फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: माणिक सरकार के काफिले को रोका, काले झंडे दिखाए; तमिलनाडु में आरटीआई को लेकर विवादित आदेश वापस

Sun, 27 Sep 2026 10:55 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दावा किया कि एसआईआर के तहत 13 करोड़ से ज्यादा मतदाता प्रभावित हुए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग के अनुसार करीब 13 करोड़ नामों को मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित या डुप्लीकेट के तौर पर चिह्नित किया गया है, इन्हें अंतिम सूची से हटाया जाना अलग प्रक्रिया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि इनमें 2.8 करोड़ नाम मृत मतदाताओं के हैं और सवाल उठाया कि ऐसे नाम वोटर लिस्ट में बने रहने से किसे फायदा होता। इसके जवाब में पवन खेड़ा ने पूछा कि अगर 13 करोड़ में से 2.8 करोड़ नाम मृत लोगों के हैं, तो बाकी करीब 10.2 करोड़ नामों का क्या हुआ। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया और वोटर लिस्ट की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।

विज्ञापन


विधायकों पर क्या बोले सीएम शिवकुमार?
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया है कि राज्य के एक दर्जन विधायकों ने दो शादियां की हैं। उन्होंने कहा कि वह नाम भी गिना सकते हैं। व्यक्तिगत टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, डीके ने यह बात बंगलूरू के विकास का उल्लेख करते हुए कही। शिवकुमार ने कहा, बंगलूरु का आकर्षण ऐसा है कि जो भी यहां आता है, वह कभी वापस नहीं जाता। इस पर बीजेपी विधायक एस. सुरेश कुमार ने कड़ा विरोध जताते हुए सीएम से विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।

मध्य प्रदेश के दिव्यांग रामबरन ने फतह किया इंग्लिश चैनल
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड के डोवर से फ्रांस तक 42 किलोमीटर से अधिक का समुद्री सफर 21 घंटे 20 मिनट में पूरा किया। रामबरन की हिम्मत के आगे न तो शारीरिक अक्षमता आड़े आई न ही समुद्र के 15 डिग्री से कम तापमान वाला ठंडा पानी। रामबरन ने इंग्लिश चैनल को पार करने का अभियान 24 सितंबर को सुबह 8 बजकर 58 मिनट पर इंग्लैंड के डोवर तट से शुरू किया। 25 सितंबर की सुबह 6 बजकर 18 मिनट पर फ्रांस के तट पर पहुंचे और तिरंगा लहरा दिया। 
विज्ञापन


निर्मला सीतारमण तीन दिन के कतर दौरे पर, AIIB की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 27 से 29 सितंबर तक कतर के दौरे पर रहेंगी। वह वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। इस दौरान वह 28 सितंबर को दोहा में होने वाली एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) की 11वीं वार्षिक बैठक में भारत की ओर से हिस्सा लेंगी। सीतारमण एआईआईबी में भारत की गवर्नर के तौर पर बैठक में शामिल होंगी। भारत बैंक का दूसरा सबसे बड़ा शेयरधारक है। दौरे के दौरान वित्त मंत्री एआईआईबी के अध्यक्ष और जॉर्डन, स्विट्जरलैंड, अल्जीरिया, सऊदी अरब और नेपाल के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगी। इसके अलावा वह कतर सरकार के वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात करेंगी और वहां के कारोबारियों व निवेशकों से भी बातचीत करेंगी।

Trending Videos

मणिपुर में उग्रवादियों ने दो नगा नागरिकों की गोली मारकर की हत्या, दो घायल

मणिपुर के सेनापति जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया। यह वारदात शनिवार दोपहर करीब 3 बजे नगा बहुल जिले के कालेन्जांग गांव में हुई। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने हमले को कायरतापूर्ण कृत्य बताया। अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों के हमले में रॉकी माओ और कुमार पोमाई मारे गए जबकि अदानी मानियो, आशीहो सानी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सेनापति जिले के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों के शवों को सेनापति जिला अस्पताल ले जाया गया। ये हत्याएं यूनाइटेड नगा काउंसिल की ओर से राज्य में नेशनल हाईवे पर चार महीने से चल रही आर्थिक नाकेबंदी को रोकने के फैसले की घोषणा से ठीक एक घंटे पहले हुईं।

दो दिन पहले भी चार लोगों की हत्या कर दी गई थी

24 सितंबर की रात अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में म्यांमार के संदिग्ध उग्रवादियों ने चार तंगखुल नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सितंबर में तामेंगलोंग, कांगपोकपी, नोनी और कामजोंग जिलों में संदिग्ध उग्रवादियों के अलग-अलग हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं।

मानसिक क्रूरता वाली चैट नजरअंदाज नहीं कर सकते :  हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा कि मानसिक क्रूरता दर्शाने वाली व्हाट्सएप चैट को सिर्फ भारतीय साक्ष्य अधिनियम की औपचारिकताओं का पालन नहीं होने के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि पारिवारिक विवादों की सुनवाई में फैमिली कोर्ट को प्रासंगिक सामग्री पर विचार करने की व्यापक शक्ति प्राप्त है। हाईकोर्ट ने इस आधार पर एक महिला को तलाक की मंजूरी दी। मामला अर्चना सिंह और आनंद कुमार गुप्ता का है, जिनका विवाह 5 दिसंबर 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पत्नी ने पति पर दुर्व्यवहार, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और दहेज की मांग करने समेत कई आरोप लगाए थे। उसने यह भी कहा था कि पति ने उसे और उसकी बहनों को आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजे।

झारखंड: मॉल में अंधाधुंध फायरिंग, 4 गंभीर घायल
झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार दोपहर एक मॉल में अज्ञात लोगों की अंधाधुंध गोलीबारी में चार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के एक रेस्तरां में चारों पीड़ित खाना खा रहे थे। उसी समय हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। आरोपियों ने 11 राउंड फायर किए। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ऑरोविले में साहित्य उत्सव का मंच बना प्रशासनिक संवाद का जरिया, सीतारमण से मिले कैलाशनाथन और जयंती रवि
साहित्य उत्सव का मंच इस बार प्रशासनिक संवाद का भी जरिया बना। पुडुचेरी में आयोजित पाँडी लिट फेस्ट के दौरान केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल और ऑरोविले फाउंडेशन की सचिव ने केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण उत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। देश भर से कई जाने माने लेखक, विचारक और वक्ता इस आयोजन में पहुंचे। उत्सव से इतर हुई बैठक में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और ऑरोविले फाउंडेशन की सचिव डॉ. जयंती एस. रवि ने वित्त मंत्री से भेंट की। दोनों अधिकारियों ने पुडुचेरी के विकास कार्यों और ऑरोविले की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में केंद्र सरकार से मिल रहे लगातार समर्थन का उल्लेख किया। मुलाकात के दौरान डॉ. जयंती रवि ने वित्त मंत्री को ऑरोविले में हाथ से बनी चुनिंदा हस्तशिल्प वस्तुएं भेंट कीं। ऑरोविले अपनी टिकाऊ जीवनशैली, पर्यावरण के प्रति सजग सोच और कलात्मक परंपरा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है। वहां के कारीगरों की बनाई हस्तशिल्प वस्तुएं इसी पहचान का हिस्सा मानी जाती हैं। उपराज्यपाल कैलाशनाथन ने पिछले वर्ष अगस्त में पुडुचेरी का कार्यभार संभाला था और इससे पहले वे लंबे समय तक गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ भूमिका में रहे हैं।

माणिक सरकार के काफिले को रोका, काले झंडे दिखाए; पुलिस ने सुरक्षित पहुंचाया
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार को रविवार को पश्चिम त्रिपुरा जिले में विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, वे DYFI के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने उनके वाहन को घेर लिया और वापस जाने के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे भी दिखाए। सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF के जवान मौके पर पहुंचे और माणिक सरकार को सुरक्षित स्थानीय CPI(M) कार्यालय तक पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया और सुरक्षित अगरतला लौट गए। CPI(M) और कांग्रेस ने घटना की निंदा की है। दोनों दलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। भाजपा की ओर से आरोपों पर तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

केरल सरकार की वेबसाइट हैक, पाकिस्तानी समूह ने जिम्मेदारी का दावा किया
केरल सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट रविवार सुबह हैक कर ली गई। अधिकारियों के अनुसार, वेबसाइट पर पाकिस्तान का झंडा और पाकिस्तान के समर्थन में एक संदेश पोस्ट किया गया। वेबसाइट पर खुद को 'Team Blackleets' बताने वाले समूह ने हैकिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। मामला सामने आने के बाद वेबसाइट की होस्टिंग सेवा को निलंबित कर दिया गया। साइबर टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि हैकिंग के दौरान किसी तरह का डेटा लीक हुआ या नहीं। अधिकारियों ने कहा कि वेबसाइट को सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दोबारा शुरू किया जाएगा। मामले की शिकायत साइबर पुलिस में दर्ज कराई जाएगी। केरल स्टेट आईटी मिशन राज्य की कई प्रमुख सरकारी वेबसाइट और ई-गवर्नेंस सेवाएं संचालित करता है।

राजकोट में कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
गुजरात के राजकोट जिले में रविवार सुबह सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गोंडल-आटकोट रोड पर एक बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर के बाद कार भी पलट गई, हालांकि उसमें सवार दोनों लोग सुरक्षित रहे। मृतकों की पहचान अनिडा भालोड़ी गांव निवासी जयेश बगड़ा (40), उनकी पत्नी शारदा (36) और बेटे व्रज (13) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

असम में फिर लौटे हाथी, पिग्मी हॉग की संख्या भी बढ़ी; PM मोदी ने की संरक्षण की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में असम के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों का उल्लेख किया। इसके बाद असम मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि राज्य सरकार वन और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ खो चुके प्राकृतिक आवासों को बहाल करने पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने सोनाई रूपाई वन्यजीव अभयारण्य का उदाहरण देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद यहां हाथियों की मौजूदगी फिर दिखाई देने लगी है। उन्होंने पिग्मी हॉग संरक्षण कार्यक्रम का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, कुछ साल पहले केवल छह पिग्मी हॉग से शुरू किए गए संरक्षण प्रयासों के बाद इनकी संख्या 190 से अधिक हो गई है। असम के वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने कहा कि वैज्ञानिक प्रजनन, आवास बहाली और जंगल में दोबारा बसाने के प्रयासों से पिग्मी हॉग की संख्या करीब 200 तक पहुंची है।

तमिलनाडु में RTI को लेकर विवादित आदेश वापस, सरकार ने जारी किया नया फैसला
तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था विभाग को RTI कानून के दायरे से बाहर रखने वाला विवादित आदेश रविवार को वापस ले लिया। सरकार ने 21 सितंबर को जारी उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें सार्वजनिक कानून-व्यवस्था विभाग को 'इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन' की श्रेणी में रखा गया था। इस फैसले के बाद विभाग से जुड़ी कई जानकारियां RTI के जरिए हासिल करना मुश्किल हो सकता था। आदेश के खिलाफ पारदर्शिता से जुड़े संगठनों और सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों ने भी सवाल उठाए थे। VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने इसे मानवाधिकारों पर असर डालने वाला फैसला बताया था। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी आदेश पर आपत्ति जताई थी। सरकार के फैसले वापस लेने के बाद उन्होंने इसका स्वागत किया। विवादित आदेश को लेकर राजनीतिक बहस के बाद यह कदम उठाया गया।

नंदीग्राम में TMC नेता के घर पुलिस की तलाशी, पुराने मामलों में जारी हैं वारंट
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में पुलिस ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहबुद्दीन के घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 2007, 2009 और 2011 में दर्ज मामलों से जुड़ी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन मामलों में शाहबुद्दीन के नाम पर वारंट जारी हैं। पुलिस टीम जब उनके घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं थे। परिवार के सदस्यों ने इस कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं की। यह तलाशी नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले हुई है। यह सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भबानीपुर सीट बरकरार रखने के बाद खाली हुई थी। टीएमसी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे चुनाव से हट चुकी हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को भी पुराने मामलों में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।

उपराष्ट्रपति बोले- संघर्ष और संकट के दौर में तकनीक से ज्यादा जरूरी इंसानियत
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को कहा कि दुनिया इस समय संघर्ष, मानवीय संकट और प्राकृतिक आपदाओं जैसी कई चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में मानवता को तकनीकी विकास से ज्यादा करुणा और संवेदनशीलता की जरूरत है। उन्होंने यह बात केरल के कोल्लम में माता अमृतानंदमयी के 73वें जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के लिए बुनियादी ढांचे, तकनीक, निवेश और आर्थिक विकास के साथ मानवीय संवेदना भी जरूरी है। कार्यक्रम में केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। आर्लेकर ने माता अमृतानंदमयी के सेवा कार्यों को प्रेरणादायक बताया। मुख्यमंत्री ने भी कहा कि समाज की सेवा में काम शब्दों से ज्यादा प्रभावी होते हैं।

अरुणाचल में स्कूल निर्माण स्थल से दो मजदूरों का अपहरण, हथियारबंद लोगों पर शक
अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में एक स्कूल निर्माण स्थल से दो मजदूरों के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात तीन अज्ञात हथियारबंद लोग बाराप गांव में विवेकानंद केंद्र विद्यालय के निर्माण स्थल पर पहुंचे और एक मजदूर तथा साइट सुपरवाइजर को अपने साथ ले गए। यह इलाका भारत-म्यांमार सीमा के पास है। तिरप के पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंह ने बताया कि दोनों की सुरक्षा और उनके ठिकाने की अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। लाजू पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। अरुणाचल पुलिस, असम राइफल्स और CRPF की संयुक्त टीमें इलाके में खोज अभियान चला रही हैं। पुलिस अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपहरण के पीछे कौन सा हथियारबंद समूह है और घटना के पीछे क्या वजह थी।

ओडिशा में 9.24 करोड़ रुपये के सरकारी फंड की कथित हेराफेरी, चार और गिरफ्तार
ओडिशा विजिलेंस विभाग ने सरकारी फंड की कथित हेराफेरी के मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, भुवनेश्वर के रोड्स एंड बिल्डिंग्स डिवीजन-I के कार्यालय में 9.24 करोड़ रुपये की सरकारी राशि को कथित तौर पर निजी बैंक खातों में भेजा गया। इससे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या छह हो गई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 2022-23 से 2025-26 के बीच कथित तौर पर फर्जी मंजूरी आदेश और बिल तैयार किए। असली बिलों में अधिकृत लाभार्थियों के बैंक खाते होते थे, जबकि कथित फर्जी बिलों में आरोपियों के रिश्तेदारों और सहयोगियों के खाते दर्ज किए गए। शनिवार को दो कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद रविवार को दो चपरासी और दो निजी डेटा एंट्री ऑपरेटरों को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

बाढ़ में 12 घंटे तैरती रहीं 78 वर्षीय महिला, दो मछुआरों ने बचाई जान
ओडिशा के जाजपुर जिले में बाढ़ के तेज बहाव में बह गई 78 वर्षीय महिला को करीब 12 घंटे बाद सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, काशी डलई शनिवार रात करीब नौ बजे ब्राह्मणी नदी के तेज बहाव में बह गई थीं। वह प्राकृतिक जरूरत के लिए घर से बाहर गई थीं। रविवार सुबह करीब 10 बजे बालिपटना गांव के दो मछुआरों ने उन्हें नदी में बहते हुए देखा। दोनों ने तुरंत अपनी नाव महिला की ओर बढ़ाई और उन्हें पानी से बाहर निकाला। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, काफी थकान के बावजूद उनकी हालत इलाज के बाद स्थिर है। परिवार ने दोनों मछुआरों का आभार जताया है। भारी बारिश के कारण ओडिशा के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है।
विज्ञापन

गुजरात के राज्यपाल ने युवा शोधकर्ताओं से तर्क के आधार पर विज्ञान समझने को कहा
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने युवा शोधकर्ताओं से अंधविश्वास दूर करने और विज्ञान के विषयों को तार्किक नजरिए से समझने की अपील की है। वह महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आयोजित ‘वैदिक भारत यूथ थिंकर्स डायलॉग 2026’ में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने ‘प्रोजेक्ट विज्ञान दर्शन’ की शुरुआत की। देवव्रत ने युवा शोधकर्ताओं से भौतिकी, गणित, खगोल विज्ञान और आयुर्वेद जैसे विषयों का अध्ययन तर्क और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से करने को कहा। उन्होंने तकनीकी विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जरूरी बताया। राज्यपाल ने कहा कि वास्तविक स्थिरता के लिए तकनीक और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी है। उन्होंने वैदिक विज्ञान की प्रासंगिकता पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, भारत में प्राचीन समय से विज्ञान और ज्ञान की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि वेद, उपनिषद और प्राचीन ऋषियों का शोध उस दौर में विकसित उच्च स्तर के वैज्ञानिक ढांचे का प्रतिनिधित्व करते हैं। कार्यक्रम में पूर्व इसरो वैज्ञानिक चंद्रकांत रविकांति और वैदिक विद्वान भी शामिल हुए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें