नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एनसीबी ने नाइजीरिया के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो ड्रग्स कारोबार में भुगतान के लिए विभिन्न बैंकों के निष्क्रिय खातों का इस्तेमाल कर रहा था। आरोपियों से 255 ग्राम कोकेन, 350 ग्राम हेरोइन और 100 मेथामफेटामाइन जब्त किया है। इसके अलावा एक अमेरिकी और भारतीय नागरिक भी ब्यूरो के रडार पर है।
एनसीबी के दिल्ली जोन के निदेशक केपीएस मल्होत्रा ने बताया, आरोपी बटर नमानी (35), एजे एन बोनावेंचर (36) और केल्विन मानेसारी उर्फ बने को ब्यूरो ने बीते हफ्ते गिरफ्तार किया था। इनमें से बेन ड्रग्स का प्रमुख विक्रेता था और भारत में बेल्जियम के पासपोर्ट पर रह रहा था। इसके अलावा एक भारतीय को भी एनसीबी ने पकड़ा, जो बेन से लगातार ड्रग्स खरीदता था।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह मनी लॉन्ड्रिंग चैनल के जरिये बड़े पैमाने पर पैसा ट्रांसफर करने की फिराक में था। इन लोगों के पास कुछ निष्क्रिय खातों में पहुंच थी, जिनमें इस रकम को डाला जाता था। इन निष्क्रिय खातों से वे रकम नए खातों में भेजते थे।