फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुंबई के डोंगरी में गिरी इमारत, अब तक 11 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Tue, 16 Jul 2019 10:24 PM IST
शिल्पा ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
मुंबई में इमारत गिरी - फोटो : ANI
विज्ञापन

दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके में मंगलवार को चार मंजिला आवासीय इमारत गिर गई जिससे कोहराम मच गया। पीटीआई के मुताबिक, अब तक 11 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। काफी संख्या में स्थानीय लोग भी बचाव के काम में जुटे। मुंबई बिल्डिंग रिपेयर एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड का कहना है कि ये इमारत अनधिकृत थी। 

विज्ञापन









बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार डोंगरी में टंडेल मार्ग पर स्थित भूतल के अतिरिक्त चार मंजिल वाली इस ‘केशरबाई बिल्डिंग’ का एक बड़ा हिस्सा सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर गिर गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में अभी तक 12 लोगों की मौत हुई है और पांच अन्य घायल हुए हैं। बेहद घनी आबादी और संकरी सड़कों वाले इलाके में स्थित इस इमारत में काफी लोग रह रहे थे। इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
विज्ञापन


दमकल विभाग, मुंबई पुलिस और निकाय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं लेकिन संकरी सड़कों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुटे हैं और मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं।

एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच पा रही है, उसे 50 मीटर की दूरी पर खड़ा करना पड़ा है। इस इमारत का मालिकाना हक महाराष्ट्र आवास एवं विकास प्राधिकरण के पास है। संस्था के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव कार्य में मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं।

499 इमारतें असुरक्षित

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीएमसी ने मुंबई की 499 इमारतों को असुरक्षित घोषित कर दिया है। मानसून के दौरान 500 इमारतें ऐसी हैं जिनपर खतरा मंडरा रहा है। बीएमसी के लिए सिरदर्द बनीं इन इमारतों में रहने वाले कई लोग इन्हें खाली नहीं करना चाहते हैं।

इस मामले में मुंबई का अंधेरी-जोगेश्वरी (वेस्ट) सबसे आगे है। जहां की 51 इमारतें असुरक्षित हैं। इसके बाद 38 इमारतों के साथ विरे परेल दूसरे स्थान पर है जिन्हें इस साल सी1 श्रेणी में रखा गया है। बीते साल बीएमसी ने 619 इमारतों को खतरनाक बताया था। हालांकि इस साल ये संख्या 19 फीसदी तक कम हुई है। 

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

वहीं, इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मुंबई के डोंगरी में इमारत गिरना व्यथित कर देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। घयलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक ट्वीट में लिखा है, 'राज्य सरकार और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय इकाइयां बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और जरूरतमंदों की मदद कर रही हैं।'

शाह ने भी जताया दुख

दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर दुख जताया। शाह ने कहा, 'मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों और घायलों के साथ हैं। बचाव कार्य पूरे जोर के साथ चलाया जा रहा है। राज्य सरकार, एनडीआरएफ और स्थानीय संगठन जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।'
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें