देश में दिनोंदिन बढ़ती महंगाई के खिलाफ विपक्षी दलों का केंद्र सरकार के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन जारी है। अब राकांपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र के खिलाफ हल्लाबोला है।
बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों में भारी उछाल से आज पूरा देश तबाह है। विपक्षी पार्टियां सरकार के खिलाफ लामबंद है। इसी कड़ी में शनिवार को पुणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी के विरोध में राकांपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
विज्ञापन
राकांपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, "सिलेंडर की कीमत में 25 रुपये की वृद्धि हुई है। यूपीए सरकार के समय यह लगभग 324 रुपये थी, लेकिन 7 साल के भीतर यह 900 रुपये तक पहुंच गई है। इन कीमतों के कारण आम आदमी परेशान है।"
महंगाई के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
वहीं कांग्रेस महंगाई के खिलाफ 10 दिन तक विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिहार प्रदेश कमेटी ने तेल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ 7 से 17 जुलाई तक चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। कार्यक्रम के अंतिम दिन 17 को पटना में राज्यस्तरीय पैदल मार्च का आयोजन होगा।