शनिवार को इमरान खान के शपथग्रहण समारोह में शामिल होकर कांग्रेस के विधायक और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने एक विवाद को जन्म दे दिया है। उन्होंने समारोह मे पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा को गले लगा लिया और पाक अधिकृत कश्मीर के प्रेसिडेंद मसूद खान के बदल में बैठ गए। हालांकि सिद्धू भारत सरकार की मंजूरी के बाद पड़ोसी मुल्क के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
बाजवा और सिद्धू के बीच कुछ बातें हुईं। बातचीत के साथ ही दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। जिसकी वजह से भाजपा को कांग्रेस पर हमला करने का एक और मौका मिल गया है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सिद्धू पर कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता
संबित पात्रा का कहना है कि सिद्धू को पार्टी से निलंबित कर देना चाहिए।
शनिवार को भाजपा प्रवक्ता पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सवाल पूछते हुए कहा, 'क्या कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी सिद्धू के बयानों और उनके आचरण से सहमत है या नहीं? अगर सहमत नहीं है तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी और क्या कांग्रेस पार्टी से उन्हें सस्पेंड किया जाएगा?' उन्होंने कहा कि
सिद्धू उससे गले मिलते हैं जिसकी वजह से निर्दोष भारतीयों की जान जाती है और सेना के जवान शहीद होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता पाकिस्तान के सेना प्रमुख से गले मिलते हैं जो भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने पूछा कि क्या सिद्धू ने पाकिस्तान जाकर इमरान खान के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए कांग्रेस पार्टी से अनुमति ली थी। सिद्धू मसूद खान के बगल में बैठने से मना कर सकते थे। जो हिस्सा हमारे देश का है, उसके तथाकथित प्रेजिडेंट के साथ उन्हें नहीं बैठना चाहिए था।