रेलवे ने होली और गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए विभिन्न मार्गों पर 10 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसके लिए टिकटों की एडवांस बुकिंग होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एके रजक ने कहा कि रेलवे यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एक साप्ताहिक विशेष ट्रेन (03043-03044) रक्सौल और हावड़ा के बीच 7 अप्रैल से 9 जून को तक चलाएगा। विशेष ट्रेन हर शुक्रवार 3 बजे हावड़ा से चलेगी, जोकि अगले दिन रक्सौल सुबह 10 बजे पहुंचेगी।
ये ट्रेन रक्सौल से हर शनिवार दोपहर 12 बजे चलेगी और रात 11 बजकर 45 मिनट पर आसनसोल पहुंचेगी। विशेष ट्रेन 23 कोचों की होगी जिसमें 2 एसी फर्स्ट क्लास, 3 एसी सेकेंड क्लास, 13 स्लीपर, 5 जनरल कोच और 2 ब्रेक वैन भी होगें।
पटना-आसनसोल साप्ताहिक विशेष ट्रेन (03511-03512) 14 मई से 6 जून तक चलेगी। यह प्रत्येक रविवार सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर आसनसोल से चलेगी ओर पटना जंक्शन पर दोपहर 2 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन की वापसी प्रत्येक रविवार पटना जंक्शन से दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर होगी और यह आसनसोल रात 10 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी। इसमें 10 डिब्बे होंगे।
रेलवे द्वि-साप्ताहिक वातानुकूलित (एसी) विशेष ट्रेन (04403-04404) बरौनी और नई दिल्ली के बीच हर शुक्रवार और मंगलवार को चलेगी। यह हर शनिवार और बुधवार को बरौनी तक समाप्त हो जायेगी। यह ट्रेन 6 डिब्बों की होगी और यह 3 मार्च से 30 जून तक चलेगी।