महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर अंडे, संतरे के छिलके और पानी फेंकने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना रविवार को पनवेल इलाके के कोनगांव में बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के मौके पर घटी।
आंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुछ अज्ञात लोग पहुंचे और मंच पर संतरे के छिलके, अंडे और पानी फेंकने लगे। पुलिस ने बताया कि एक 58 वर्षीय महिला ने अज्ञात लोगों के किलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, ऐसा करने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपियों ने न केवल लोगों के भावनाओं को आहत किया, बल्कि बाबासाहेब आंबेडकर का भी अपमान किया, जिनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 295(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कोलकाता के बीएनआर अस्पताल में लगी आग
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के बीएनआर अस्पताल में मंगलवार को आग लग गई, जिससे वहां इफरातफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। मंगलवार की सुबह 6.40 बजे नेत्र विभाग में आग लगी। सबी मरीजों को विभाग से निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। आग को बुझाने में दमकलकर्मियों को 40 मिनट लगा। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद आग लगने के कारणों का खुलासा होगा।
कश्मीर के झेलम नदी में नाव पलटने से चार की मौत
कश्मीर के झेलम नदी में नाव पलटने से चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, चार शव बरामद किए गए हैं लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। श्रीनगर प्रशासन ने बताया कि बटवाड़ा के पास गंडबल में बचाव अभियान चल रहा है। नाव में ज्यादातर बच्चे सवार थे।
चुराचांदपुर के पुलिस अधीक्षक का तबादला
मणिपुर सरकार ने चुराचांदपुर के पुलिस अधीक्षक को शिवनंद सुर्वे का तबादला कर दिया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग 15 अप्रैल को शिवनंद सुर्वे को स्थानांतरित करने का आदेश दिया। उन्हें फिलहाल डीजीपी के वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। चुराचांदपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शेख मोहम्मद जैक जाकिर को एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मणिपुर में हथियारबंद लोगों ने ईंधन टैंकरों में गोलीबारी की
मणिपुर के तामेंगलॉन्ग में कुछ हथियारबंद लोगों ने मंलवार को ईंधन टैंकरों को निशाना बनाया और वाहन के चालक को गोली मार दी। इस गोलीबारी में दो ईंधन टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल हथियारबंद लोगों की पहचान नहीं की गई है। वाहन के चालक को पैर में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि टैंकर में गोली लगने से तेल सड़क पर फैल गया।
आईजीसी ने समुद्र में फंसे आईएफबी को सहायता प्रदान की
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने कारवार से समुद्र में 215 एनएम की दूरी पर इंजन की विफलता के कारण फंसे आईएफबी की तरफ से की गई कॉल का जवाब दिया। चुनौतीपूर्ण परिस्थियों के बीच, आईसीजी जहाज सावित्रीबाई फुले ने तकनीकी सहायता प्रदान की और जहाज को कारवार तक खींचा।
असम में सड़क हादसा, चार लोगों की मौत
असम के धुबरी जिले में मंगलवार को एक कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाइवे- 17 पर तेज रफ्तार कार के चालक का नियंत्रण खो गया और कार पेड़ से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, मृतक ड्राइवर की पहचान साहिल अहमद और अन्य दो यात्रियों की पहचान शाहिद खांडेकर और नूर अमीन के रूप में हुई है। हालांकि, अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए धुबरी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
नाबालिग घरेलू सहायिका को प्रताड़ित करने के आरोप में डॉक्टर की पत्नी गिरफ्तार
असम के डिब्रूगढ़ में पुलिस ने एक डॉक्टर की पत्नी को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि वह अपनी नाबालिग घरेलू सहायिका को प्रताड़ित करती है। डिब्रूगढ़ थाने के प्रभारी राजू बहादुर छेत्री ने बताया कि पड़ोसियों ने शिकायत की थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद डॉक्टर पति फरार है।
रिश्वत मांगने के आरोप में सीपीडब्ल्यूडी का अफसर गिरफ्तार
सीबीआई ने रिश्वत लेने के आरोप में देहरादून स्थित सीपीडब्ल्यूडी के एक सहायक अभियंता संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई को शिकायत मिली की देहरादून के सीमाद्वार में एक आवासीय कॉलोनी में निर्बाध निर्माण की अनुमति देने के एवज में अफसर ने कथित तौर पर 5.5 लाख रुपये की मांग की है। मामले में जाल बिछाया गया और सीबीआई के अधिकारियों ने आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
नॉर्थ ब्लॉक में लगी मामूली आग
रायसीना हिल्स स्थित नॉर्थ ब्लॉक में मंगलवार को मामूली आग लग गई। राहत की बात यह है कि आगजनी के कारण कोई भी घायल नहीं हुआ है और न ही कोई फाइल क्षतिग्रस्त हुई। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। सीआईएसएफ, सीपीडब्ल्यूडी और दिल्ली अग्निशमन सेवा के संयुक्त प्रयासों से आग पर 20 मिनट में ही काबू पा लिया गया।
मलाड में आठ मंजिला इमारत में लगी आग
मुंबई के मलाड में स्थित आठ मंजिला एक इमारत में आग लग गई, जिस वजह से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 14 लोग झुलस गए हैं। घायलों में एक बच्चा और कुछ बुजुर्ग भी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि आग सुबह करीब 9:48 बजे लगी थी। हालांकि आग पर 10 मिनट से भी कम समय में काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी हो सकता है।