नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली
- फोटो : PTI
नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद केपी ओली अपनी पहली विदेश यात्रा पर छह अप्रैल को भारत आएंगे। इस यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के लिये यहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आगामी यात्रा से दोनों पक्षों को सहयोगपूर्ण भागीदारी तथा दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए उसे और मजबूत बनाने के उपायों की समीक्षा का अवसर मिलेगा। ओली, प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। वह मोदी के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
वह राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद तथा उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है।
अपनी पत्नी राधिका शाक्य ओली के साथ आ रहे प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान उत्तराखंड में पंतनगर स्थित जीबी पंत कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय भी जाएंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत कई मंत्री भी नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।