बांबे हाईकोर्ट ने पानी संकट से जूझ रहे महाराष्ट्र में आईपीएल मैचों के आयोजन पर सख्त फैसला लेते हुए 30 अप्रैल के बाद से यहां होने वाले शेष मैचों को बाहर कराने का आदेश दिया है। पानी संकट के कारण महाराष्ट्र में आईपीएल मैचों को लेकर बने संशय के बीच फ्रेंचाइजी टीमों ने पानी के इस्तेमाल के बदले में भुगतान करने की बात कही थी।
इस फैसले के बाद अब मई में एक भी मैच महाराष्ट्र में नहीं खेला जाएगा। आयोजकों को अब जिन 13 मैचों के आयोजन स्थल को लेकर फिर से विचार करना होगा उसमें 6 मैच पुणे (2 नॉकआउट मैच), 4 मुंबई और 3 नागपुर में खेले जाने थे।
आज चली सुनवाई के दौरान फ्रेंचाइजी टीमों ने पानी के प्रयोग के लिए 5-5 करोड़ रुपये के भुगतान की बात कही थी। आईपीएल में हिस्सा ले रही मुंबई इंडियंस और पुणे की फ्रेंचाइजी टीमों ने 5-5 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री सूखा राहत कोष में जमा करने की इच्छा जताई। सुनवाई के दौरान महाराष्ट्र सरकार ने यह भी कहा कि अगर पीने योग्य पानी का दुरुपयोग नहीं किया जाता तो आईपीएल मैच को किसी दूसरे राज्य में भेजे जाने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन कोर्ट ने कोई दलील नहीं सुनी।
- फोटो : PTI
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में बुधवार को सेना से झड़प में एक और युवक की मौत हो गई। इससे पूर्व कल मंगलवार को भी सेना की फायरिंग में दो स्थानीय युवकों की मौत हो गई थी, इसी के विरोध में बुधवार प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी प्रदर्शन के दौरान एक युवक सेना द्वारा दागे गए आंसू गैस के गोले की चपेट में आ गया।
बुधवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के दुर्गमुल्ला क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा दागे गए आंसू गैस के गोलों के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मारे गए युवक की पहचान जहांगीर अहमद वानी पुत्र गुलाम दीन वानी के रूप में की गई है। वहीं घाटी में कई जगहों पर प्रदर्शन कर रहे युवकों को सुरक्षाबलों ने हिरासत में लिया है। वहीं मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान घायल हुई एक महिला ने भी बुधवार को दम तोड़ दिया।
हालात को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने श्रीनगर शहर के छह थानों -रैनावाड़ी, नौहट्टा, खन्यार, एमआर गंज, सफा कादल और मैसूमा में लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। श्रीनगर जिला मजिस्ट्रेट फारूक अहमद लोन ने कहा है कि सिख समुदायों के लोगों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा, वे बैसाखी पर्व के चलते उक्त थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले इलाकों में आने-जाने के लिए स्वतंत्र हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मायावती मुश्किलों में पड़ सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट आय से अधिक संपत्ति के मामले में उन पर नई एफआईआर से जुड़ी सुनवाई के लिए राजी हो गया है। यदि सुप्रीम कोर्ट को लगेगा कि मायावती पर एफआईआर दर्ज करने के लिए पर्याप्त सुबूत हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
यह मुश्किल आय से अधिक संपत्ति के मामले में हो सकती है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट उस याचिका पर विचार करने के लिए राजी हो गया है जिसमें मायावती पर नए सिरे से एफआईआर करने की मांग की गई है।
इस याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एआर दवे पीठ ने कहा कि मामले की विस्तार से सुनवाई की जायेगी। याचिकाकर्ता ने कहा था कि मायावती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस है लेकिन सीबीआई केस दर्ज नहीं कर रही है।
इधर मायावती के वकील कहा कि याचिका करने वाला बदले की भावना से ऐसी याचिका दायर कर रहा है। वह बसपा से टिकट चाहता था जिसे खारिज कर दिया गया था।
महाराष्ट्र ने कहा, नहीं चाहिए 'आप' का पानी
- फोटो : जी पाॅल
एक तरफ जहां देश का बड़ा हिस्सा पानी के संकट से गुजर रहा है वहीं नेता हैं कि इस पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे। ताजा विवाद महाराष्ट्र के सबसे संकटग्रस्त इलाके लातूर के लिए पानी भेजने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को लेकर है।
लातूर में पानी एक्सप्रेस पहुंचने के बाद उसकी सराहना के साथ ही केजरीवाल ने लातूर के लिए हर दिन दिल्ली की तरफ से दस लाख लीटर पानी भेजने का प्रस्ताव दिया था।
मगर महाराष्ट्र सरकार को उनका ये प्रस्ताव पसंद नहीं आया और उन्होंने केजरीवाल का ऑफर ठुकरा दिया। सीएम केजरीवाल ने इस मामले में कहा है कि हमने तो ऑफर किया था, अब उनको नहीं चाहिए तो हम क्या कह सकते हैं।
शाहरुख की झलक पाने के चक्कर में लगा जाम, कई घंटे रुका ट्रैफिक
- फोटो : राजन राय
फिल्म अभिनेता शाहरुख खान मंगलवार को नोएडा आए। सेक्टर-32 में आयोजित कार्यक्रम में जब शाहरुख खान को आने में देरी हुई तो उनके प्रशंसक सड़क पर जमा हो गए। हालत यह हो गई कि कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
शाहरुख खान जब लॉजिक्स मॉल पहुंचे तो उनकी एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग मॉल में पहुंच गए। इस पर एमपी-3 रोड पर पूरी तरह जाम लग गया। शाहरुख खान को दोपहर करीब 2.30 बजे पहुंचना था, लेकिन वह शाम 5.15 बजे पहुंचे।
बता दें कि शाहरुख खान की फिल्म फैन इसी शुक्रवार को रिलीज होने वाली है जिसे लेकर काफी उम्मीदें हैं। अपनी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में मंगलवार को शाहरुख नोएडा आए थे।
तंजील अहमद की पत्नी फरजाना ने एम्स में दम तोड़ा
एनआईए के डीएसपी रहे तंजील अहमद की पत्नी फरजाना का आज दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। एम्स से पहले वो सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थीं।
45 वर्षीय फरजाना भी उस दिन तंजील के साथ शादी से वापस आ रही थीं जब कुछ लोगों ने तंजील पर हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। फरजाना को भी 3 गोलियां लगी थीं और तब से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
डॉक्टरों का कहना है कि फरजाना को शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गोलियां लगी थीं जिससे उनके घाव ठीक नहीं हो पा रहे थे और उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
एनआईए के डिप्टी एसपी व पठानकोट आतंकी हमले की जांच से जुड़े तंजील अहमद की बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में बीती देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
जाट आंदोलनः हिंसा की आंच में 'झुलसे' डीजीपी-एडीजीपी, हटाए गए
- फोटो : भव्य नरेश
हरियाणा में जाट आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन के दौरान हुई हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाओं के बाद आखिरकार बड़े अफसरों पर गाज गिर ही गई। आंदोलन के दौरान पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के आरोपों का सामना कर रही प्रदेश सरकार ने मंगलवार को राज्य पुलिस के डीजीपी यशपाल सिंघल को हटाने के साथ ही उन्हें डीजी जेल का पद सौंपकर किनारे बैठा दिया।
सिंघल की जगह पर सरकार ने 1985 बैच के आईपीएस केपी सिंह को राज्य पुलिस प्रमुख का जिम्मा सौंपा है। वहीं, एडीजीपी सीआईडी शत्रुजीत सिंह कपूर को भी बदला गया है। प्रदेश सरकार जहां आंदोलन के दौरान उपद्रव न रोक पाने का आरोप झेल रही है, वहीं मुरथल में महिलाओं से गैंगरेप का मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद सरकार की किरकिरी और बढ़ी है। आखिरकार चौतरफा आरोपों के बीच सरकार ने पुलिस प्रशासन को ही सबसे पहले सुधारने जैसा कदम उठाया है।
केपी सिंह राज्य सरकार की ओर से आंदोलन के दौरान अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए गठित गई प्रकाश सिंह कमेटी के भी सदस्य हैं। वे इस समय डीजी क्राइम के पद पर तैनात थे। इससे पहले वे डीजी पुलिस रिफार्म भी रह चुके हैं।
राजद विधायक की बहन के हत्या मामले में दो गिरफ्तार
- फोटो : rjd mla saroj yadav
बिहार में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है। सवाल इसलिए भी है कि आम जनता के साथ साथ वहां विधायकों के परिवार तक सुरक्षित नहीं हैं। छेड़खानी का विरोध करने पर राजद विधायक सरोज यादव की बहन पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल यादव की बहन की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
नाराज विधायक ने अपने समर्थकों के साथ आरा-पटना मुख्य मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया था। विधायक ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मेरी बहन ही सुरक्षित नहीं है, तो और लोगों के साथ क्या होगा।
उन्होंने दोषियों की समय रहते गिरफ्तारी नहीं होने पर अनशन करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि फिर भी न्याय नहीं मिला, तो वह आत्मदाह करेंगे। हालांकि बाद में नामजद आरोपियों में से दो लोगों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
माल्या के खिलाफ कोर्ट जाएगा ईडी, पासपोर्ट भी हो सकता है रद्द
विजय माल्या
विजय माल्या की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। जहां एक ओर ईडी कोर्ट जाने की तैयारी में है, वहीं पासपोर्ट ऑफिस से माल्या का पासपोर्ट रद्द करने की मांग भी की है।
विदेश भाग गए विजय माल्या तीसरी बार भी ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए थे। प्रवर्तन निदेशालय के नोटिस का जवाब देने के लिए विजय माल्या ने मई तक का समय मांगा था। माल्या ने कहा कि उन्हें समय दिया जाए जिससे वो निजी तौर पर प्रस्तुत हो सकें। गौरतलब है कि इस मामले में मार्च में प्रवर्तन निदेशालय ने माल्या को नोटिस भी जारी किया था।
आपको बता दें कि विजय माल्या पर बैंकों का करीब 9000 करोड़ रुपए का कर्ज है। इसमें सबसे अधिक कर्ज भारतीय स्टेट बैंक का है, जिसकी रकम करीब 1600 करोड़ रुपए है।