Updates: अहमदाबाद जा रहा इंडिगो का विमान लैंडिग गियर में खराबी आने के कारण दिल्ली वापस लौट गया। उधर झारखंड में भीषण बस हादसा हुआ है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हैं।
अहमदाबाद जा रहे इंडिगो का एक विमान के लैंडिंग गियर में कुछ दिक्कत आ गई। इस वजह से यह विमान शनिवार की दोपहर को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौट गया। लगभग दो बजे विमान की एयरपोर्ट पर सफल लैंडिंग हुई। सूत्रों के अनुसार जहाज में करीब 170 लोग सवार थे। लैंडिंग गियर में समस्या आने के बाद उड़ान के लिए आपात स्थिति की घोषित कर दी गई।
झारखंड में बस हादसा, दो लोगों की मौत, 18 घायल
झारखंड के चतरा जिले में एक भीषण हादसे की खबर आ रही है। इस हादसे में दो लोगों की मौत गई जबकि 18 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा चतरा-दोभी रोड पर दोपहर करीब एक बजे हुआ। बस कुंडा से चतरा की की तरफ जा रही थी और अचानक अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में पुरुषोत्तम सिंह (45) और रेखा कुमारी की मौत हो गई। घायल लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि घायलों में अधिकतर छात्र हैं, जो बीए प्रथम सत्र की परीक्षा देने चतरा शहर जा रहे थे।
देश के चार हवाईअड्डों में बम ब्लास्ट की धमकी फर्जी निकली
सुरक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब हवाईअड्डों पर बम लगाने के धमकी भरा ईमेल मिला। सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 26 अप्रैल को एक ईमेल मिला था जिसमें दावा किया गया था कि कोलकाता समेत देश के चार अलग-अलग हवाईअड्डों पर बम लगाए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि हवाईअड्डा परिसरों की जांच की गई। जांच के बाद पता चला कि धमकी मात्र अफवाह थी। बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के हवाई अड्डा खंड की पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या सागर ने बताया कि ईमेल मिलने के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (एनएससीबीआईए) की सुरक्षा एजेंसियों ने खोज अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद सुरक्षाकर्मी इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि धमकी एक अफवाह थी।
मलाशय में छिपाए गए तीन पैकेट बरामद
तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों ने एक यात्री के मलाशय से 70.58 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 24 कैरेट सोना जब्त किया है। यात्री ने 26 अप्रैल को दुबई से त्रिची की यात्रा की। खुफिया जानकारी के आधार पर, अधिकारियों ने यात्री की तलाशी ली और उसके मलाशय में छिपाए गए तीन पैकेट बरामद किए। इन पैकेटों में पेस्ट जैसा पदार्थ भरा हुआ था, जिसका वजन 1,081 ग्राम था। जांच करने पर पता चला कि इस पेस्ट में 977 ग्राम 24 कैरेट सोना छिपाया गया था, जिसकी कीमत लगभग 70.58 लाख रुपये आंकी गई है। त्रिची सीमा शुल्क अधिकारियों ने कहा कि यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
केरल में बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत और 13 घायल
जिले में शनिवार तड़के एक पर्यटक बस के नियंत्रण खो देने और पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब बस तिरुवनंतपुरम से पड़ोसी राज्य कर्नाटक के उडुपी जा रही थी। पुलिस अधिकारी का कहना है कि चालक को शायद नींद आ गई थी। इसलिए हादसा हुआ। मृतक व्यक्ति वाहन के नीचे फंस गया और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
खुद को वन अधिकारी बताकर बिल्डरों से वसूली करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर बिल्डरों से जबरन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि ठाणे पुलिस की अपराध शाखा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और एक वसूली को रोकने के लिए बनी सेल (एंटी एक्सटोर्शन सेल) की मदद से थाने पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी प्रसाद कुमार उत्तम भालेराव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि ठाणे के शील दायघर इलाके के एक बिल्डर ने इस संबंध में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागड़े ने बताया, 'भालेराव ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित और अन्य बिल्डरों के खिलाफ जबरन वसूली की शिकायत दी थी। 23 अप्रैल को आरोपी ने पीड़ित से उसके खिलाफ शिकायत और आरटीआई आवेदन वापस लेने के लिए 7,60,000 रुपये मांगे थे।
अंगुल में ट्रक और बाइक की टक्कर में तीन की मौत
ओडिशा के अंगुल जिले में शनिवार सुबह एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के पंचमहला इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-55 पर हुई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कृपा देहुरी (48), राजेंद्र प्रधान (21) और सुब्रत प्रधान (17) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि वे अपने गांव दरजंगा से अंगुल शहर की ओर जा रहे थे। कृपा और राजेंद्र मछली का व्यापार करते थे, जबकि सुब्रत पढ़ता था। गुस्साए स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर कुछ देर के लिए राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने ट्रक को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।