फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: टीवीके गठबंधन बैठक में शामिल होगा एमडीएमके, मिथुन चक्रवर्ती बने बंगाल सरकार के सांस्कृतिक सलाहकार

Fri, 04 Sep 2026 03:27 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

एमडीएमके महासचिव वाइको ने कहा कि उनकी पार्टी 9 सितंबर को होने वाली गठबंधन दलों की बैठक में जरूर शामिल होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से टीवीके के मंत्रियों ने एमडीएमके को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। वाइको ने यह बात चेन्नई में कही। इसी दौरान उन्होंने सरकार के कामकाज और विधानसभा की कार्यवाही के लाइव प्रसारण को लेकर भी अपनी राय रखी। वाइको ने विधानसभा की कार्यवाही का पूरा लाइव प्रसारण करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। उनका कहना है कि इससे आम लोगों को सदन में होने वाली चर्चा और राज्य में चल रहे कामकाज की ज्यादा स्पष्ट जानकारी मिलेगी। उन्होंने इसे प्रशासन और लोकतंत्र दोनों के लिए अच्छा कदम बताया। उनके अनुसार, जनता को यह जानने का अवसर मिलना चाहिए कि विधानसभा में क्या हो रहा है।

विज्ञापन


हाईकोर्ट का फैसला- शादीशुदा बेटी को पारिवारिक पेंशन नहीं
महज आर्थिक तौर से माता-पिता पर निर्भर होने के आधार पर बेटी पारिवारिक पेंशन की हकदार नहीं हो जाती कलकत्ता हाईकोर्ट ने पारिवारिक पेंशन को लेकर यह टिप्पणी की। न्यायमूर्ति ऋतव्रतकुमार मित्र ने कहा कि इसके लिए बेटी का अविवाहित, तलाकशुदा या विधवा होने के साथ ही पेंशन पाने वाले माता-पिता पर उसकी आर्थिक निर्भरता साबित होना भी जरूरी है। उन्होंने गायत्री मुखोपाध्याय की ओर से दायर पारिवारिक पेंशन की याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। न्यायमूर्ति मित्र ने आगे कहा कि सामान्य स्थिति में बेटी का पारिवारिक पेंशन पर स्वत: अधिकार नहीं होता। तय नियमों के तहत ही अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटी पारिवारिक पेंशन का दावा कर सकती है।

चिकन नेक की बढ़ेगी सुरक्षा...नेपाल भूटान व बांग्लादेश तक होगी पहुंच; बागडोगरा-गलगलिया मार्ग को चार लेन करने की मंजूरी
केंद्र सरकार ने सिलीगुड़ी गलियारे यानी चिकन नेक की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दार्जिलिंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के बागडोगरा-पानीटंकी-खोरीबाड़ी-गलगलिया खंड को चार लेन करने की मंजूरी दे दी है। इस पर 2,077.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बताया कि परियोजना पूरी होने से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा और मजबूत होगी तथा नेपाल, भूटान और बांग्लादेश तक पहुंच बेहतर होगी। करीब 31.02 किमी लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण से बागडोगरा, नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी और पानीटंकी में यातायात का दबाव कम होने के साथ सड़क सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है। 
विज्ञापन


पायलट की तबीयत बिगड़ी, विमान डायवर्ट
दोहा से बंगलूरू आ रहे इंडिगो विमान के पायलट की तबीयत खराब होने के बाद फ्लाइट मस्कट डायवर्ट करनी पड़ी। घटना बृहस्पतिवार की है। मस्कट पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने पायलट की जांच की। एक वैकल्पिक विमान और क्रू की नई टीम का इंतजाम किया गया।

मंगलुरु में अंडे में कीड़ा मिलने पर ऑनलाइन स्टोर सील
महाराष्ट्र में खाने-पीने की चीजों में मिलावट की खबरों के बीच गुरुवार को कर्नाटक में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एक ऑनलाइन खुदरा सुविधा का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री यू टी खादर से मिली शिकायत के बाद हुई। शिकायत में कहा गया था कि क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीदे अंडे में कीड़ा मिला था। निरीक्षण में टूटे अंडे के पैकेट भी मिले। इसके बाद भंडारण कक्ष को अस्थायी रूप से बंद कर सील किया गया। प्रतिष्ठान को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी होगा।

क्वाड शेरपाओं ने व्यापार, समुद्री सुरक्षा पर सहयोग की समीक्षा की
क्वाड शेरपाओं की बैठक गुरुवार को नई दिल्ली में हुई। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी मेजबानी की। बैठक का लक्ष्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व स्थिरता सुनिश्चित करना था। सदस्य देशों के व्यापार, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में सहयोग की समीक्षा हुई। विदेश मंत्रालय ने बताया कि चर्चा में समुद्री व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि और उभरती प्रौद्योगिकियां मुख्य विषय रहे। ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रालय के सामरिक योजना के उप सचिव भी मौजूद थे। जापान के विदेश मामलों के वरिष्ठ उप मंत्री हिरोयुकी नामाजू और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उपस्थित रहे। शेरपाओं ने क्वाड की मौजूदा पहलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। अगली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले परामर्श जारी रखने पर सहमति बनी।

राज्य सरकार को झारखंड हाईकोर्ट से फटकार
झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में अध्यक्ष और सदस्यों के रिक्त पदों को भरने में देरी पर राज्य सरकार को फटकार लगाई। अदालत ने सरकार से पूछा कि संवैधानिक संस्था के खाली पदों को कब तक भरा जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी। कोर्ट ने कहा कि JPSC संवैधानिक संस्था है और अध्यक्ष का पद लंबे समय तक खाली नहीं रह सकता। पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते के 21 जुलाई को पद छोड़ने के बाद से यह पद रिक्त है। हाईकोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया था। 10 अगस्त को खियांगते की गिरफ्तारी भी हुई थी।

राजनाथ सिंह ने जारी किया 10 वर्ष का रक्षा दस्तावेज
भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक रक्षा साझेदारियों और रणनीतिक सहयोग का ब्लूप्रिंट तैयार करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा दस्तावेज जारी किया है। दस वर्ष का यह व्यापक नीति दस्तावेज रक्षा कूटनीति पर आधारित है। 
चार मुख्य स्तंभों पर आधारित रक्षा दस्तावेज
  • रणनीतिक साझेदारी: इसके तहत मित्र देशों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सुरक्षा सहयोग बढ़ाया जाएगा।
  • क्षमता विकास:  संयुक्त सैन्य अभ्यासों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देना और सहयोगी देशों के साथ रक्षा क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ तौर-तरीके साझा किए जाएंगे।
  • स्वदेशी रक्षा निर्यात: मेक इन इंडिया पहल के तहत घरेलू स्तर पर निर्मित रक्षा प्लेटफॉर्मों और हथियारों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाएगा ताकि भारत एक विश्वसनीय वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र  बन सके।
  • समुद्री सुरक्षा: हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की नेट सुरक्षा प्रदाता और प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता की भूमिका  और मजबूत होगी।

पत्नी हमेशा पति के पीछे चले, यह जरूरी नहीं: मद्रास हाईकोर्ट
मद्रास हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान अहम टिप्पणी की। हाईकोर्ट ने कहा कि पत्नी से हर हाल में यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह अपना घर-परिवार और सब कुछ छोड़कर हर समय पति के साथ रहे और उसके पीछे चलती रहे। जस्टिस जीआर स्वामीनाथन और जस्टिस एमडी सुमति की पीठ एक पारिवारिक मामले की सुनवाई कर रही थी। अदालत ने तंज कसते हुए कहा कि पत्नी से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह पुराने वोडाफोन विज्ञापन के उस पग कुत्ते की तरह हर जगह पति के पीछे-पीछे चलती रहे, जो अपने मालिक से हमेशा चिपका रहता था। वैवाहिक जीवन में हर स्थिति एक जैसी नहीं होती।

असम में 1.4 करोड़ की याबा गोलियां जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.4 करोड़ रुपये कीमत की 14 हजार याबा गोलियां जब्त की हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के अनुसार, यह कार्रवाई बदरपुर इलाके में दो वाहनों को रोककर की गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की। याबा गोलियां भारत में प्रतिबंधित हैं और इनमें मेथामफेटामाइन पाया जाता है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई गोलियों की कीमत करीब 1.4 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।

केरल में सड़क पर दौड़ती कार में लगी आग, सभी सवार सुरक्षित
केरल के पिरावोम में शुक्रवार सुबह एक कार में अचानक आग लग गई। घटना आट्टुथीरम पार्क के पास करीब सुबह 6.10 बजे हुई। अधिकारियों के अनुसार, 2009 मॉडल की मारुति ऑल्टो के आगे के हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं। कार में सवार लोग तुरंत बाहर निकल गए और पिरावोम दमकल एवं बचाव सेवा केंद्र को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने पानी की मदद से आग बुझा दी। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जली हुई कार को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। आग लगने की वजह जानने के लिए मोटर वाहन विभाग जांच करेगा।

मिथुन चक्रवर्ती बने बंगाल सरकार के सांस्कृतिक सलाहकार 
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने यह एलान न्यू टाउन में ‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान किया। न्यू टाउन में बनने वाला यह फिल्म सेंटर 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इसे सेंट्रल कोलकाता स्थित नंदन सांस्कृतिक केंद्र की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसमें तीन प्रमुख हिस्से होंगे। पहले हिस्से में 750-750 सीटों वाले दो सिनेमा हॉल, एक प्रीव्यू थिएटर, फूड कोर्ट और पार्किंग होगी। दूसरे हिस्से में 1,000 सीटों वाला ऑडिटोरियम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ओपन-एयर थिएटर बनाया जाएगा। तीसरे हिस्से में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स, एक्सटेंडेड रियलिटी और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए लैब व स्टूडियो होंगे। इस प्रोजेक्ट के डिजाइन को लेकर सीएम ने कहा कि अंतिम रूप देने का काम बंगाली सिल्वर-स्क्रीन जगत के विशेषज्ञों पर छोड़ दिया जाएगा और राज्य सरकार किसी भी परिस्थिति में इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी।

कोलकाता में मेट्रो कोच से उठा धुआं 
कोलकाता मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर दक्षिणेश्वर जा रही एक ट्रेन के एक कोच के नीचे से धुआं निकलता देखा गया। घटना करीब 4.10 बजे बेलगाछिया स्टेशन पर हुई, जिसके बाद कोच को खाली करा दिया गया। मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म एरिया में धुआं फैल गया था, लेकिन कर्मचारियों ने स्थिति को काबू में कर लिया। उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने या किसी बड़ी घटना की खबर नहीं है। जांच के लिए ट्रेन के रेक को कार शेड ले जाया गया, जबकि प्रभावित ट्रेन के यात्रियों ने अगली ट्रेन से अपनी यात्रा जारी रखी। प्रवक्ता के मुताबिक, इस घटना का ब्लू लाइन पर अप या डाउन दिशा में मेट्रो सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा।

भारत को ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे कदम
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों के लिए मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार कर भारत को खेलों के क्षेत्र में एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। अहमदाबाद में 5 से 9 सितंबर तक आयोजित हो रही ‘वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज़’ के उद्घाटन समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि देश में विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक प्रशिक्षण और कोचिंग इंफ्रास्ट्रक्चर दुनिया भर के एथलीटों के लिए प्रमुख कोचिंग हब बनेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात खेल प्रशिक्षण, सुविधाओं और खेल उपकरण निर्माण के साथ-साथ स्पोर्ट्स इंजरी के इलाज और मेडिकल साइंस का भी प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। शाह ने कहा कि लक्ष्य केवल अधिक से अधिक पदक जीतना नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करना है। उन्होंने अहमदाबाद में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी को लेकर खुशी जताई और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए शहर की दावेदारी पर भरोसा व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद 2025-26 के दौरान करीब 10 अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार है।

असम में नशा तस्करी मामले में तीन दोषियों को 15 साल की सजा
असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले की विशेष अदालत ने छह साल पुराने नशा तस्करी मामले में तीन दोषियों को 15-15 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने तीनों पर दो-दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोषियों में मणिपुर के शकील खान और मोहम्मद याहिया खान तथा बिहार के मिथिलेश कुमार शामिल हैं। जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें एक साल की अतिरिक्त जेल काटनी होगी। तीनों को अक्तूबर 2020 में गुवाहाटी के सिक्स माइल इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 2.146 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ था। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति के बेटे भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे और नेता नमल राजपक्षे को भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों की चल रही जांच के सिलसिले में की गई है। नमल पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के सबसे बड़े पुत्र हैं। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और दस्तावेजों की गहराई से छानबीन कर रही हैं।

कोलकाता में छात्र के माथे से तिलक हटाने पर शिक्षिका निलंबित
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की दखल के बाद कोलकाता के निजी मिशनरी स्कूल ने एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। शिक्षिका पर आरोप है कि उसने छात्र के माथ से बार-बार चंदन का तिलक हटा दिया था। इस मामले में शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। यह मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आया, जिसमें छात्र ने आरोप लगाया कि विद्यालय में प्रवेश करने से पहले शिक्षिका उसके माथ पर लगे तिलक को मिटा देती थी। इसके बाद शैक्षणिक संस्थानों में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर तीखा विवाद छिड़ गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने इस पर गौर किया और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट करने के आरोप में शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी को भी निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी कर्मचारियों की ओर से किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

भागवत ने ब्रिटेन में मंदिर, गुरुद्वारे के किए दर्शन 
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में ब्रिटेन में हैं। लंदन में उन्होंने शुक्रवार को विल्सडेन स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर और खालसा जत्था ब्रिटिश आइल्स गुरुद्वारे में पूजा की। संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुनील आंबेकर ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता और वसुधैव कुटुंबकम का संदेश साझा करना है। सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ प्रमुख रविवार को हिंदू स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सेलिब्रेशन ऑफ वननेस विषय पर मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में ब्रिटेन के 310 से अधिक संगठन हिस्सा लेंगे। इस दौरान मोहन भागवत प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरे पर भागवत धर्मगुरुओं, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं से संवाद करेंगे। इससे पहले भागवत ने बृहस्पतिवार को ब्रिटिश सांसदों, उद्योगपतियों और प्रवासी भारतीयों के साथ गोलमेज बैठकें भी कीं। भागवत अमेरिका, कनाडा के बाद ब्रिटेन पहुंचे हैं।

शुद्धीकरण मामले में बंगलूरू में उत्तराखंड भाजपा सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
कर्नाटक में बंगलूरू के विधान सौध पुलिस थाने में उत्तराखंड भाजपा के सदस्यों और अन्य के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। यह मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में हुई रैली स्थल के शुद्धीकरण से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस के एसटी विभाग के पूर्व उपाध्यक्ष टीआर रामप्पा ने 31 अगस्त को दी गई शिकायत में कहा कि खरगे की रैली के बाद भाजपा के कुछ सदस्यों और पदाधिकारियों ने 10 अगस्त को जनसभा स्थल का शुद्धीकरण किया। इसका मकसद आपत्तिजनक, अपमानजनक और जातिवादी सोच दिखाना था कि अनुसूचित जाति के मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी ने जगह को अपवित्र कर दिया। इसलिए इस जगह को रस्म के जरिये शुद्ध करने की जरूरत थी। शिकाय में कहा गया है कि यह न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि खरगे की गरिमा और सामाजिक स्थिति के खिलाफ जानबूझकर किया गया और बेहद अपमानजनक कृत्य है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया के सामने शुद्धीकरण की रस्म का बेशर्मी से बचाव किया, उसे सही ठहराया और उसका समर्थन किया।

विज्ञापन

कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से मचा हड़कंप
कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम गोरखपुर जा रही एक उड़ान के वॉशरूम में टॉयलेट पेपर रोल के अंदर रखे टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और CISF कर्मियों, बम निरोधक दस्ते तथा स्निफर डॉग्स की मदद से विमान की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने पर उड़ान ने रात करीब 8:45 बजे गोरखपुर के लिए उड़ान भरी। घटना के चलते एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें