new parliament building inauguration
- फोटो : अमर उजाला
नए संसद भवन का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी आज करने जा रहे हैं। भवन के अंदर जोरों से तैयारियां की जा रही हैं ताकि उद्घाटन दिवस के मौके पर किसी तरह की कोई कमी नहीं रह जाए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे हवन पूजन कार्यक्रम के साथ होगी। यह कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे तक चलेगा। इस विशेष पूजा के लिए पंडाल गांधी मूर्ति के पास लगाया गया है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति समेत सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे।
लोकसभा सचिवालय से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूजन और हवन के कार्यक्रम के बाद सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच में लोकसभा की अध्यक्ष के आसन के पास सेंगोल को स्थापित किया जाएगा। फिर सुबह 9.30 बजे प्रार्थना सभा होगी। इस प्रार्थना सभा में शंकराचार्य सहित कई बड़े विद्वान पंडित और साधु संत मौजूद रहेंगे।
सुबह पूजा और हवन के बाद दोपहर 12 बजे से दूसरे चरण का कार्यक्रम शुरू होगा। राष्ट्रगान के साथ दूसरे चरण का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस मौके पर दो शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति का संदेश पढ़ा जाएगा। इस मौके पर 75 रुपये का सिक्का और स्टांप भी रिलीज किया जाएगा। सबसे आखिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इस कार्यक्रम का समापन दोपहर में ढ़ाई बजे तक होगा।
कैसा होगा 75 रुपए का सिक्का
वित्त मंत्रालय ने जो नोटिस जारी किया है, उसके मुताबिक यह 75 रुपए का सिक्का गोलाकार होगा और इसका क्षेत्रफल 44 मिलीमीटर होगा। इस सिक्के के किनारों पर 200 कंगूरे बनाए गए हैं। इस सिक्के को 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, पांच प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जिंक से मिलाकर बनाया जाएगा।
सिक्के पर सत्यमेव जयते लिखा होगा और साथ ही सिक्के पर अशोक स्तंभ भी उकेरा जाएगा। सिक्के की बांयी तरफ देवनागरी भाषा में भारत और इंग्लिश में इंडिया लिखा होगा। उसी तरह सिक्के के ऊपरी तरफ देवनागरी भाषा में संसद भवन लिखा होगा और साथ ही इसके नीचे संसद भवन परिसर की तस्वीर छपी होगी। सिक्के का डिजाइन संविधान की पहली अनुसूची के अनुसार किया गया है।