नेविगेशन और समय निर्धारण (पीएनटी) सेवाएं प्रदान करने के लिए संप्रभु उपग्रह समूह समय की मांग है। भारत अपनी क्षेत्रीय नौवहन प्रणाली नेविगेशन विद इंडियन कांस्टेलेशन (नाविक) का संचालन करता है, जिसके 11 उपग्रह हैं, जिनमें से केवल चार ही पूरी तरह से चालू हैं।

विज्ञापन

कृषि में नैनो खादों की जांच जरूरी, संसदीय समिति की सरकार को सिफारिश
 
एक संसदीय समिति ने केंद्र सरकार से खेतों में नैनो खादों के लंबी अवधि के फील्ड ट्रायल कराने की सिफारिश की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाद वास्तव में फसलों पर कितना असर डालती हैं। रसायन और उर्वरक पर संसद की स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें कहा गया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी सस्ती बोतलों में उपलब्ध हैं और पारंपरिक खादों का बेहतर विकल्प बन सकते हैं।

समिति ने बताया कि नैनो फर्टिलाइजर बहुत कम कच्चे माल से बन जाते हैं। इसलिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार को नीतिगत सहायता देनी चाहिए, ताकि आने वाले समय में ये पारंपरिक यूरिया और पीके खादों की जगह ले सकें और देश खाद उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सके। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि देशभर में विभिन्न फसलों पर दीर्घकालीन फील्ड ट्रायल किए जाएं। इससे फसल उत्पादन, पोषण गुणवत्ता और मिट्टी के स्वास्थ्य पर इनके वास्तविक प्रभाव का आकलन हो सकेगा। इसके लिए शोध संस्थानों और कृषि विज्ञान केंद्रों के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी गई है।

समिति ने नैनो खादों पर रिसर्च के लिए पर्याप्त फंड देने और इनके छिड़काव के लिए अधिक ड्रोन उपलब्ध कराने की भी मांग की। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले ढाई साल में 9.32 करोड़ बोतल नैनो यूरिया बेची गई हैं, जो 42 लाख टन पारंपरिक यूरिया के बराबर है। वहीं, नैनो डीएपी की भी 2.16 करोड़ बोतलें बिक चुकी हैं, जिससे 10.82 लाख टन पारंपरिक डीएपी के आयात की जरूरत नहीं पड़ी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें