देशभर में नीट और जेईई की परीक्षाओं को लेकर बवाल जारी है लेकिन केंद्र सरकार अपनी तरफ से परीक्षा करवाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यूजीसी की बैठक में इस मुद्दे पर विचार किया गया कि दूरस्थ इलाकों से जेईई और नीट की परीक्षा देने आ रहे छात्रों को रहने की सुविधा दी सकती है।
सरकार परीक्षा केंद्रों के आस-पास छात्रों के रहने के लिए व्यवस्थाओं को करवाने पर विचार कर रही है। इसके अलावा अंतिम साल के छात्रों की परीक्षा मामले में अदालत के फैसले के बाद अब विश्वविद्यालयों से रिपोर्ट मांगी जाएगी। वहीं बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर में दाखिले के लिए नाटा 2020 का (दूसरा पेपर) 12 सितंबर को होगा। इसके लिए आर्किटेक्चर ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
वहीं आज देशभर में कांग्रेस नीट और जेईई परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। राज्य और जिला मुख्यालयों पर केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी परीक्षा को टालने की अपील की जा रही है।
इसके अलावा देश के छह राज्यों- पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पंजाब और महाराष्ट्र के मंत्रियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। जिसमें शीर्ष अदालत के 17 अगस्त के आदेश की समीक्षा करने और सितंबर में होने वाली जेईई-नीट की परीक्षा को स्थगित करने की मांग की गई है।