महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृहनगर ठाणे में विद्या प्रसारक मंडल के जोशी बेडेकर कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का प्रशिक्षण ले रहे छात्रों से क्रूरता का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कथित रूप से सजा के तौर पर छात्र बारिश के पानी में जमीन पर पशुओं की तरह लेटे हुए हैं। इस दौरान छात्र रोते-चिल्लाते रहे, लेकिन प्रशिक्षक उन पर बर्बरता से डंडे बरसाता रहा। घटना 26 जुलाई की बताई गई है। पुस्तकालय में पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने बाहर से चिल्लाने की आवाज सुनी तो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद छात्र संघों ने ठाणे कॉलेज के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया
ठाणे शहर के एक कॉलेज में एनसीसी कैडेटों को एक सीनियर द्वारा बेरहमी से पीटे जाने के वायरल वीडियो के एक दिन बाद छात्र संघों ने शुक्रवार को शैक्षणिक संस्थान के बाहर दोषी छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और शिवसेना (यूबीटी) से संबद्ध छात्र समूहों ने जोशी बेडेकर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया।
शिंदे समूह के छात्र विंग के नेता नितिन लांडगे ने कहा कि पीड़ित एनसीसी कैडेट और उनके माता-पिता पर कॉलेज प्रबंधन से वरिष्ठ कैडेट के खिलाफ शिकायत न करने के लिए अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, कॉलेज को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की छात्र शाखा के सदस्यों ने कॉलेज प्रबंधन को एक ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ छात्र पर सख्त कार्रवाई की मांग की। शिवसेना (यूबीटी) से जुड़े छात्र समूह का नेतृत्व किरण जाधव ने किया। प्रदर्शनकारियों को कॉलेज में घुसने से रोकने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।