राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर नोटिस जारी किया है। जयपुर में किसानों की रैली के दौरान गांधी ने कहा था, ‘56 इंच का सीना रखने वाला चौकीदार भाग गया और एक महिला सीतारमण जी से कहा कि मेरा बचाव कीजिए। मैं अपना बचाव नहीं कर सकता, मेरा बचाव कीजिए।’
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, 'हमने राहुल गांधी से स्पष्टीकरण मांगा है कि उन्होंने कल के ट्वीट में क्या और क्यों कहा था। यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण, लैंगिक असमानता से भरा तथा महिलाओं के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रसित था। इसी वजह से हमने उन्हें नोटिस भेजा है। उन्हें यह बताना होगा कि उनके कहने का क्या मतलब है जब वह एक महिला के बारे में बात कर रहे थे।'
राहुल गांधी ने कल ट्वीट करते हुए कहा था, 'मोदी जी को पूर्ण सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि महिलाओं की इज्जत की शुरुआत घर से होती है। भागना बंद करें। एक आदमी की बनिए और मेरे सवालों का जवाब दीजिए। क्या वायु सेना और रक्षा मंत्रालय ने उस समय राफेल सौदे को लेकर आपत्ति जताई थी जब आपने मूल सौदे को दरकिनार कर दिया था? हां या ना?'
राहुल ने ‘महिला’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘ढाई घंटे तक महिला उनका बचाव नहीं कर पाई। मैंने सीधा सवाल किया- हां या ना में जवाब दीजिए लेकिन वह जवाब नहीं दे सकीं।’ उन्होंने प्रधानमंत्री पर चर्चा से एक बार फिर भागने का आरोप लगाया लेकिन इस बार रक्षा मंत्री का जिक्र नहीं किया। कुछ घंटों बाद आगरा में एक जनसभा में मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर देश की महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री सीतारमण ने राफेल सौदे पर संसद के पटल पर एक के बाद एक तथ्य को रखकर लोकसभा में विपक्ष के छक्के छुड़ा दिए। मोदी ने गांधी का नाम लिए बगैर कहा, ‘वे एक महिला रक्षा मंत्री का अपमान करने पर उतारू हो गए हैं।' उन्होंने कहा कि यह देश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा, ‘यह ना केवल एक महिला बल्कि भारत की समस्त महिला शक्ति का अपमान है जिसके लिए इन गैर जिम्मेदाराना नेताओं को कीमत चुकानी पड़ेगी।’