देश भर में इन दिनों नीट लीक मामले को लेकर लगतार प्रदर्शन हो रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री निवास के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच गुरुवार को भाजपा के नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में चर्चा से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस को लेकर क्या कहा?
वहीं, सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा और एनडीए के सांसद यहां कह रहे हैं कि संसद में नीट और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस नहीं चाहती कि सदन में इस पर चर्चा हो। भारतीय जनता पार्टी और एनडीए सरकार इस मुद्दे को लेकर संवेदनशील है। प्रधानमंत्री ने आज साफ कहा है कि छात्रों के हितों से बढ़कर कुछ भी नहीं है। वे इस बात को लेकर पक्के हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इसलिए, फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला किया गया ताकि तेजी से न्याय मिल सके और दोषियों को तुरंत सजा दी जा सके।
निशिकांत दुबे ने बच्चों के माता- पिता से क्या कहा?
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कहा है कि गिरफ्तार किए गए 13 लोगों के खिलाफ बड़े वकील रखे जाएंगे। उन्हें सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सभी माता-पिता अपने बच्चों को अच्छे संस्थानों में भेजना चाहते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि वे पढ़ाई में अच्छे हैं।
लेकिन कुछ बच्चे पेपर लीक का बहाना बनाकर अपने माता-पिता को यह समझाने की कोशिश करते हैं कि वे पढ़ाई में तो बहुत अच्छे हैं, लेकिन सिर्फ पेपर लीक होने की वजह से मुकाबला नहीं कर पाए। अगर कोई मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज जाना चाहता है, या आईएएस या आपीएस अफसर बनना चाहता है, तो उसे शिक्षा के रास्ते से ही गुजरना होगा।
भाजपा सांसद चुघ ने क्या कहा?
वहीं, भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा 'राहुल गांधी, देश आपकी ओर देख रहा है और पूछ रहा है कि आप चर्चा से क्यों भाग रहे हैं? देश जानना चाहता है। किस विदेशी टूलकिट के तहत आप भारत में हमारे बच्चों की ज़िंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं? आइए, चर्चा करते हैं; दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र, दुनिया की सबसे बड़ी पंचायत, आपकी बात सुनना चाहती है। लेकिन राहुल गांधी के पास कहने के लिए कुछ नहीं है।