पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों के साथ निहत्थे अडिग रहकर शहीद हो जाने वाले कर्नल संतोष बाबू शनिवार को ‘एक्स-एनडीए ब्रेव हर्ट्स’ एलीट लीग में शामिल कर लिए गए। यहां खडगवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) ने इस तरीके से अपने शहीद पुरातन छात्र को श्रद्धांजलि प्रकट की।
कर्नल बाबू उन 20 भारतीय जवानों में शामिल थे, जो 15 जून की रात को गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में शहीद हो गए। कर्नल बाबू ही चीनी सेना को चुनौती देने वाले भारतीय दल के कमांडिंग अफसर थे। एनडीए ने एक बयान में कहा, स्वर्गीय कर्नल बी. संतोष बाबू, सीओ 16 बिहार रेजीमेंट और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 105वें बैच के एल्युमनी अपने कर्तव्य को निभाते हुए पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में 15-16 जून की दरम्यानी रात को चीनी सेना के साथ भिड़ंत में शहीद हो गए। असाधारण हालात के बावजूद उनका अदम्य साहस, नेतृत्व और प्रतिबद्धता एक एक्स-एनडीए अफसर का ट्रेडमार्क है।
बयान में आगे कहा गया कि कर्नल बाबू को ‘एक्स-एनडीए ब्रेव हर्ट्स’ की एलीट लीग में शामिल करते हुए उनका नाम पूरे सैन्य सम्मान के साथ हट ऑफ रिमेंबरेंस (यादों की कुटिया) की पवित्र दीवार पर सुनहरे शब्दों के साथ लिखा जाएगा। सभी अधिकारियों, एनडीए कैडेट्स और एक्स-एनडीए समुदाय की तरफ से कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल असित मिस्त्री ने फूल-माला चढ़ाकर कर्नल बाबू को श्रद्धांजलि दी।