भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी नेता सुबूत पेश करें कि भाजपा विधायकों की खरीद फरोख्त की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विधायकों को तोड़ने का झूठा दावा कर कांग्रेस ने अपने ही विधायकों का अपमान किया है। क्या इसका मतलब है कि कांग्रेस ने अपने विधायकों को बिक्री के लिए रखा है। जो लोग ऐसा दावा कर रहे हैं, उनके कॉल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने चाहिए।
राज्य को राष्ट्रपति शासन की ओर: एनसीपी
एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा कि महाराष्ट्र राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ रहा है। राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद मुझे लगता है कि एक महीने में चीजें सामान्य हो जाएंगी। किसी (भाजपा-शिवसेना) को सरकार गठन के लिए अपने रुख से पीछे हटना पड़ेगा। वहीं, पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि भाजपा राष्ट्रपति शासन लगाकर राज्य को पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा चलाना चाहती है। यह जनादेश का अपमान है। महाराष्ट्र इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।
कांग्रेस, एनसीपी का समर्थन करें अन्य दल
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल ने कहा कि सरकार बनाने को लेकर अन्य दलों को कांग्रेस और एनसीपी का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा स्थिति से निपटने का केवल एक तरीका है। दूसरे दलों को कांग्रेस व एनसीपी को बताना चाहिए कि वे सरकार गठन में उनका समर्थन करेंगे। इसके बाद यह गतिरोध दूर हो सकता है।