लक्ष्मण प्रसाद आचार्य बने असम के नए राज्यपाल
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंगलवार को असम के नए राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। उन्हें गुलाब चंद कटारिया के स्थान पर नियुक्त किया गया है। बता दें कि गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक बनाया गया है। गुवाहटी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई ने आचार्य को शपथ दिलाई। शपथ समारोह में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत अन्य मंत्री भी मौजूद थे।
ठाणे में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में चार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक कोलकाता का रहने वाला था। मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शव 24 जुलाई को झाड़ियों के पास पाया गया था। मृतक की पहचान शोविक गौर श्रीमानी के तौर पर की गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते बुधवार की सुबह पांच बजे पीड़ित एक कार वॉशिंग सर्विस सेंटर के पास आया। चारों आरोपी पहले से ही वहां मौजूद थे। चारों ने पीड़ित को चोर समझकर पीटने लगे। उन्होंने पीड़ित को एक ऑटोरिक्शा में बैठने के लिए मजबूर किया और फिर उसे धक्का मार दिया। पुलिस की टीम ने कई सुरागों पर काम करते हुए चारों आरोपियों का पता लगा लिया। चारों आरोपियों की पहचान सुल्तान महमूद शेख, रितेश राजेंद्र प्रसाद राजभर, आकाश शरद भोईर और जितेश भोईर के तौर पर की गई है।
सेंट्रल मुंबई में गैस लीक के कारण जाल झुलसे
महाराष्ट्र में सेंट्रल मुंबई के लालबाग इलाके में एक आवासीय इमारत में गैस लीक के कारण दो बच्चों समेत चार लोग जल गए। यह घटना मेघवाड़ी बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर में सुबह के 5.10 बजे घटी। गैस सिलेंडर में लीक के कारण सुबह के साढ़े पांच बजे आग लगी। अधिकारी ने बताया कि 10 साल के दो बच्चे 15-20 फीसदी तक जल गए। वहीं एक महिला 70-90 फीसदी तक जल गई। 27 वर्षीय एक व्यक्ति 60-70 फीसदी तक जल गया। चारों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मणिपुर में भूस्खलन के बाद एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत
मणिपुर के तमेंगलोंग जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। यह घटना सोमवार को डिमथांगलोंग गांव में घटी। भूस्खलन में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें इंफाल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि पिछले 24 घंटों से मणिपुर में भारी बारिश हो रही है।
ठाणे में पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के उल्हासनगर में एक आभूषण की दुकान में डकैती के प्रयास को नामाक करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान पांच लोगों को अंबरनाथ के खोनी रोड पर संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। उनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से पिस्तौल, चाकू और एक नाइलन की रस्सी और मिर्च पाउडर बरामद किया। आरोपियों की पहचान युवराज नवनाथ पवार, राहुल विलास गायकवाड़, वासुदेव दुर्गाचरण फकीरा, कल्पेश शांताराम बाविस्कर और अजय जयराज पिल्लई के तौर पर की गई है।
मुंबई में रस्सी की सीढ़ी में उलझने से सात साल की बच्ची की मौत
महाराष्ट्र के मुंबई में अपने घर में भाई-बहनों के साथ खेलते समय रस्सी की सीढ़ी में उलझने से सात साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। यह घटना रविवार को शिवाजी नगर इलाके में घटी। एक अदिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर को माता-पिता के किसी कार्य से घर से बाहर जाने पर आकृति सिंह अपने भाई-बहनों और एक दोस्त के साथ लुका-छिपी का खेल खेल रही थी। इस दौरान रस्सी की सीढ़ी उसके गले में उलझ गई। उसकी बड़ी बहन ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद पड़ोसियों ने बच्ची को एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल में इलाज के शुरू होने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
चंद्र कुमार बोस ने नेताजी के अवशेष को भारत वापस लाने की अपील की
महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नेताजी से जुड़े अवशेष को टोक्यो के रेंकोजी मंदिर से भारत वापस लाने का आग्रह करें। उन्होंने राहुल गांधी और खरगे को अलग-अलग चिट्ठियों में इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। चंद्र कुमार बोस ने पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर भी दबाव डालने की अपील की। पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष ने भी इस मामले में मंगलवार को पीएम मोदी को पत्र लिखा।
आंध्र प्रदेश में एक बस चालक ने की महिला के साथ दुष्कर्म
आंध्र प्रदेश के निर्मल जिले में एक प्राइवेट स्लीपर बस के चालक ने एक 26 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किया। महिला ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने बस को रोका। हालांकि, इस दौरान बस चालक मौके से फरार हो गया। उसने महिला के मुंह पर कंबर डालकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के दौरान जो व्यक्ति बस चला रहा था, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। महिला को अस्पताल में भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अवैध तरीके से कर्नाटक में रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों पर राज्य गृह मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि राज्य में अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत केंद्र भेजा जाएगा। उनका यह बयान भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बसावराज बोम्मई के उस बयान के एक दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगलूरू में बांग्लादेशी नागरिकों का अवैध प्रवास राज्य और राष्ट्र दोनों के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि पुलिस बांग्लादेश से कर्नाटक आने वालों की पहचान करेगी। अगर उनके पास वैध दस्तावेज नहीं होगा, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर हिरासत केंद्र भेज दिया जाएगा।
सेंथिल बालाजी की रिमांड दो अगस्त तक बढ़ी
तमिलनाडु में एक सत्र अदालत ने मंगलवार को पूर्व राज्य मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की रिमांड दो अगस्त तक बढ़ा दी। सत्र के जज एस. अल्ली के समक्ष अभियोजन पक्ष द्वारा सेंथिल बालाजी को यहां केंद्रीय पुझल जेल से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। जज ने उनकी न्यायिक हिरासत दो अगस्त तक बढ़ा दी। बालाजी के पिछले साल प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।
अधीर रंजन ने पश्चिम बंगाल कांग्रेस समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया: बोले गुलाम अहमद मीर
अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल कांग्रेस समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। एआईसीसी के राज्य प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर ने इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया जारी है। मीर ने कहा, वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हुई। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी उस ब्रीफिंग में उपस्थित थे। मैंने सभी को सूचित किया कि आपको मालूम होना चाहिए कि चुनाव के बाद ही अधीर रंजन जी ने अपना इस्तीफा दे दिया था। अब आपको 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की आगे की रणनीति पर अपने विचार रखने चाहिए।
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने ली असम के राज्यपाल पद की शपथ
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने असम के राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली है। उन्होंने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किए गए गुलाब चंद कटारिया का स्थान लिया है। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई ने मंगलवार को आचार्य को पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा समेत अन्य मंत्री और गणमान्य मौजूद थे। 59 वर्षीय आचार्य के पास मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी है। इससे पहले वे सिक्किम के राज्यपाल के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
ओडिशा में संयुक्त आबकारी आयुक्त के पास 52 भूखंड, 6 इमारतें मिलीं
ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता विभाग ने संयुक्त आबकारी आयुक्त राम चंद्र मिश्र के पास बेहिसाब संपत्ति का पता लगाया है। विभाग को मिश्र के पास आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी।
सतर्कता विभाग की टीम ने सोमवार को संयुक्त आबकारी आयुक्त से जुड़े 10 ठिकानों पर छापा मारा। इसमें मिश्र और उनके परिवार के सदस्यों के कब्जे में छह बहुमंजिला इमारतें, 52 भूखंड, लगभग 230 ग्राम सोना और अन्य सामान मिला। इन संपत्तियों के स्रोत का पता लगाने के लिए मिश्र से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शेयर, म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों में प्रीमियम के रूप में निवेश का आकलन भी किया जा रहा है।
सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अभी और अधिक संपत्ति पाए जाने की संभावना है और कुल मूल्यांकन बढ़ने की उम्मीद है। आबकारी विभाग में 30 साल पहले सब-इंस्पेक्टर के रूप में भर्ती होने वाले मिश्र प्रमोशन पाकर संयुक्त आयुक्त के पद पर पहुंच गए थे। वह आठ महीने में सेवानिवृत्त होने वाले थे। मिश्र ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने गैरकानूनी तरीके से संपत्तियां नहीं जमा की है। गौरतलब है कि अभी दो दिन पहले ही सतर्कता विभाग ने एक इंजीनियर के पास 34 भूखंड और कई मकान होने का खुलासा किया था।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में अपने चार साल के सौतेले बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिलशाद के तौर पर की गई है, जिसे सोमवार की रात को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत गिरफ्तार किया गया। अपने पहले पति से अलग होने के बाद लड़के की मां ने आरोपी से शादी की थी। शादी के बाद महिला अपने बेटे को कोलकाता से लेकर आई। पुलिस के अनुसार, महिला का दूसरा पति उसके पिछली शादी से हुए बच्चे के बारे में अनजान था।
सौतेले बेटे के बारे में जानने के बाद आरोपी और महिला के बीच परेशानी शुरू हुई। दिलशाद अपने सौतेले बेटे से खुश नहीं था। उसने बच्चे की जिम्मेदारी उठाने से मना कर दिया। बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने दुर्घटना में मृत्यु का मामला दर्ज किया। ऑटोप्सी रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के साथ कई बार शारीरिक अत्याचार किया गया था। यह भी पता चला कि बच्चे की पसलियां और हड्डियां भी टूटी हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
गंभीर कदाचार मामले में ओडिशा सरकार ने डीआईजी उत्तमराव को किया निलंबित
ओडिशा की भाजपा सरकार ने गंभीर कदाचार मामले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंडित राजेश उत्तमराव को निलंबित कर दिया है। 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी उत्तमराव, अग्निशमन सेवा एवं होमगार्ड्स विभाग में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर कार्यरत थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, एक शिकायत मिली है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उत्तमराव ने पिछले शनिवार (27 जुलाई) की रात अपने पद का दुरुपयोग कर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई। अपनी चार दिवसीय दिल्ली यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार शाम इस पर संज्ञान लिया और दोषी उत्तमराव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अनुशासनात्मक कार्रवाई तीन दिन पहले एक महिला इंस्पेक्टर के पति पर हमला करने के बाद की गई, जिसके साथ उत्तमराव का विवाहेतर संबंध था। रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएस अधिकारी ने नशे की हालत में महिला के घर में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की और शादी करने के लिए उसे बाहर खींचने की कोशिश की।