नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह
- फोटो : ANI
वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन से गतिरोध के बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने शुक्रवार को ग्रेट निकोबार द्वीप में कैंपबेल की खाड़ी स्थित रणनीतिक रूप से अहम नौसैनिक हवाई अड्डे का दौरा किया। उन्होंने इस क्षेत्र में नौसेना की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि नौसैनिक हवाई अड्डा आईएनएस बाज हिंद महासागर क्षेत्र से गुजरने वाले कई महत्वपूर्ण रास्तों पर नजर रखता है।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, दौरे में अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने एडमिरल करमबीर सिंह को कई सक्रिय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्हें सुरक्षा के साथ-साथ कमान के ढांचागत विकास और तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। दिवाली के मौके पर कर्मचारियों के साथ एकजुटता जताना इस दौरे का मकसद था।
अंडमान-निकोबार देश की तीनों सेनाओं का इकलौता कमान है, जो हिंद महासागर में भारत के रणनीतिक हितों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाता है। हिंद महासागर क्षेत्र पर अपने नापाक इरादे लेकर अक्सर चीन के जंगी पोत भी आते रहे हैं।