फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: अवैध रूप से भारत में घुसने वाले चीनी गिरफ्तार; TDP का उत्पात, YSRCP नेता वाम्सी के घर बरसाए पत्थर

Fri, 07 Jun 2024 09:47 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बिना वैध दस्तावेज के घूम रहे चीनी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को बताया कि उसके पास से चीन का नक्शा, मोबाइल फोन और पत्थर की तीन मूर्तियां बरामद हुई हैं। उसकी पहचान चीन के शानदोंग प्रांत के ली जियाकी के तौर पर हुई है। एसएसपी ने कहा, उसके पास उचित दस्तावेज नहीं थे। उसके खिलाफ रिपोट दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के लिए द्विभाषिए को बुलाया है। अन्य खुफिया एजेंसियों को भी उसकी गिरफ्तारी के बारे में सूचित कर दिया गया है। वे भी उससे पूछताछ करेंगी। जियाकी ने कबूल किया, वह नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में दाखिल हुआ था।
विज्ञापन


हिमाचल में भी चीनी गिरफ्तार, भारतीय महिला से की है शादी
बिहार के अलावा हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भारत-चीन सीमा क्षेत्र में बिना इनर लाइन परमिट के प्रवेश करने के आरोप में पुलिस ने एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया। शख्स की पहचान युडोंग गो के रूप में हुई है। गुरुवार को उसे गिरफ्तार करने के बाद किन्नौर के रिकांग पियो में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि उसे 10 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। युडोंग के पास विवाह के दस्तावेज थे। इनके मुताबिक वह भारतकर नाम की भारतीय महिला से शादी कर चुका है। वह डुबिंग के रास्ते सुमडो पहुंचा। उसके पास इनर-लाइन परमिट नहीं था, इसलिए स्थानीय अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि डबलिंग से आगे यात्रा करने वाले सभी विदेशियों के लिए इनर-लाइन परमिट अनिवार्य है। यह पता नहीं लगाया जा सका है कि उसने गलती से इनर लाइन पार की थी या फिर इसका कोई और उद्देश्य था।

होर्डिंग हादसे पर सुप्रीम कोर्ट ने रेलवे और BMC से पूछे सवाल, हादसे रोकने पर सख्ती
घाटकोपर होर्डिंग हादसे के बाद सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने रेलवे और ग्रेटर मुंबई नगर निगम (एमसीजीएम) से कई सवाल किए। शीर्ष अदालत ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि शहर में होर्डिंग गिरने की कोई अप्रिय घटना न हो। न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति पीबी वराले की अवकाश पीठ ने घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना पर संज्ञान लिया है। इस हादसे में 16 लोगों की जान चली गई थी। दो जजों की खंडपीठ ने कहा, रेलवे सहित सभी संबंधित पक्ष यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी होर्डिंग के संबंध में कोई अप्रिय घटना न घटे। भले ही होर्डिंग रेलवे की जमीन पर हो या नगर निगम की जमीन पर। पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 14 जून के लिए तय की।
विज्ञापन



वाईएसआरसीपी नेता के घर पथराव
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में तेदेपा कार्यकर्ताओं ने वाईएसआरसीपी के नेता वल्लभानेनी वाम्सी के घर पर पथराव किया। इस दौरान पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प भी हुई और दोनों तरफ से पथराव हुआ। तेदेपा कार्यकर्ताओं ने वाम्सी के घर के बाहर खड़ी कारों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद वाईएसआरसीपी के कई अन्य नेताओं के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 
   

महाराष्ट्र के पुणे शहर के शनिपर इलाके में गुरुवार को एक लड़की के पीजी आवास में आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में 42 लोगों को बचा लिया गया है। मृतक की पहचान बिल्डिंग के चौकीदार के रूप में की गई है। आग लगने के बाद अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने दूसरी मंजिल पर मौजूद लड़कियों को बचाया। हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया है।

पुणे पोर्श मामले में नाबालिग आरोपी के पिता-दादा पर एक और केस दर्ज

महाराष्ट्र के पुणे पोर्श मामले में नाबालिग आरोपी के पिता, दादा और अन्य तीन के खिलाफ चंदननगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, पुणे शहर में 18-19 मई की दरम्यानी रात को करीब तीन करोड़ रुपये की पोर्श कार को तेज गति से दौड़ाने के चक्कर में 17 साल के लड़के ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी। गाड़ी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अपना संतुलन खोकर काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चली गई, जिससे उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

तमिलनाडु में एक मछली व्यापारी समेत दो की हत्या

तमिलनाडु में थूथुकुडी के कोविलपट्टी गुरुवार की रात एक मछली व्यापारी समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। कोविलपट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर इस डबल मर्डर केस की जांच में जुट चुकी है।

असम-मिजोरम की सीमा पर हेरोइन के साथ पकड़ा गया व्यक्ति

असम में कछार पुलिस ने एक अभियान के तहत असम-मिजोरम सीमा के पास एक 33 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ा। व्यक्ति की पहचान अब्दुल अहत लस्कर के तौर पर की गई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 139 साबुत के बक्से मिले, जिसमें हेरोइन छिपाकर रखा गया था। 1.7 किलो इस हेरोइन की कीमत 8.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुरानी रंजिश के चलते व्यापारी की हत्या मामला: अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने चार लोगों को गिरफ्तार किया

गुजरात पुलिस की अहमदाबाद अपराध शाखा ने 50 वर्षीय एक व्यापारी की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते प्रिंटिंग सामग्री का व्यापार करने वाले मनीष शाह की हत्या की गई। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर वीबी आल ने बताया, वटवा में रहने वाला मृतक एक प्रेस का मालिक था और 'पब्लिक प्रेस न्यूज' नामक पाक्षिक पत्रिका चलाता था। हत्याकांड के मुख्य आरोपी महिपालसिंह चंपावत समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शाह पर 1 जून की सुबह साबरमती रिवरफ्रंट के पास हमला किया गया था। दो बाइक सवार लोगों ने शाह को रोक कर उनके पैरों पर धारदार चाकू से वार किया था। शाह की 4 जून को मौत हो गई और क्राइम ब्रांच ने मृतक के आवासीय परिसर में रहने वाले चंपावत को हिरासत में ले लिया।

कर्नाटक के मंत्री बी. नागेंद्र का इस्तीफा

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री बी. नागेंद्र का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। सरकारी निगम से अवैध तरीके से धन हस्तांतरित करने के आरोपों के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दिया। राजभवन की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल से बी. नागेंद्र का इस्तीफा स्वीकार करने की सिफारिश की थी। 

तमिलनाडु विधानसभा का सत्र 24 जून को बुलाया गया है। स्पीकर एम अप्पावु ने शुक्रवार को चेन्नई में मीडिया को यह जानकारी दी। इस सत्र में सरकार के विभिन्न विभागों को अनुदान आवंटित करने पर चर्चा हो सकती है। विधानसभा का सत्र कितना लंबा रहेगा, अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। 

भवानी रेवन्ना एसआईटी के सामने हुईं पेश

हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मां भवानी रेवन्ना शुक्रवार को कर्नाटक हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसआईटी के समक्ष पेश हुईं। भवानी रेवन्ना अपहरण के एक मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश हुईं, जिसने उन्हें पहले ही अंतरिम अग्रिम जमानत मिल चुकी है। भवानी पर कथित तौर पर अपने बेटे प्रज्ज्वल रेवन्ना को बचाने के लिए एक महिला का अपहरण करने का आरोप है। प्रज्ज्वल पर कई महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है, और वह वर्तमान में एसआईटी की हिरासत में है।

हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण एस दीक्षित ने भवानी रेवन्ना को अंतरिम अग्रिम जमानत दी और साथ ही निर्देश दिया कि वह शुक्रवार को दोपहर 1 बजे तक एसआईटी के जांच अधिकारी के समक्ष पेश हों और जांच में पूरा सहयोग करें। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने अपहरण मामले के भवानी के कार चालक को हिरासत में लिया है।

उत्तराखंड में ट्रैकिंग के दौरान जान गंवाने वाले ट्रैकर्स के शव बंगलूरू पहुंचे

उत्तराखंड में ट्रैकिंग के दौरान जान गंवाने वाले नौ पर्वतारोहियों के शव बंगलूरू पहुंचे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी टिहरी बॉर्डर पर 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित सहस्त्रताल ट्रैक पर ट्रैकिंग के दौरान नौ ट्रैकरों की मौत हो गई थी। कर्नाटक और महाराष्ट्र के 22 ट्रैकरों के दल  ने 29 मई से चढ़ाई शुरू की थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से यह दल कुफरी टॉप पर फंस गया था। ऐसे में ठंड और बीमारी की वजह से नौ ट्रैकरों की मौत हो गई। सभी नौ ट्रैकर बंगलूरू के रहने वाले हैं और आज उनके शव बंगलूरू पहुंच गए। 

नीरभ कुमार बने आंध्र प्रदेश के नए मुख्य सचिव

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नीरभ कुमार प्रसाद आंध्र प्रदेश के नए मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं। नीरभ कुमार ने निवर्तमान मुख्य सचिव डॉ. केएस जवाहर रेड्डी की जगह ली है। मुख्य सचिव की नियुक्ति का आदेश शुक्रवार से लागू हो गया। नीरभ कुमार प्रसाद 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल पर्यावरण, वन, विज्ञान और तकनीक विभाग में विशेष मुख्य सचिव के पद पर सेवाएं दे रहे थे। डॉ. केएस जवाहर रेड्डी को अभी नई नियुक्ति नहीं दी गई है। आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेदेपा की सत्ता में वापसी हुई है। 175 विधानसभा वाले आंध्र प्रदेश में तेदेपा ने 135 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। वहीं जनसेना ने 21 और भाजपा ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। सत्ताधारी वाईएसआरसीपी 11 सीटों पर ही सिमटकर रह गई है। 

उपराष्ट्रपति ने पीएम मोदी की तारीफ की

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। राज्यसभा इंटर्नशिप प्रोग्राम के समापन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने कहा कि '1962 के बाद पहली बार है, जब किसी सरकार को लगातार तीसरा कार्यकाल मिला हो।'
 
विज्ञापन

नौकरी के बदले जमीन मामले में चार्जशीट दाखिल

सीबीआई ने नौकरी के बदले जमीन मामले में दाखिल की चार्जशीट। सीबीआई की चार्जशीट में लालू प्रसाद यादव और अन्य को आरोपी बनाया गया है। चार्जशीट में 78 आरोपियों का नाम है। अदालत 6 जुलाई को इस चार्जशीट पर विचार करेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें