फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: राहुल गांधी और कमला हैरिस ने फोन पर की बातचीत, गोल्डन सैंड मास्टर बने सुदर्शन पटनायक

Fri, 12 Jul 2024 12:40 PM IST
विशांत श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

राहुल गांधी और कमला हैरिस ने फोन पर की बातचीत। ईडी के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 9 जुलाई को उसकी तरफ से हरियाणा और पंजाब में 14 स्थानों पर छापेमारी कर 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। तमिलनाडु के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी की रिमांड बढ़ी। सिक्किम सरकार का बड़ा फैसला, कर्मचारियों को मिलेगी दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी।
विज्ञापन
बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी और कमला हैरिस ने फोन पर की बातचीत

विज्ञापन

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने गुरुवार को फोन पर बातचीत की है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इसका पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह इस साल के अंत में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों से पहले की बात है। सूत्रों ने बताया डेमोक्रेटिक पार्टी में चर्चा है कि भारतीय और अफ्रीकी मूल की कमला हैरिस डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती देने के लिए आगे आ सकती हैं। क्योंकि हाल ही में जो बाइडन के राष्ट्रपति चुनाव के डिबेट में डोनाल्ड ट्रंप के सामने लड़खड़ा गए थे। इसके बाद से जो बाइडन की उम्मीदवारी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सिक्किम सरकार का कर्मचारियों को बड़ा तोहफा
सिक्किम की प्रेम सिंह तमांग सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी का एलान किया है। मामले में कार्मिक विभाग की तरफ से गुरुवार को जारी एक पत्र में राज्य सरकार ने कहा कि वह कर्मचारियों को आराम करने के लिए अतिरिक्त समय देगी। वहीं राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों से सुबह 10 बजे से सुबह 4.30 बजे तक काम के घंटों का सख्ती से पालन करने को भी कहा है। सरकार की तरफ से ये साफ किया गया है कि अगर कोई भी कर्मचारी सुबह 10.30 बजे के बाद आता पाया गया या बिना वैध आधिकारिक कारणों के शाम 4.30 बजे से पहले ड्यूटी से चला गया तो उसका आधा दिन का अनौपचारिक छुट्टी काट ली जाएगी। सरकार ने विभागीय प्रमुखों से कर्मचारियों की उपस्थिति की औचक जांच करने को भी कहा है।

आंध्र प्रदेश में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नौ साल की बच्ची की हत्या

आंध्र प्रदेश के नांद्याला जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक स्कूल के तीन नाबालिग लड़कों ने नौ साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और उसकी निर्मम हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया। घटना रविवार को पगिडयाला मंडल के मुच्चुमरी गांव की है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पीड़िता तीसरी कक्षा की छात्रा थी, जबकि दो आरोपी (12 साल) छठी कक्षा के छात्र हैं और तीसरा आरोपी (13 साल) सातवीं कक्षा का छात्र है। सभी एक ही स्कूल में पढ़ते थे।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा, रविवार शाम को पीड़िता पार्क में खेल रही थी। उसके बाद वह लापता हो गई। बाद में पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया, जिसकी मदद से वह आरोपियों तक पहुंची। उन्होंने कहा, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म और हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। मामले की जांच जारी है।

राहुल गांधी की हुंकार- मणिपुर मुद्दे को संसद में पूरी ताकत से उठाएगा विपक्षी गठबंधन INDIA

लोकसभा में राहुल गांधी - फोटो : संसद टीवी
18वीं लोकसभा के गठन के बाद नेता प्रतिपक्ष बने राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन मणिपुर में शांति की मांग को पूरी ताकत के साथ संसद में उठाते हुए सरकार पर इस त्रासदी को खत्म करने का दबाव बनाएगा। राहुल ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि मणिपुर की स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। राज्य दो टुकड़ों में बंटा हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य का दौरा कर लोगों की तकलीफ सुननी चाहिए।

राहुल ने गत सोमवार को मणिपुर का दौरा कर हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने इस दौरे का एक वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच पर साझा किया। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से आरंभ हो रहे संसद के मानसून सत्र में मणिपुर का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने वीडियो साझा करते हुए लिखा, मणिपुर में हिंसा शुरू होने के बाद, मैं तीसरी बार यहां आ चुका हूं, मगर अफसोस स्थिति में कोई सुधार नहीं है। उन्होंने कहा, घर जल रहे हैं, मासूम जिंदगियां खतरे में हैं और हजारों परिवार राहत शिविरों में जीवन काटने पर मजबूर हैं। वीडियो के मुताबिक, जब राहुल गांधी ने महिलाओं के एक समूह के समक्ष सवाल किया कि हिंसा क्यों शुरू हुई तो उन्होंने कहा कि गलतफहमी के कारण शुरू हुई और इस हिंसा से किसी का फायदा नहीं है।

स्मृति ईरानी समेत चार पूर्व मंत्रियों ने खाली किया सरकारी आवास

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लुटियंस दिल्ली में अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रियों को बंगलों के आवंटन पर बृहस्पतिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा से 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से हारने के कुछ सप्ताह बाद ईरानी ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक स्मृति ईरानी के अलावा तीन अन्य पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने भी बंगला खाली कर दिया है।

25 हजार करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में कंपनी निदेशक गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 25 हजार करोड़ रुपये की बैंक कर्ज धोखाधड़ी मामले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत एक दिवालिया ऑटोमोटिव उपकरण निर्माण कंपनी के निदेशक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि एमटेक समूह के प्रवर्तक व निदेशकों में एक अरविंद धाम को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था। अरविंद को बुधवार को दिल्ली की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।

अरुणाचल की फेमस व्लॉगर पूकूमोन की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत
डिजिटल दुनिया में 'पूकूमोन' के नाम से मशहूर लोकप्रिय अरुणाचली व्लॉगर रूपची टाकू का गुरुवार शाम अपने किराये के घर की चौथी मंजिल से गिरने के बाद 26 साल की उम्र में निधन हो गया।

इटानगर के पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि टाकू को आरके मिशन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और उप-निरीक्षक इंया तातो को मामले की पूरी जांच का काम सौंपा है।

सिंह ने कहा, 'किसी साजिश का संदेह नहीं है और मामला महज हादसा प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि ताकू चश्मा लगाती थीं और हो सकता है कि कम दिखने के चलते गलती से बालकनी से गिर गई हो।

पाटन में बस और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत, दो घायल
गुजरात के पाटन जिले में शुक्रवार तड़के राज्य परिवहन की एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

पाटन जिले के पुलिस अधीक्षक रवींद्र पटेल ने बताया कि हादसा राधनपुर कस्बे के खारी पुल के पास देर रात करीब दो बजे हुआ। उन्होंने बताया कि बस में कुछ ही यात्री सवार थे। बस आनंद से कच्छ की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। हादसे में मरने वालों में बस का ड्राइवर, कंडक्टर और ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर शामिल हैं। मामूली रूप से बस में सवार घायल दो यात्रियों को पाटन के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

ट्रक के चालक और क्लीनर की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि पुलिस ने अन्य दो मृतकों पहचान कनुजी और लालाभाई ठाकोर के रूप में हुई। 

गुजरात में एक की परिवार के चार लोगों ने की आत्महत्या
गुजरात के जामनगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने 10 जुलाई को भानवाड़ में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आगे की जांच जारी है। 

गोवा में महिला पर्यटक के साथ दुर्व्यवहार करने वाले IPS की हुई बहाली
गोवा में पिछले साल एक महिला पर्यटक के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किए गए IPS अधिकारी ए. कोआन को बहाल कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी कोआन का तबादला अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में किया गया है। कोआन को पिछले साल अगस्त में उत्तरी गोवा के एक बीच क्लब में महिला पर्यटक के साथ दुर्व्यवहार करने पर निलंबित कर दिया गया था। वहीं बहाली के आदेश में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया है कि कोआन के खिलाफ हुई जांच में पाया गया है कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और न ही उनके खिलाफ कोई आपराधिक कार्यवाही या न्यायिक जांच लंबित है।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी का एक्शन, 14 जगहों से 40 करोड़ बरामद
प्रवर्तन निदेशालय ने जानकारी दी है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 9 जुलाई को विभाग की तरफ से हरियाणा और पंजाब में 14 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस छापेमारी के दौरान 40 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक लॉकर, डीमैट खाते और 16.38 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी जब्त की है। हरियाणा राज्य के आबकारी एवं कराधान विभाग के तीन अधिकारियों और सिंडिकेट के सदस्यों महेश बंसल, पदम बंसल, अमित बंसल, मोनिल बंसल, ऋषि गुप्ता, हरीश बियाणी और अन्य के व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की गई। जिन्होंने बिना किसी माल की आवाजाही के कर योग्य वस्तुओं की झूठी अंतरराज्यीय बिक्री का दावा करने के लिए फर्जी फर्म बनाईं थी।

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी की बढ़ी रिमांड 
चेन्नई में एक सत्र अदालत ने शुक्रवार को तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की रिमांड 16 जुलाई तक बढ़ा दी, जिन्हें पिछले साल ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले के बालाजी को प्रवर्तन निदेशालय ने 14 जून, 2023 को गिरफ्तार किया था। बता दें कि प्रधान सत्र न्यायाधीश एस. अल्ली ने सेंथिल बालाजी की न्यायिक हिरासत 16 जुलाई तक बढ़ा दी। इस दौरान अभियोजन पक्ष ने केंद्रीय पुझल जेल से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सेंथिल बालाजी को पेश किया था। इसके अलावा, न्यायाधीश ने बालाजी की तरफ से दायर एक याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें वर्तमान कार्यवाही को स्थगित करने और मामले को बाद की तारीख तक स्थगित करने की मांग की गई थी।

फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते पकड़े जाने पर शख्स पर केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने इंडिगो की फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि 8 जुलाई को रात 9 बजे कोयंबटूर-मुंबई फ्लाइट में शख्स को ई-सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया था। उन्होंने बताया कि यात्री कनिष्क सिंह राजपूत ने ई-सिगरेट पीने की बात स्वीकार की है। जिसे मुंबई में हिरासत में लिया गया और एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विमान नियमों के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

पश्चिम बंगाल में स्कूल परिसर में पेड़ पर बिजली गिरी, 15 बच्चे बीमार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में गुरुवार को एक स्कूल परिसर के अंदर एक पेड़ पर बिजली गिरने से 15 बच्चे बीमार पड़ गए। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला डोकमल के भागीरथपुर का है। जहां जब पेड़ पर बिजली गिरी तो चमक और बिजली की आवाज के कारण बच्चे बीमार पड़ गए। जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अभी बच्चों की हालत स्थिर है।

TMC नेता ने अपनी ही पार्टी के नेता पर धमकी देने का आरोप लगाया
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और विधायक मदन मित्रा ने एक अन्य टीएमसी नेता पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार पार्टी नेता जयंत सिंह के खिलाफ बोलने पर उन्हें धमकी भरा फोन आया। मदन मित्रा के मुताबिक फोन पर उनसे कहा गया कि अगर उन्होंने जयंत और उनके गिरोह के खिलाफ बोलना बंद नहीं किया तो गोली मार दी जाएगी। टीएमसी नेता ने इस मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि एक दिन पहले वयोवृद्ध पार्टी सांसद सौगत रॉय ने भी इसी तरह की धमकी भरे फोन आने की शिकायत की थी। रॉय के मुताबिक फोन करने वाले ने कहा कि अगर जयंत सिंह की जल्द रिहाई नहीं हुई तो उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अरियादाह में बीते 30 जून को हिंसा भड़की थी। टीएमसी नेता जयंत सिंह भीड़ की हिंसा के इस मामले में मुख्य संदिग्ध हैं। पुलिस ने उन्हें पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। जयंत पर कॉलेज छात्र और उसकी मां पर हमला करने का आरोप है।

कोलकाता: बनियान फैक्टरी में लगी भीषण आग, दस घंटे बाद पाया काबू
कोलकाता के दमदम इलाके में गुरुवार की देर रात बनियान बनाने की एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। पुलिस ने बताया कि जेसोर रोड पर नागेरबाजार में देर रात तीन बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस के मुताबिक, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसे बुझाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियों को लगाया गया। करीब दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 

मुंबई: सीएसएमटी स्टेशन पर छज्जे का हिस्सा गिरा
मुंबई के सबसे बड़े रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की छत का एक छोटा हिस्सा शुक्रवार को गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 5:45 बजे छज्जे का एक हिस्सा टूटकर प्लेटफॉर्म 6 और 7 के बीच छत पर गिर गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वे संरचना के अन्य हिस्सों का निरीक्षण कर रहे हैं और उन्हें मजबूत कर रहे हैं ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। सीएसएमटी मुंबई के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में हैं। लाखों यात्री रोजाना यहां से गुजरते हैं।

गुजरात में आईएफएस अधिकारी ने की आत्महत्या
गुजरात कैडर के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी ने शुक्रवार तड़के गुजरात के दाहोद शहर में अपने घर पर रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मामले में दाहोद जिले के पुलिस अधीक्षक राजदीपसिंह जाला ने बताया कि आर. एम. परमार ने सुबह करीब पांच बजे अपने घर पर अपनी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। अधिकारी ने बताया, कि परमार ने अपनी रिवॉल्वर से आत्महत्या कर ली। उन्होंने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक परमार राज्य वन सेवा में रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर के तौर पर शामिल हुए थे और 2022 में उन्हें आईएफएस ऑफिसर के तौर पर पदोन्नत किया गया। 

असम- ट्रेन की चपेट में आने से हाथी की मौत, मंत्री ने की जांच की मांग
असम के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री पीयूष हजारिका ने राज्य पर्यावरण मंत्री चंद्र मोहन पटवारी को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने मोरीगांव में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक हाथी की मौत की हालिया घटना की जांच के लिए अनुरोध किया है।

 

जाने-माने इतिहासकार रफत कुरैशी का निधन
महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले प्रख्यात इतिहासकार और उर्दू लेखक रफत कुरैशी का शुक्रवार को कनाडा में 78 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। परिजनों के अनुसार कि वह पिछले कई वर्षों से ओंटारियो में रह रहे थे और पिछले तीन-चार महीनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कुरैशी ने औरंगाबाद के इतिहास और शहर के धरोहर स्मारकों पर विस्तार से लिखा, जिसमें 'मुल्क-ए खुदे तंगनीस्त' नाम की यात्रा-वृत्तांत भी शामिल है। इस यात्रा-वृत्तांत में अजंता व एलोरा की गुफाओं और मुगल बादशाह औरंगजेब के बनवाए किला-ए-अर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है। 'औरंगाबाद नामा' हाल ही में प्रकाशित हुई है, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी दुलारी कुरैशी के साथ मिलकर लिखा था।

कोलकाता में पर्यटन मेले का आगाज, 10 देशों और 26 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार को यात्रा और पर्यटन मेला (टीटीएफ) का आगाज हुआ। इसमें 10 देशों और भारत के 26 राज्यों के 450 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। मेले के आयोजक फेयरफेस्ट मीडिया के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि टीटीएफ में भाग लेने वाले देशों में श्रीलंका, बांग्लादेश, मॉरीशस और थाईलैंड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि असम, बिहार, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और अन्य राज्यों के पर्यटन बोर्ड इस वार्षिक मेले में शामिल हो रहे हैं। मिलन मेला ग्राउंड में मेले के उद्घाटन के अवसर पर संजीव अग्रवाल ने दावा किया कि इस साल प्रदर्शनी स्थल ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मेले में 10 देशों और भारत के 26 राज्यों के 450 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है।
विज्ञापन

गोल्डन सैंड मास्टर बने सुदर्शन पटनायक, बनाई थी भगवान की ये मूर्ति
भारत के प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने रूस में हुई अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में गोल्डन सैंड मास्टर पुरस्कार जीता। अंतरराष्ट्रीय रेत मूर्तिकला चैंपियनशिप 4 से 12 जुलाई तक सेंट पीटर्सबर्ग के प्रतिष्ठित पीटर और पॉल किले में हुई। इसमें दुनियाभर के 21 प्रमुख मूर्तिकारों ने शिरकत की। वहीं जीत के बाद सुदर्शन पटनायक ने कहा कि मैं अंतरराष्ट्रीय रेत मूर्तिकला चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के साथ गोल्डन सैंड मास्टर पुरस्कार जीतकर वास्तव में बहुत खुश हूं। यह बहुत गर्व की बात है कि मेरी रेत कला को प्रशंसा मिली। उन्होंने 12 फीट की एक मूर्ति बनाई थी जिसमें एक रथ और भगवान जगन्नाथ को उनके भक्त बलराम दास के साथ दिखाया गया था। बलराम दास 14वीं शताब्दी के प्रसिद्ध उड़िया कवि थे। उन्होंने कहा कि मेरा सपना था कि मैं विदेशी धरती पर महाप्रभु जगन्नाथ और रेत कला के संस्थापक बलराम दास की रेत मूर्ति बनाऊं। पुरी में विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा चल रही है। इसलिए, महाप्रभु के आशीर्वाद से मैंने इस चैंपियनशिप के दौरान महाप्रभु जगन्नाथ का रेत का रथ बनाया है। पद्मश्री पटनायक ने दुनियाभर में 65 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेत कला चैंपियनशिप और महोत्सवों में हिस्सा लिया है और देश के लिए प्रशंसा अर्जित की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें