फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: नौसेना में 31 को शामिल होगा दूसरा DSV निपुण; जहाज डूबने के 100+ घंटे बाद भी 22 नाविकों का सुराग नहीं

Wed, 26 Aug 2026 07:16 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारतीय नौसेना का दूसरा डाइविंग सपोर्ट वेसल (डीएसवी) निपुण 31 अगस्त को नौसेना में शामिल होगा। यह आधुनिक डाइविंग प्रणाली और पानी के अंदर काम करने की क्षमताओं से लैस है। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस पोत के शामिल होने से भारत के समुद्री इलाकों में खास गोताखोरी और पानी के अंदर किए जाने वाले मिशन को पूरा करने की नौसेना की क्षमता और मजबूत होगी।

विज्ञापन


ओडिशा के तट पर डूबे जहाज का एमरजेंसी बीकन मिला, 22 नाविकों का सुराग नहीं
ओडिशा तट के पास 22 अगस्त को डूबे पनामा के झंडे वाले मालवाहक जहाज के लापता 22 नाविकों की तलाश में भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना का बचाव अभियान जारी है। तलाशी के दौरान जहाज का एक एमरजेंसी बीकन व लाइफबोट बरामद कर ली गई, हालांकि अभी तक 22 नाविकों का कोई सुराग नहीं मिला। 22 अगस्त को लाइफराफ्ट पर तैर रहे दो चीनी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। जहाज एमवी ओशन विनर पर 24 सवार थे। यह जहाज 72,000 टन लौह अयस्क (iron ore) लेकर सिंगापुर के रास्ते चीन जा रहा था।

गुवाहाटी सेंट्रल जेल में 38 कैदी एचआईवी संक्रमित
असम की गुवाहाटी सेंट्रल जेल में 38 कैदियों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि से सनसनी फैल गई है। जांच में 33 पुरुष और पांच महिला कैदी संक्रमित मिले हैं। ये मामले एक साथ नहीं, बल्कि न्यायिक हिरासत में आने वाले कैदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान समय-समय पर सामने आए। सूत्रों के मुताबिक जेल में प्रवेश के समय कैदियों की एचआईवी, हेपेटाइटिस की जांच की जाती है। रिपोर्टों के अनुसार, संक्रमित पाए गए कई कैदियों का नशीले पदार्थों के सेवन का पुराना इतिहास रहा है और इनमें बड़ी संख्या मादक पदार्थ सेवन के आरोपी हैं। अधिकारियों ने जेल के भीतर नशीले पदार्थों के सेवन या संक्रमण फैलने की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक गुवाहाटी केंद्रीय जेल में फिलहाल करीब 1,802 कैदी बंद हैं, जिनमें 281 कैदी मादक द्रव्य सेवन के मामलों में सजा काट रहे हैं। इन 38 मामलों के बारे में जेल प्रशासन या असम सरकार की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

यूपीआई के 10 साल पूरे, पीएम बोले इसकी पहुंच पर हर भारतीय को गर्व
भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाले यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ने मंगलवार को 10 साल पूरे कर लिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश की डिजिटल भुगतान यात्रा में बड़ा मोड़ बताया और कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। पीएम ने कहा 2016-17 में यूपीआई से सिर्फ 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे। यह संख्या बढ़कर 2025-26 में 24,162 करोड़ से ज्यादा हो गई। 

कोर्ट या अस्पताल ले जाते समय शब्बीर शाह को हथकड़ी न लगाएं
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की एक स्पेशल कोर्ट ने अदालत या अस्पताल ले जाते हुए अलगाववादी नेता शब्बीर शाह को बेवजह हथकड़ी न लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने शाह की अर्जी पर यह निर्देश दिए। शाह ने ज्यादा उम्र, कई बीमारियों और दर्द का हवाला देते हुए सेहत को खतरे की आशंका जताई थी। स्पेशल कोर्ट ने जेल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शब्बीर को कोट भलवाल सेंट्रल जेल से अस्पताल या कोर्ट ले जाते बेवजह हथकड़ी न पहननी पड़े। शाह को एआईए ने बीते अप्रैल में तीन दशक पुराने आतंक से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था।

तमिलनाडु: स्कूलों की सुरक्षा को होगा टैग सिस्टम, जर्जर इमारतें रेड टैग के साथ तुरंत की जाएंगी सील
तमिलनाडु की जोसेफ विजय सरकार ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बेहद अहम शुरुआत की है। सरकारी स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों की इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा और उन्हें रेड, येलो और ग्रीन रंगों के आधार पर बांटा जाएगा। विधानसभा में लोक निर्माण विभाग मंत्री आधव अर्जुन ने इस नई योजना की घोषणा की। इसके तहत जो इमारतें असुरक्षित और जर्जर पाई जाएंगी, उन्हें रेड श्रेणी में रखकर तुरंत सील किया जाएगा। इन भवनों में पढ़ाई या किसी शैक्षणिक गतिविधि की सख्त अनुमति नहीं होगी। मध्यम स्तर की मजबूती वाली वे इमारतें जिन्हें स्थिरता सुनिश्चित करने को मरम्मत या संरचनात्मक सुधार की आवश्यकता है, उन्हें येलो श्रेणी में रखा जाएगा।
विज्ञापन

मध्य प्रदेश के विभोर की व्योम अंतरिक्ष में रचेगी इतिहास
विदिशा के युवा उद्यमी विभोर जैन की स्टार्टअप कंपनी अब सैटेलाइट लॉन्च करने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कैबिनेट  बैठक से पहले इस उपलब्धि का जिक्र कर वैभव को बधाई दी। युवा इंजीनियर विभोर की कंपनी व्योम आईसी पृथ्वी की निचली कक्षा में काम करने वाले सैटेलाइट बना रही। 2027 की तीसरी तिमाही में पहला उपग्रह प्रक्षेपित करने की तैयारी है। विभोर ने हाल में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने अपनी कंपनी का प्रेजेंटेशन दिया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें