फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश की खबर: बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में नेहरू की प्रतिमा जंगल में फेंकी, कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी

Sun, 30 Aug 2026 10:03 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कर्नाटक लोक सेवा आयोग की पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में सीआईडी ने आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप के बाद यह कार्रवाई की गई। गंगवार से सीआईडी ने शुक्रवार और शनिवार को पूछताछ की थी। वह जांच अधिकारी की ओर से जारी नोटिस के जवाब में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन


अधिकारियों के अनुसार, 23 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बेंगलुरु और बरेली स्थित गंगवार के परिसरों पर छापेमारी की थी। यह जांच KPSC द्वारा आयोजित पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित घोटाले से जुड़ी है। गंगवार 2016 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में कर्नाटक के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में MSME निदेशक के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह KPSC में परीक्षा नियंत्रक के रूप में कार्यरत थे। इस साल मार्च में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था। जांच में कथित भर्ती घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

नदियों में उफान, झारखंड के कई इलाकों में खतरा
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वर्णरेखा और खरखाई नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद शनिवार रात को अलर्ट जारी किया। खरखाई नदी लाल निशान से 1.32 मीटर ऊपर बह रही थी, वहीं स्वर्णरेखा नदी में पानी का स्तर मानगो पुल स्थल पर खतरे के स्तर 121.50 मीटर के मुकाबले 120.24 मीटर था। दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है और एहतियात के तौर पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।
विज्ञापन

नीट-पीजी से एक दिन पहले युवती ने की आत्महत्या
हैदराबाद में नीट-पीजी की तैयारी कर रही 26 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। वह परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को निजी हॉस्टल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर मृत पाई गई। आंध्र प्रदेश की रहने वाली यह डॉक्टर एमबीबीएस पूरा कर सात महीनों से यहां नीट-पीजी की तैयारी कर रही थी और रविवार को परीक्षा देने वाली थी। कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि वह इंटरमीडिएट के समय से डिप्रेशन से जूझ रही थी। इसके लिए दवा भी ले रही थी। नोट में नीट का कोई जिक्र नहीं था। शनिवार सुबह पिता से बात के बाद उसका फोन बंद हो गया, जिसके बाद हॉस्टल स्टाफ ने उसे बेहोश हालत में पाया और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिक्कड़पल्ली थाने में मामला दर्ज किया गया है। 

कोलकाता में जीजा ने साले को मारी गोली, पेट में लगीं कई गोलियां; वारदात के बाद आरोपी फरार
कोलकाता के पाथुरियाघाटा इलाके में शनिवार देर रात एक व्यक्ति पर उसके कथित जीजा ने गोली चला दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घायल की पहचान संतोष चौधरी के रूप में हुई है। आरोप है कि कार्तिक सोनकर ने बेहद नजदीक से उस पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली संतोष के पेट में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही, गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों और घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि यह वारदात पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकती है। घायल के परिजनों के अनुसार, आरोपी का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस वजह से परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी उसके मतभेद हो गए थे। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते संतोष को निशाना बनाया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ गोलीबारी के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।

लद्दाख को अनुच्छेद 371 के तहत जल्द ही मिल सकते हैं विशेष प्रावधान : रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को जल्द संविधान के अनुच्छेद 371 के तहत विशेष प्रावधान मिल सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय इस दिशा में काम कर रहा है। लेह जिले के शेय स्थित ड्रुक पद्मा करपो स्कूल के रजत जयंती संस्थापक दिवस समारोह में पहुंचे रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख को विशेष महत्व देते हैं। लद्दाख उनके दिल के बहुत करीब है। प्रस्तावित प्रावधान जल्द लागू होंगे और इससे लद्दाख के लोगों को लाभ मिलेगा। हालांकि, रिजिजू ने इस संबंध में किसी सरकारी अधिसूचना या अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की। उनके बयान से स्पष्ट है कि प्रस्ताव विचाराधीन है।

सड़क संपर्क में हुआ बड़ा सुधार
रिजिजू ने प्रधानमंत्री के निकट भविष्य में लद्दाख दौरे के भी संकेत दिए। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री लंबे समय से क्षेत्र का दौरा करना चाहते हैं ताकि स्थानीय लोगों से बातचीत कर सकें। हालांकि, इस दौरे की अभी कोई निश्चित तारीख या आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि जिन यात्राओं को पहले पूरा करने में कई दिन लगते थे। अब बेहतर सड़क संपर्क के कारण कुछ ही घंटों में पूरा किया जा सकता है।

हेमंग जोशी सोमवार को बीजेवाईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संभालेंगे पदभार
वडोदरा से भाजपा सांसद हेमंग जोशी सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे। पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वह औपचारिक रूप से जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे। जोशी को इसी महीने भाजपा के युवा संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बीजेवाईएम के अनुसार, जोशी की राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति और जमीनी संगठनात्मक कार्य से शुरू होकर संसद और अब राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी तक पहुंची है। 2024 में 33 वर्ष की उम्र में वह वडोदरा से लोकसभा के लिए चुने गए और गुजरात के युवा सांसदों में शामिल हुए।

हेमंग जोशी इससे पहले बीजेवाईएम की गुजरात इकाई के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से 2015 में फिजियोथेरेपी में स्नातक और 2016 में मानव संसाधन प्रबंधन में परास्नातक किया। उन्होंने नेतृत्व विषय पर डॉक्टरेट शोध भी किया है। इस कार्यक्रम में बीजेवाईएम के निवर्तमान अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, राष्ट्रीय प्रभारी सुनील बंसल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

सीबीआई ने पूर्व WAPCOS उप मुख्य अभियंता के खिलाफ मामला दर्ज किया
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने WAPCOS के पूर्व उप मुख्य अभियंता एवं परियोजना प्रबंधक पंकज दुबे के खिलाफ कथित तौर पर कारोबारी से अनुचित लाभ लेने के आरोप में नया मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, दुबे पर होटल में ठहरने और हवाई टिकट जैसी सुविधाएं लेने का आरोप है। संबंधित कारोबारी की कंपनियों ने WAPCOS के जरिए जल जीवन मिशन (JJM) की 10 परियोजनाएं हासिल की थीं। FIR में कारोबारी जिगर देसाई, शील राइडोट तथा राइडोट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और उत्कर्ष सॉफ्टवेयर सर्विसेज को भी कथित आपराधिक साजिश में आरोपी बनाया गया है। दुबे पहले से एक रिश्वत मामले की जांच के दायरे में हैं। आरोपियों की तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

विज्ञापन

बंगाल में नेहरू की प्रतिमा जंगल में फेंकी, कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की एक बड़ी प्रतिमा को क्रेन से उखाड़कर जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखा राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। दोनों दल इस मामले को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा को 24 घंटे के भीतर उसके मूल स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस और प्रशासन ने तय समय सीमा के भीतर उचित कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस एक बड़ा और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दुर्गापुर स्थित हर्षवर्धन प्राइमरी स्कूल के पास बने एक ध्यान केंद्र के सामने लगी इस प्रतिमा को शुक्रवार को रक्षाबंधन के एक कार्यक्रम के लिए हटा दिया गया। इस कार्यक्रम में दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी भी मौजूद थे।
भाजपा ने आरोपों को खारिज किया

भाजपा ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि इस घटना में पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में दो गुट हैं। एक गुट गुप्त रूप से तृणमूल कांग्रेस के साथ मिल गया है। तृणमूल ने ही जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति को गिराया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें