फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे की सुरक्षा बढ़ाई गई; ओडिशा के पूर्व विधायक आदित्य माधी का निधन

Thu, 04 Jul 2024 01:46 PM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मंत्री शंभूराज देसाई ने बृहस्पतिवार को विधानसभा को बताया कि मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनकी सुरक्षा में चार सशस्त्र कर्मी तैनात किए गए हैं। जालना जिले के अंतरवाली सराती में जरांगे के निवास स्थान की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के बारे में देसाई ने कहा कि मामले की जांच के लिए स्थानीय पुलिस अधीक्षक ने तीन टीम गठित की हैं। विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने मंगलवार को ड्रोन निगरानी का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस नेता ने कहा था कि कार्यकर्ता की जान को खतरा हो सकता है और सरकार को उन्हें सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। देसाई ने विधानसभा में बताया था, जरांगे को पहले भी सशस्त्र सुरक्षा प्रदान की गई थी। यदि जरूरत पड़ी तो सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

विज्ञापन


मेडिकल परीक्षा के प्रश्नपत्रों की बिक्री का एलान सोशल मीडिया पर, केरल पुलिस ने मामला दर्ज किया
केरल साइबर पुलिस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक घोषणा के बाद मामला दर्ज किया कि विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा (FMGE) के प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी बिक्री के लिए हैं। विदेश में MBBS की पढ़ाई पूरी करने के बाद, जो लोग भारत में प्रैक्टिस करना चाहते हैं, उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित FMGE परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक है। राज्य पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया  कि तिरुवनंतपुरम में सिटी साइबर क्राइम पुलिस ने उन समूहों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिन्होंने टेलीग्राम समूहों पर 6 जुलाई की परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की बिक्री का विज्ञापन दिया था। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि मामला सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत दर्ज किया गया था, जो इस कानून के तहत दर्ज होने वाला राज्य में अपनी तरह का पहला मामला है।

पूर्व विधायक आदित्य माधी का निधन
ओडिशा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता आदित्य माधी का 50 साल की उम्र में यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। 2019 में वह मलकानगिरी विधानसभा सीट से चुने गए थे। हालांकि, इस बार भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने माधी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। माझी ने विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी और कई मंत्रियों के साथ विधानसभा परिसर में दिवंगत आत्मा को अंतिम श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि माधी कोविड से संक्रमित हुए थे लेकिन ठीक हो गए। हालांकि, उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वह अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे। वह मलकानगिरी के लोकप्रिय नेता थे और पार्टी को मजबूत करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
विज्ञापन


राजकोट में सीजीएसटी इंस्पेक्टर पर रिश्वतखोरी का आरोप, सीबीआई ने गिरफ्तार किया
गुजरात के राजकोट में गुरुवार को सीबीआई ने एक केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) इंस्पेक्टर को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि नवीन धनखड़ ने एक स्थानीय फर्म पर कानून के अनुसार कारोबार नहीं करने का आरोप लगाकर उससे रिश्वत मांगी। केंद्रीय जांच ब्यूरो के मुताबिक फर्म से कोई माल बाहर नहीं भेजा जा रहा था। इसके बाद सीजीएसटी इंस्पेक्टर ने 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी और फर्म का जीएसटी नंबर रद्द करने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और धनखड़ को 2.5 लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। सीबीआई राजकोट में आरोपी से जुड़े परिसरों की तलाशी ले रही है।

 मिड-डे मील के पैकेट में मिला मरा हुआ सांप, अभिभावकों का दावा 
पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक 'आंगनवाड़ी' या सरकारी नर्सरी स्कूल में बच्चों के लिए बने मध्याह्न भोजन के पैकेट में कथित तौर पर एक छोटा मरा हुआ सांप पाया गया। राज्य आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ की उपाध्यक्ष आनंदी भोसले ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कथित घटना की सूचना सोमवार को एक बच्चे के माता-पिता ने दी थी, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जिला अधिकारियों से संपर्क नहीं किया जा सका।

उन्होंने कहा कि छह महीने से तीन साल की उम्र के बच्चों को आंगनबाड़ियों में मध्याह्न भोजन के पैकेट, दाल खिचड़ी का प्रीमिक्स मिलता है। सोमवार को पलुस में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भोजन के पैकेट वितरित किए गए। जिसके बाद एक बच्चे के माता-पिता ने बुधवार को दावा किया कि उन्हें जो पैकेट मिला, उसमें एक छोटा मरा हुआ सांप मिला। इसके बाद आंगनवाड़ी 'सेविका' (महिला कार्यकर्ता) ने अधिकारियों को घटना की सूचना दी।

उन्होंने कहा कि सांगली जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप यादव और खाद्य सुरक्षा समिति के अन्य अधिकारियों ने आंगनवाड़ी का दौरा किया और पैकेट को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए ले जाया गया।

गोवा में सब-इंस्पेक्टर ने महिला को पीटा, जूते चाटने को किया मजबूर
गोवा पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने एक महिला के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसे उसके जूते चाटने पर भी मजबूर किया। पीड़िता के आरोपों पर मडगांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

आप विधायक वेन्जी विगास ने इस सिलसिले में मंगलवार को महिला शिकायतकर्ता के साथ पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनीता सावंत से मुलाकात की। शिकायत के मुताबिक, 22 जून को बेनाउलिम और नुवेम की सीमा पर एक सड़क दुर्घटना में उनका (महिला और उसके पति) एक ट्रक चालक के साथ झगड़ा हो गया था। हालांकि, इस विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया था, लेकिन एक घंटे बाद कोलवा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर ने उन्हें उसी स्थान पर बुलाया और बेरहमी से पिटाई की। यही नहीं, उन्हें अपने जूते चाटने के लिए भी मजबूर किया।
 

एअर इंडिया का रिकॉर्ड, हर 36वां लगेज होता है गायब
एअर इंडिया निजी एयरलाइंस होने के बाद भी नहीं सुधर पा रही है। पूरी दुनिया भर में यात्रियों का लगेज गायब होने का रिकॉर्ड इसने बनाया है। एक सर्वे के मुताबिक, एअर इंडिया का हर 36वां लगेज उसके यात्रियों को लगेज बेल्ट पर नहीं मिल पाता है। लगेज लासर्स के आंकड़ों के अनुसार, भारत में सभी एयरलाइंस को देखें तो हर 72वां सामान गायब हो जाता है। सामान खोने की रैंकिंग में पहले स्थान पर एअर इंडिया के बाद वेस्ट जेट एयरलाइंस और एर लिंगस हैं। ब्रिटेन की सरकारी विमानन कंपनी ब्रिटिश एयरवेज से पिछले 30 दिनों में 72,594 लगेज खोया है। इस मामले में यह चौथे स्थान पर है। 

सैनिकों के आवागमन के लिए खरीदीं 113 इलेक्ट्रिक बस
सैनिकों के आवागमन के लिए भारतीय सेना ने 113 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी हैं। सेना 40 सीटों वाली इन बसों को मुख्य रूप से मैदानी और अर्ध-पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात करेगी। ये बसें 250 किलोमीटर के दायरे में फेरे लगाएंगी। अभी इनका परीक्षण किया जा रहा है। सेना की यह खरीद सरकार के शून्य-कार्बन उत्सर्जन के निर्देशों के मुताबिक है। भारतीय सशस्त्र बलों का पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों की दिशा में उठाया गया यह अहम कदम है। 

प्रोफेसर ने मां के सामने ही कर दिया बुजुर्ग पिता का कत्ल
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक सिरफिरे लॉ कॉलेज के प्रोफेसर ने अपनी मां के सामने ही बुजुर्ग पिता की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना बुधवार तड़के मंचेश्वर थाना क्षेत्र के कलारहंगा में हुई। पुलिस ने आरोपी अनिरुद्ध चौधरी (38) को गिरफ्तार कर लिया है। भुवनेश्वर के डीसीपी प्रतीक सिंह ने कहा, सुनील चौधरी नाल्को के सेवानिवृत्त अधिकारी थे। अनिरुद्ध ने उनके सीने और पेट में कई बार चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी जान चली गई। 

ईडी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत  3 लोगों को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ईडी ने बुधवार को कहा, इन पर एनसीएलटी से एक दिवालिया कंपनी का नियंत्रण वापस हासिल करने का आरोप है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने उन्हें 9 जुलाई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। 

पीएम मोदी और बंगाल की मुख्यमंत्री ने विवेकानंद की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को स्वामी विवेकानंद को उनकी 122वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। कहा कि वह महान देशभक्त संत थे, जिन्होंने हमें बिना किसी भेदभाव के अपने धर्म और देश से प्रेम करना सिखाया।

ममता बनर्जी ने कहा, 'आज स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें याद कर रही हूं। महान देशभक्त को मेरी श्रद्धांजलि, जिन्होंने हमें सांप्रदायिक या किसी भेदभाव के बिना अपने धर्म और देश से प्यार करना सिखाया।'

स्वामी विवेकानंद का निधन चार जुलाई, 1902 को हुआ था। उन्होंने जनता के आध्यात्मिक ज्ञान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पश्चिम में वेदांत दर्शन का प्रसार किया और गरीबों की सेवा के लिए रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की।
 
विज्ञापन

शिवसेना (यूबीटी) में शामिल हुए वसंत मोरे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पूर्व नेता वसंत मोरे गुरुवार को शिवसेना (यूबीटी) में शामिल हुए। मोरे ने प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के टिकट पर पुणे से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने पार्टी में उनका स्वागत किया।  

इससे पहले राउत ने दोपहर में कहा था कि आम चुनावों से ठीक पहले मनसे छोड़ने वाले मोरे शिवसेना (यूबीटी) में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव में मोरे को सिर्फ 32,012 वोट मिले थे और उनकी जमानत जब्त हो गई थी। इस सीट पर भाजपा के मुरलीधर मोहोल ने जीत दर्ज की थी, जिन्हें बाद में केंद्रीय मंत्री बनाया गया।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें