महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राष्ट्री कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने मुंबई में अलग अलग जगहों पर बुधवार को बैठक बुलाई। जहां अजित पवार द्वारा मुंबई में बुलाई गई बैठक में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 53 में से 35 विधायक शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार विधायकों की संख्या और बढ़ सकती है। वहीं शरद पवार की बैठक में राकांपा के महज 13 विधायक ही शामिल हुए।
शरद पवार की बैठक में शामिल हुए ये विधायक
शरद पवार की बैठक में शामिल होने वाले विधायकों में अनिल देशमुख, रोहित पवार, राजेंद्र शिंगणे, अशोक पवार, किरण लहमाटे, प्राजक्ता तानपुरे, बालासाहेब पाटिल, जीतेंद्र अव्हाड, चेतन विट्ठल तुपे, जयंत पाटिल, राजेश टोपे, संदीप क्षीरसागर और देवेंद्र भुयार हैं। इसके अलावा पांच सांसदों में श्रीनिवास पाटिल (लोकसभा), सुप्रिया सुले (लोकसभा), अमोल कोल्हे (लोकसभा), फौजिया खान (राज्यसभा) वंदना चव्हाण (राज्यसभा) और तीन एमएलसी में शशिकांत शिंदे, बाबाजानी दुरानी, एकनाथ खडसे भी बैठक में शामिल हुए।
अजित पवार की बैठक में शामिल हुए विधायकों के नाम
अजित पवार के समर्थन में आने वाले 29 विधायकों का नाम सामने आ चुका है। इसमें अजित पवार, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, नरहरि झिरवाल, दिलीप मोहिते, अनिल पाटिल, माणिकराव कोकाटे, दिलीप वालसे पाटिल, अदिति तटकरे, राजेश पाटिल, धनंजय मुंडे, धर्मराव अत्राम, अन्ना बंसोड़, नीलेश लंके, इंद्रनील नाइक, सुनील शेलके, दत्तात्रेय, दिलीप बनकर, सुनील टिंगरे, सुनील शेलके, बालासाहेब अजाबे, दीपक चव्हाण, यशवंत माने, नितिन पवार, शेखर निकम, संजय शिंदे (निर्दलीय) और राजू कोरमारे है। इसके अलावा चार एमएलसी
अमोल मिटकारी, रामराजे निंबालकर, अनिकेत तटकरे, विक्रम काले भी बैठक में शामिल हुए।
महाराष्ट्र विधानमंडल के पूर्व प्रधान सचिव अनंत कलसे ने बताया कि अजित पवार को अयोग्यता से बचने के लिए 36 विधायकों का समर्थन चाहिए। शरद पवार और अजित पवार द्वारा शक्ति प्रदर्शन के लिए बुलाई गई बैठकों से पहले दोनों के आवास के बाहर भारी संख्या में समर्थक जुटे। शरद पवार के आधिकारिक आवास के बाहर समर्थक हाथ में पोस्टर लेकर उनका समर्थन कर रहे थे, जिसमें लिखा था, 83 वर्षीय योद्धा अकेले लड़ाई लड़ रहा है।
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने दक्षिण मुंबई के यशवंतराव चव्हाण केंद्र में और महाराष्ट्र के उपप्रधानमंत्री अजित पवार ने उपनगरीय बांद्रा के भुजबल नॉलेज सिटी में बैठक बुलाई थी। अजित पवार के आवास के बाहर भी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी थी, जिसमें से एक ने पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा, ‘‘हम दादा (अजित पवार) के कट्टर समर्थक हैं। हम बारामती से आए हैं।’’विधायक अनिल पाटिल ने 53 में से 40 विधायकों का समर्थन अजित पवार के पक्ष में होने का दावा भी किया है।