राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने एक बच्चे के देशभक्ति गीत गाते हुए वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे ट्वीट किया था। एनसीपीसीआर ने वीडियो को तुरंत हटाने की भी मांग की। एनसीपीसीआर ने ट्विटर के शिकायत अधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि कामरा द्वारा अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए एक नाबालिग के देशभक्ति के गीत गाते हुए वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे ट्वीट करने के संबंध में उसे एक शिकायत मिली थी।
आयोग ने कहा, हमने शिकायत का संज्ञान लिया है और उसकी राय है कि राजनीतिक विचाराधाराओं को आगे बढ़ाने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करना किशोर न्याय अधिनियम, 2015 व सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन है। आयोग को यह भी आशंका है कि इस तरह के प्रचार वाले उद्देश्य से बच्चों का इस्तेमाल करना नुकसानदेह है और उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
आयोग ने कहा कि इसलिए वीडियो को तत्काल प्लेटफॉर्म से हटाया जाना चाहिए और इस तरह की सामग्री डालने के लिए कामरा के आधिकारिक अकाउंट के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। कामरा ने जर्मनी में मोदी की बच्चे से बातचीत का वीडियो साझा किया था, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष बच्चे के गाए गीत ‘हे जन्मभूमि भारत’ की जगह ‘महंगाई डायन खाय जात है’ गीत का इस्तेमाल किया। बच्चे के पिता ने कामरा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेचारे बच्चे को अपनी गंदी राजनीति से दूर रखें और अपने खराब चुटकुलों को दुरुस्त करें।
कामरा ने जवाब में कहा कि वीडियो एक समाचार संस्थान द्वारा सार्वजनिक रूप से डाला गया है। कामरा ने ट्वीट किया, चुटकुला आपके बेटे पर नहीं है। आप अपने बेटे के उसकी मातृभूमि के लिए सबसे लोकप्रिय बेटे के सामने गाने का आनंद उठाते हैं, लेकिन और भी गीत हैं जो उसे अपने देश के लोगों से भी सुनने चाहिए। कामरा ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि एनसीपीसीआर ने एक मीम डालने के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।