वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी जल्द मिलेगा मांसाहारी भोजन
हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी जल्द ही मांसाहारी भोजन परोसा जाएगा। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के मेन्यू में एक सप्ताह के भीतर मांसाहारी भोजन का विकल्प उपलब्ध होने की संभावना है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली रात की इस ट्रेन में केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर कुछ यात्रियों ने आपत्ति जताई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।
नशे में धुत पूर्व क्रिकेटर जैकब ने एसयूवी से तीन को मारी टक्कर, गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन को वडोदरा जिले में शराब के नशे में गाड़ी चलाने और तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार तड़के करीब 2.30 बजे मार्टिन अपनी एसयूपी से जा रहे थे, तभी अकोटा इलाके के पुनीत नगर सोसायटी के पास उन्होंने नियंत्रण खो दिया। उनकी एसयूवी सड़क किनारे खड़ी तीन कारों से जा टकराई, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। 53 वर्षीय मार्टिन ने भारत के लिए 10 वनडे मैच खेले हैं।
तमिलनाडु: मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात बदमाश अझगुराजा
तमिलनाडु के पेरांबलूर जिले के थिरुमनथुराई के पास पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश कोट्टू राजा उर्फ अझगुराजा को मार गिराया। आरोप है कि अझगुराजा ने हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए एक सब इंस्पेक्टर पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, अझगुराजा समेत 10 से अधिक लोगों के एक गिरोह ने शनिवार को अदालत में पेशी के बाद काली को चेन्नई की पुझल जेल वापस ले जा रहे वाहन पर देसी बम फेंके थे। एक अधिकारी ने बताया कि अझगुराजा को सोमवार शाम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, उसने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और विस्फोटकों को जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद, पुलिस की एक टीम मंगलवार सुबह उसे बताए गए स्थान पर ले गई और वहां से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। मौके पर पहुंचने के बाद अझगुराजा ने पुलिस वाहन पर एक देसी बम फेंका और भागने की कोशिश में एक छिपाए हुए धारदार हथियार से सब-इंस्पेक्टर पर हमला किया। इसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
झारखंड: दो आदिवासी किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, केस
झारखंड के गिरिडीह जिले में दो आदिवासी किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना रविवार की रात उस वक्त हुई जब दोनों लड़कियां एक मेले से घर लौट रही थीं। मामला पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरलाडीह इलाके का है। पुलिस ने बताया कि छह-सात अज्ञात लोगों ने दोनों नाबालिग लड़कियों को अगवा किया और उन्हें पास के एक खेत में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कहा जा रहा है कि दोनों लड़कियां गांव के कुछ परिचित युवकों के साथ मेला देखने गई थीं लेकिन वापसी में बिछुड़ गईं। इसके बाद, दोनों एक परिचित युवक के साथ घर लौट रही थीं। तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और युवक से मारपीट कर उसे भगा दिया। हरलाडीह चौकी के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िताओं की माताओं के बयानों के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है। डुमरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुमित प्रसाद ने कहा कि पीड़िताओं की मेडिकल जांच करा ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
नक्सलियों के लिए उगाही करने वाले के खिलाफ एनआईए का आरोपपत्र
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार में प्रतिबंधित नक्सली संगठन की सहायता के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों से उगाही करने के आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। अधिकारियों ने बताया कि पटना में एनआईए की विशेष अदालत में बुधवार को दायर आरोपपत्र में लक्ष्मण पासवान का नाम शामिल किया गया है।