राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही लड़ने का संकल्प लिया। भाजपा और उसके 32 सहयोगी दलों की बैठक में सभी दलों ने मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और कहा कि भारत की प्रगति के लिए मजबूत नेतृत्व की सख्त जरूरत है इसलिए हमें एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनावों पर भी सहयोगी दलों का मन टटोला। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक में मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार की नीतियों का प्रशंसा प्रस्ताव मंजूर किया गया और सभी 33 दलों ने गठबंधन का विस्तार करते हुए इसे और मजबूत करने का संकल्प लिया।
यह पूछे जाने पर कि क्या चर्चा में राष्ट्रपति चुनाव का भी मुद्दा था, जेटली ने कहा कि यह मुद्दा बैठक के एजेंडे में नहीं था। इसी तरह के एक सवाल के जवाब में तेलुगू देशम पार्टी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि जब कभी इस मुद्दे पर विचार किया जाएगा तो एनडीए के सहयोगी दल एकजुट होकर फैसला करेंगे।
जेटली ने बताया कि सभी घटक दलों ने मोदी सरकार के प्रदर्शन और खासकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘घटक दलों ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया कि 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में दूसरा कार्यकाल जीतने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।
सत्तारूढ़ गठबंधन ने पिछले तीन वर्षों के दौरान अपना जनाधार बढ़ाया है और इस दौरान इसकी लोकप्रियता और स्वीकार्यता भी बढ़ी है।’ चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि एनडीए सहयोगी मोदी के नेतृत्व में 2019 का चुनाव जीतने के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं।
बैठक की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के संबोधन से हुई। इसके बाद शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल, टीडीपी प्रमुख नायडू और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने भी बैठक को संबोधित किया।
मोदी सरकार और भाजपा की अक्सर खिंचाई करने वाले शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी बैठक में अपनी बात रखी। हालांकि पीडीपी नेता और जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती नहीं आ पाईं लेकिन उन्होंने अपना प्रतिनिधि भेजा हुआ था। जेटली और नायडू ने मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां गिनाईं और स्वच्छ एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन जारी रखने का वादा किया।