मुंबई में एक बिल्डिंग में लगी आग
मुंबई के चेंबूर इलाके की एक बिल्डिंग में आग लग गई। आग की सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
रिश्तेदर के शव को ले जा रहे चार लोगों को जीप ने मारी टक्कर
तेलंगाना के नालगोंडा जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार को एक बाइकर के शव को घर ला रहे उसके परिवार के चार लोगों को कोहरे के कारण एक जीप ने टक्कर मार दी। हालांकि, मरने वालों की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
निदामनूर पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर (एसआई) ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसा सुबह के चार बजे घटी। इस हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में ले जाया गया है। शवों का पोस्ट मॉर्टम कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक बाइकर 24 दिसंबर को वेम्पड गांव में अपनी मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहा था। जैसे ही वह चौराहे पर पहुंचा, दुर्घटना का शिकार हो गया और एक पैदल चल रहे यात्री को टक्कर मार दी। यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
लातूर में पुलिसकर्मियों ने मोटरसाइकिलों के साथ की तोड़फोड़
महाराष्ट्र के लातूर में एक गांव के बाहरी इलाके में दो पुलिसकर्मियों ने मोटरसाइकिलों के साथ तोड़फोड़ की। उनकी ये हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दो कॉन्स्टेबल को शिंदाला गांव के बाहरी इलाके में दो पहिला वाहनों पर तोड़फोड़ करते देखा गया। यह घटना 20 दिसंबर की है। इस मामले की जांच हो गई है और रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दिया गया है।
मुंबई में फीनिक्स मॉल में लगी आग
मुंबई के लोअर परेल इलाके में स्थित फीनिक्स मॉल में सोमवार की दोपहर 1:15 बजे आग लग गई, जिसमें 25-30 दो-पहिया वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दोपहर के करीब 1:40 बजे आग पर काबू पा लिया गया था।
दमकल वाहनों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मॉल की हाइड्रेंट लाइन का उपयोग करके आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
असम में 10 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवा बरामद, पांच लोग गिरफ्तार
असम के कछार जिले में सोमवार को 10 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवा याबा जब्त की गईं. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक खुफिया सूचना के आधार पर चलचपरा इलाके में असम-मिजोरम अंतर-राज्यीय सीमा पर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया और एक वाहन जब्त किया। उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान कई बक्से बरामद किए गए जिनमें याबा गोलियां रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने वाहन में सवार पांच लोगों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम बंगाल: मिठाई की दुकान में दो लोगों की दम घुटने से मौत
पश्चिम बंगाल में पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में एक मिठाई की दुकान में दम घुटने से कम से कम दो लोगों की सोमवार को मौत हो गई। दुकान में मौजूद छह अन्य लोग भी बेहोश मिले और फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना औद्योगिक शहर के बी-जोन इलाके में विलियम कैरी रोड पर स्थित मिठाई की एक दुकान में हुई। अधिकारी ने बताया कि दिनभर का काम पूरा करने के बाद दुकान के कर्मचारी दुकान के अंदर सो रहे थे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह दुकान के मालिक ने कर्मचारियों को बेहोश पाया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उनमें से दो की बाद में मौत हो गई जबकि छह अन्य का इलाज किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि दो लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई लेकिन इस बात का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि एलपीजी सिलेंडर से रिसाव हुआ था या दुकान में रखे तंदूर से निकले धुएं की वजह से उनकी मौत हुई। मृतकों की पहचान अतनु रुइदास और बिधान बाउरी के रूप में की गई है। हालांकि, अस्पताल के प्राधिकारियों ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में उल्फा (आई) का लिंकमैन घायल
असम के कामरूप (देहात) जिले में सोमवार को पुलिस की हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान गोलीबारी में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) का एक संदिग्ध 'लिंकमैन' घायल हो गया। कामरूप (देहात) के पुलिस अधीक्षक हितेश रॉय ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात को बैहता चरिअली इलाके में प्रांजल दास उर्फ भेलू के घर पर छापा मारा और संगठन का एक झंडा बरामद किया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि दास ने सोमवार को न्यू मार्केट इलाके में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई और वह घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसे इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि दास पिछले हफ्ते गुवाहाटी में गिरफ्तार किए गए उल्फा (आई) के एक अन्य 'लिंकमैन' अशिम अधिकारी का करीबी सहयोगी है। उन्होंने बताया कि अधिकारी संगठन में उग्रवादियों की कथित भर्ती करने का काम करता था।
असम में कथित तौर पर जादू टोना करने के लिए महिला को जलाकर मार डाला
असम के सोनितपुर जिले में कथित तौर पर जादू-टोना करने के लिए 30 वर्षीय एक महिला पर धारदार हथियारों से हमला किया गया और उसे जलाकर मार दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुरिमा दास ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो लोग अभी भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि दोनों फरार व्यक्तियों को पकड़ने के लिए एक अभियान शुरू कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि संगीता काटी नाम की महिला पर उसके एक पड़ोसी ने हमला किया, जिसकी पहचान सूरज बघवार के रूप में की गई है। अधिकारी के अनुसार आरोपी कुछ बाहरी लोगों को अपने गांव निज बाहबरी लेकर आया था। उन्होंने बताया कि हमलावर कथित तौर पर नशे में थे और उन्होंने महिला के पति को बांधने के बाद महिला को जला दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला और पड़ोसी के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर लंबे अरसे से विवाद था और बघवार ने महिला पर जादू टोना करने का आरोप लगाया था।
खाद्य पदार्थ में जहर से एक महिला की मौत, 135 अस्पताल में भर्ती
बंगलूरू के होसकोट में खाद्य विषाक्ता के कारण एक महिला की मौत हो गई, वहीं 135 लोग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि संदेह है कि खाद्य पदार्थ में जहर मिलाया गया था, जिसे पूजा स्थल पर चढ़ाया गया है। अन्य बीमार लोगों का स्वास्थ्य उपचार किया जा रहा है। फिलहाल, यह खाद्य विषाक्तता का मामला होने का संदेह है, लेकिन जांच प्रारंभिक चरण में है, इसलिए फिलहाल सटीक कारण का पता नहीं लगाया जा सकता है।
कल्याण बनर्जी पर बोले प्रधान- तृणमूल का अहंकार चरम पर
तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर हमलावर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, संस्कारहीन होने के कारण किसी को जेल की सजा नहीं होती। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी के समर्थन से तृणमूल कांग्रेस में अहंकार चरम पर है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, अगर ये पिछड़ी जाति से आने वाले किसी का मजाक उड़ाएंगे तो इन्हें जेल नहीं होगी, लेकिन जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि 'घमंडिया' गठबंधन मोदी सरकार की लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर सकता। मिमिक्री विवाद पर कोलकाता में भाजपा सांसद दिलीप घोष ने कहा, कल्याण बनर्जी वरिष्ठ वकील और सांसद हैं। आपको समझ होनी चाहिए। उन्होंने सांविधानिक पद की गरिमा से खिलवाड़ न करने की सलाह देते हुए कहा, आप पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की मिमिक्री भी कर सकते हैं। यह इससे भी अधिक मजेदार होगा।
हैदराबाद में नए साल के आयोजन में बिना अनुमति टिकट बेचने पर मामला दर्ज
हैदराबाद में इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक फेस्टिवल 'सनबर्न' के कुछ आयोजकों के खिलाफ पुलिस की अनुमति के बिना 31 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम के टिकट बेचने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को कहा कि नए साल पर बिना अनुमति के शहर में होने वाले आयोजनों के ऑनलाइन टिकट बेचने वाले मंच के एमडी के खिलाफ भी नोटिस जारी किया गया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को पुलिस अधिकारियों से अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। नए साल के जश्न के दौरान 18 साल से कम उम्र के बच्चों को शराब उपलब्ध कराने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
पालने में सो रहे मासूम को कुत्तों ने काटा, अस्पताल में मौत
हैदराबाद शहर में कुत्तों के हमले में घायल चार महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। आठ दिसंबर को माता-पिता झोपड़ी में पालने में बच्चे को छोड़कर मजदूरी करने चले गए थे। इस दौरान, तीन कुत्ते झोपड़ी में घुसे और बच्चे के चेहरे व माथे पर काट लिया। बच्चे को बाद में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
चीनी धोखेबाजों को क्रिप्टो करेंसी की सुविधा देने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने चीनी धोखेबाजों को क्रिप्टो करेंसी (बाइनेंस खाते) की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से हर्ष कुमार (24) को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी हैदराबाद के तरनाका निवासी पीड़ित से मिली शिकायत के आधार पर की गई। जिसमें कहा गया था कि जालसाजों ने उससे संपर्क कर उसे बताया कि वे फेडेक्स से है। उसके आधार का इस्तेमाल कर उसके नाम और मोबाइल से ताइवान के लिए एक पार्सल भेजा गया है। पार्सल में ड्रग्स और अवैध सामग्री है। जालसाजों ने उससे नाम हटाने के लिए 5,98,725 रुपये की राशि की मांग की थी। हैदराबाद में साइबर अपराध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जलवायु अनुकूल गेहूं किस्मों की बुवाई को बढ़ावा
पिछले साल लू के कारण नुकसान झेलने के बाद इस बार ज्यादातर किसान जलवायु अनुकूल गेहूं किस्मों की खेती कर रहे हैं। यह नई किस्म बुवाई के कुल रकबे के 60 फीसदी से अधिक हिस्से में बोई गई हैं। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, चालू रबी सत्र में 22 दिसंबर तक जलवायु अनुकूल गेहूं की बुवाई का रकबा 3.08 करोड़ हेक्टेयर रहा। यह एक साल पहले की अवधि के 3.14 करोड़ हेक्टेयर के रकबे से थोड़ा कम है। कृषि आयुक्त पीके सिंह ने बताया, सरकार ने इस साल जलवायु अनुकूल गेहूं की किस्मों को बढ़ावा दिया है। कुल रकबे के 60 फीसदी हिस्से को इसके दायरे में लाने का लक्ष्य रखा है, जिसे हमने पार कर लिया है।