उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपनी बहन गीता मेहता के पद्मश्री सम्मान ठुकराने के फैसले को उनका अधिकार बताया। पटनायक ने कहा कि मेरी बहन को अधिकार है कि वह क्या करना चाहती हैं और क्या नहीं।
बता दें कि गीता मेहता लोकप्रिय लेखिका-फिल्मकार हैं और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बहन हैं। गीता राज (1989), स्नेक्स एंड लैडर्स: ग्लिम्पसेस ऑफ मॉडर्न वर्ल्ड (1997) और इटरनल गणेश (2006) जैसी किताबें लिख चुकी हैं। गीता मेहता करीब 14 डॉक्युमेंट्री भी बनाई हैं। वह अमेरिकी चैनल एनबीसी के लिए कुछ समय रिपोर्टिंग भी कर चुकी हैं।
दरअसल, भारत सरकार ने गीता मेहता को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री अवार्ड देने का ऐलान किया था। लेकिन गीता ने पद्मश्री अवार्ड ठुकराते हुए कहा कि इससे आगामी चुनाव पर प्रभाव पड़ेगा और गलत संदेश जाएगा। हालांकि उन्होंने उड़ीसा के उन हस्तियों को शुभकामना दी जिन्हें ये सम्मान मिला है।