होली के मौके पर मुबंई से बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक के अनुसार पार्टी के प्रमुख शरद पवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दर्द के कारण वह काफी असहज महसूस कर रहे थे। जांच के दौरान पता चला कि उनके पित्ताशय में समस्या है।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार शाम को सियासी माहौल तब गरमा गया, जब एनसीपी के दो बड़े नेता शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात करने की खबरें सामने आईं थीं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल अहमदाबाद पहुंचे थे। इसके बाद दोनों नेता गांधीनगर गए। माना जा रहा है कि इन दोनों नेताओं ने गांधीनगर में कुछ गुप्त मुलाकातें कीं हैं। बता दें कि पवार और शाह के बीच हुई मुलाकात की खबरों को उस वक्त बल मिल गया था, जब अमित शाह ने शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल से मीटिंग के सवाल पर कहा कि सब कुछ सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
हालांकि, एनसीपी इस मीटिंग की खबरों को खारिज कर रही है जबिक कांग्रेस नेता इस मुलाकात को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर गृह मंत्री देश के किसी बड़े नेता से मिल रहे हैं, तो यह देश को बताना चाहिए। यह जानना देश की जनता का हक बनता है।