असम में एक मुकदमे की सुनवाई के दौरान गौहाटी हाईकोर्ट ने कहा है कि पैन कार्ड व वोटर आईडी किसी व्यक्ति की भारतीय नागरिकता का ठोस सबूत नहीं हैं। कोर्ट ने कहा कि ये दस्तावेज स्व-घोषणा पर जारी किए जाते हैं, इसलिए जब तक इनके समर्थन में आधिकारिक रिकॉर्ड पेश न किए जाएं, इन्हें नागरिकता का पक्का प्रमाण नहीं माना जा सकता। जस्टिस कल्याण राय और जस्टिस सुष्मिता फुकन की खंडपीठ ने यह टिप्पणी कुलचन बेगम बनाम भारत सरकार मामले की सुनवाई के दौरान की।
ट्रेन में महिला से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार
केरलम के तिरुवनंतपुरम से मालाबार एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में रेलवे पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह चिरयिनकीझु रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं। ट्रेन में बहुत भीड़ थी। उन्हें पीछे से किसी के दबाव डालने का एहसास हुआ। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह भीड़ के कारण अनजाने में हुआ होगा। लेकिन जब यह बार-बार हुआ, तो उन्हें पता चला कि आरोपी जानबूझकर ऐसा कर रहा था। ट्रेन के पेट्टा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वह कूदकर भाग गया। जब महिला ट्रेन से उतरीं, तो आरोपी ने उनके प्रति अश्लील इशारे किए। पुलिस शिकायत की बात कहने पर उसने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
वायु प्रदूषण पर खरगे ने पूछा हवा का हिसाब कब देंगे मोदी
वायु प्रदूषण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी हवा का हिसाब कब देंगे। भारत प्रदूषण में विश्वगुरु बनता जा रहा है और भाजपा सरकार सिर्फ पीआर, टूटे वादे और आरोपों की राजनीति कर रही है। खरगे ने कहा कि पीएम ने 8 मई 2019 को वायु प्रदूषण को बड़ी चुनौती बताया था। इसके बाद भी इससे निपटने के लिए बहुत कम काम किया गया। खरगे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पिछले साल एक्यूआई निगरानी स्टेशनों के पास पानी के टैंकर चलाकर प्रदूषण के आंकड़े धोने के आरोप लगे थे। इस साल प्रदूषण चरम पर था तो दिल्ली के 59 में से 36 स्टेशनों से पीएम 2.5 की रीडिंग ही गायब हो गई। हालात की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 2023 में दिल्ली में 17,188 मौतें प्रदूषण की वजह से हुईं, यह कुल मौतों का 15 फीसदी है। 2021 में भारत में 5 साल से कम उम्र के 1,69,400 बच्चों की मौत प्रदूषण से जुड़े कारणों से हुई।
दरभंगा में शराब कारोबारी से लूट, 5 गिरफ्तार
बिहार के दरभंगा में पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि 7 नवंबर की रात 10 से 11 बजे के बीच पश्चिम बंगाल के एक शराब कारोबारी से लूट की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छोटू यादव को हिरासत में लिया गया। उसके घर से 5,94,100 रुपये बरामद हुए। बाद में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने लूट की साजिश रचने का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर एक वाहन से करीब 62 किलोग्राम चांदी मिली। कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी अपराध को अंजाम देने में शामिल थे। जब्त किए गए सामान में 62 किलोग्राम चांदी, 5,94,100 रुपये नकद, एक टाटा टिगोर, एक मारुति स्विफ्ट और एक मोबाइल फोन शामिल है। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया।
बंगाल में लिव-इन विवाद: युवक की हत्या, आरोपी प्रेमिका और मां गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में गरिया के फर्टाबाद इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप विवाद के चलते 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवक की प्रेमिका और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्यजीत बरुआ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और उसकी प्रेमिका के बीच तीखी बहस हुई थी। पहले वे अलग हुए, लेकिन बाद में हुए झगड़े ने घातक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को पटाखे खरीदने और दोपहर के भोजन के बाद उनके बीच तीखी बहस हुई। बाद में वे एक ही कमरे में गए, जहां यह घटना हुई। एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा कर नमूने एकत्र किए हैं। सभी संबंधित धाराएं लगाई गई हैं और आरोपी पांच दिनों की पुलिस हिरासत में हैं।
डबल मर्डर के आरोपी के पैर में पुलिस ने मारी गोली, सिपाही पर किया था हमला
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में डबल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिवनेसन पर दो नाबालिगों की हत्या का आरोप है। बुधवार को पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान उसने सिपाही मोहन पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। हमले में घायल सिपाही मोहन को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी डोंगरे प्रवीण उमेश ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना। आरोपी का भी इलाज जारी है।
कोलकाता में 7 से 9 जनवरी 2027 तक होगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को नई दिल्ली में 19वें प्रवासी भारतीय दिवस (PBD) 2027 की वेबसाइट लॉन्च की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और दुनिया के बीच एक जीवंत सेतु है, जो विचारों, ज्ञान, नवाचार, संस्कृति और उद्यमिता के वैश्विक आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण योगदान देता है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। जयशंकर ने बताया कि 19वां प्रवासी भारतीय दिवस पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से 7 से 9 जनवरी 2027 तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।
'जड़ों से वापसी'
इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'जड़ों से वापसी: भारत के साथ प्रवासी जुड़ाव को फिर से मजबूत करना' रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीयों, विशेषकर युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक, सभ्यतागत और पारिवारिक विरासत से जोड़ना तथा आधुनिक भारत को समझने के अवसर प्रदान करना है। जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि प्रवासी भारतीय दिवस महात्मा गांधी की 9 जनवरी 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत वापसी की स्मृति में मनाया जाता है। इस दौरान विशेष 'भारत को जानिए' क्विज भी लॉन्च किया गया, जो एआई आधारित सार्वजनिक कूटनीति मंच के माध्यम से एक महीने से अधिक समय तक चलेगा। इसके विजेताओं को भारत की 10 दिवसीय यात्रा पर आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन की वेबसाइट पर कार्यक्रम, यात्रा एवं अन्य व्यवस्थाओं के साथ कोलकाता के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। जयशंकर ने कहा कि यह आयोजन भारतीय प्रवासियों के साथ साझा विरासत का उत्सव मनाने के साथ भविष्य में सहयोग और संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी बनेगा।
TVK और DMK शासन को बताया एक जैसा
तमिलनाडु के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने बुधवार को राज्य की TVK सरकार पर तीखा हमला बोला। तिरुत्तनी के श्री सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कहा कि TVK और पिछली DMK सरकार के शासन में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने छह महीने के कार्यकाल को जीरो नंबर देते हुए आरोप लगाया कि महंगाई, अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति से जनता परेशान है। मुरुगन के मुताबिक, चावल समेत जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हैं, 3,000 से अधिक टेंडर रद्द होने से विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और सरकार ने छह महीने में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने के वादे को भी अधूरा बताया। विधायकों से जुड़े विवादों पर उन्होंने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। मेकेदातु बांध विवाद पर भी उन्होंने राज्य सरकार से तमिलनाडु के जल अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।
NDA सरकार की विदेश नीति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद ने बुधवार को केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली NDA सरकार की विदेश नीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा सरकार की विदेश नीति से कई स्पष्ट मतभेद हैं। खुर्शीद के मुताबिक, वर्तमान विदेश नीति में नैतिकता, मूल्यों और व्यापक दृष्टिकोण की कमी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विदेश नीति महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की गुटनिरपेक्षता की विचारधारा पर आधारित है। हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर को आयोजित होने वाले भारत समिट का उद्देश्य वैश्विक संबंधों को लेकर कांग्रेस का दृष्टिकोण सामने रखना है। इस सम्मेलन में 70 देशों के करीब 1,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें नए वैश्विक व्यवस्था, भारत की रणनीतिक भूमिका, सहकारी संघवाद और चुनावी निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में 'अवर वर्ल्ड' नाम से एक नए थिंक टैंक की स्थापना पर भी जोर रहेगा।
तमिलनाडु में जल्द होगी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति
तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन ने बुधवार को कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े कुलपति (VC) के पदों पर नियुक्ति का मामला जल्द सुलझा लिया जाएगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के साथ हालिया बैठक में इस संबंध में प्रारंभिक सहमति बनी है और एक सप्ताह के भीतर फिर बैठक होने की संभावना है। फिलहाल अलगप्पा, मनोनमनियम सुंदरनार और अन्नामलाई विश्वविद्यालयों में वरिष्ठ प्रोफेसरों को अंतरिम जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री ने बताया कि सरकार 2,000 करोड़ रुपये की योजना के तहत कला-विज्ञान, इंजीनियरिंग, कृषि और पॉलिटेक्निक कॉलेजों के विद्यार्थियों को लैपटॉप देगी। इसके अलावा, प्रोफेसरों की करियर एडवांसमेंट स्कीम लागू कर दी गई है और अतिथि व्याख्याताओं के वेतन में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। राज्य में प्रोफेसरों के 9,000 पद खाली हैं, जिनमें से 2,700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। शेष करीब 6,000 पदों के लिए अगले दो वर्षों में भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
फाल्टा में टीएमसी नेता की इमारत पर चला बुलडोजर
पश्चिम बंगाल के फाल्टा में प्रशासन ने टीएमसी नेता जहांगीर खान की अवैध बहुमंजिला इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में शिकायतकर्ता और भाजपा नेता बिधान पडुई ने कहा कि 2018 से फाल्टा में लोकतंत्र को कुचला जा रहा है और वे लंबे समय से इस कथित तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल सत्ता में आने के बाद शुरू नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने जहांगीर खान के हर कथित अवैध काम के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया है। पडुई के मुताबिक, प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया है और इमारत के मालिक को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि वह इस मामले को लेकर हाई कोर्ट गए थे, जहां उन्हें जीत मिली। पडुई ने प्रशासन की कार्रवाई को फाल्टा के आम लोगों की जीत बताते हुए कहा कि अब कानून ने अपना काम किया है।
कोलकाता में 7 से 9 जनवरी 2027 तक होगा प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन
19वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समापन सत्र की अध्यक्षता कर प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को नई दिल्ली में सम्मेलन की वेबसाइट लॉन्च कर रजिस्ट्रेशन शुरू किया। इस बार की थीम ‘रूट्स टू रिटर्न’ है। सम्मेलन की शुरुआत युवा प्रवासी भारतीय दिवस से होगी। साथ ही 11 नवंबर से 20 दिसंबर तक विशेष भारत को जानिए क्विज आयोजित होगा। तीन श्रेणियों के विजेताओं को 10 दिवसीय भारत भ्रमण और कोलकाता में सम्मेलन में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
ओडिशा में लूट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या का आरोपी सूरत से गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने भुवनेश्वर में रिटायर्ड डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर की 76 वर्षीय पत्नी कुंजलता नंदा की हत्या और लूट के आरोपी 40 वर्षीय बलभद्र रामचरण महाराणा को सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले चार महीने से महिला के घर केयरटेकर के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने 3 नवंबर को कुंजलता की गला घोंटकर हत्या की और 32 हजार रुपये नकद व 50-60 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। वह पहले पंजाब के लुधियाना और फिर सूरत पहुंचा था। पुलिस ने करजन में संयुक्त अभियान चलाकर उसे पकड़ा। लूटा गया कुछ सामान बरामद हुआ है।
14 नवंबर को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बैठक में शामिल होंगे राहुल गांधी
छह लाख कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का करेंगे ऐलान: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग वर्कर्स (ऐप आधारित कामगारों) की रैली में शामिल होंगे और उनके लिए कल्याणकारी उपायों की घोषणा करेंगे। तेलंगाना के श्रम मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब छह लाख गिग वर्कर्स हैं। राहुल गांधी 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के भारत समिट में भी हिस्सा लेंगे। रैली सिल्पकला वेदिका ऑडिटोरियम से हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर तक निकाली जाएगी। इसमें केवल गिग वर्कर्स शामिल होंगे। सरकार पंजीकृत कामगारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक ऐप भी शुरू करेगी।
'जीएनए बिजली खरीद विवाद में अधिकारियों के बजाय मुख्यमंत्री की हो जांच'
केरलम में जीएनए बिजली खरीद विवाद को लेकर विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के खिलाफ जांच की मांग की है। बुधवार को जारी बयान में विजयन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निजी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए बिजली खरीदने के सरकार के प्रस्ताव पर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग दोहराते हुए दावा किया कि सचिवालय के बाहर से एक अदृश्य समूह सरकारी फाइलों को नियंत्रित कर रहा है। विजयन ने कहा कि राज्य में बिजली संकट कृत्रिम रूप से पैदा किया गया, ताकि बड़े बिजली खरीद समझौतों की आड़ में भ्रष्टाचार किया जा सके। उन्होंने सतीशन को चुनौती दी कि वे साबित करें कि विपक्ष ने हिमाचल प्रदेश से बिजली खरीदने की मांग की थी।
हिरियूर उपचुनाव की तैयारियों को लेकर शिवकुमार ने कांग्रेस नेताओं से की चर्चा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को आगामी हिरियूर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री और चित्रदुर्ग जिले के प्रभारी रघुमूर्ति तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी.एन. चंद्रप्पा मौजूद रहे। बैठक में उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। शिवकुमार ने एनडीए की ओर से मजबूत उम्मीदवार उतारे जाने की संभावना को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर जनसंपर्क मजबूत करने और एकजुट होकर काम करने को कहा। उन्होंने मतदाताओं तक राज्य सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया। विधायक एवं मंत्री डी. सुधाकर के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। चुनाव आयोग जल्द ही उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।