फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: तेलंगाना में 12 करोड़ की दवा जब्त, 3 गिरफ्तार; मोरबी रेप केस पर NCW सख्त, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

Mon, 18 May 2026 09:29 PM IST
Jyoti Bhaskar न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने तेलंगाना के सिद्धिपेट जिले में अल्प्राजोलम मादक दवा बनाने और तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फ्रीलांस रसायन विशेषज्ञ भी शामिल है। एनसीबी की हैदराबाद इकाई ने 15 मई को कार्रवाई करते हुए 39.470 किलोग्राम अल्प्राजोलम और 85.36 लाख रुपये नकद बरामद किए। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है। विशेष सूचना पर अधिकारियों ने दो चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली, जहां दो लोग बिना वैध लाइसेंस के मादक दवा की अवैध खरीद-बिक्री करते मिले। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने एमएससी रसायन शास्त्र की पढ़ाई की थी और वह हैदराबाद के प्राशांतनगर स्थित प्रयोगशाला में गुप्त रूप से अल्प्राजोलम तैयार करता था। जांच में पता चला कि गिरोह पिछले पांच वर्षों में करीब 150 किलोग्राम अल्प्राजोलम की तस्करी कर चुका है।

विज्ञापन


दाहोद में कार से 2.56 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी जब्त
गुजरात में ढाई करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई है। आयकर विभाग को इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक दाहोद में वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक कार से 2.56 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी जब्त की गई। पुलिस अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उप पुलिस अधीक्षक एके कलासवा ने बताया कि शनिवार को धनपुर चौकी के पास कार को रोका गया था। कार में एक पार्सल मिला, जिसमें 2.56 करोड़ रुपये नकद थे। यह पैसा दाहोद की एक अंगड़िया फर्म से वडोदरा ले जाया जा रहा था। वाहन चालक राजू निनामा नकदी के स्रोत या परिवहन का कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। लिमखेड़ा पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। आयकर विभाग को नकदी के स्रोत और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की आगे जांच के लिए सूचित किया गया है।

115 करोड़ की ड्रग तस्करी नेटवर्क का सरगना गिरफ्तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यांमार आधारित एक बड़े ड्रग तस्कर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी के अनुसार, आरोपी करीब 115 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ नेटवर्क का सरगना है। उसका गिरोह म्यांमार से भारत के कई राज्यों व बांग्लादेश तक सक्रिय था। आरोपी की पहचान थानचिनतुआंग उर्फ चिंतुआंग  के रूप में हुई है। उसे शनिवार को कई राज्यों के बीच समन्वित अभियान में पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि चिंतुआंग म्यांमार से मेथामफेटामाइन व हेरोइन की तस्करी करता था। एनसीबी के अनुसार, उसके खिलाफ  मिजोरम में ड्रग तस्करी से जुड़े आठ मामले दर्ज हैं। गिरोह तस्करी के लिए हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करता था।

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ तृणमूल के पूर्व मंत्री ने ही  दर्ज कराई थाने में शिकायत
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब तृणमूल के ही पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री गियासुद्दीन मोल्ला ने दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट थाने में अभिषेक बनर्जी और पुलिस अधिकारी मिथुन कुमार डे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अभिषेक पर डे के जरिये पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का आरोप है। मोल्ला ने आरोप लगाते हुए कहा कि डायमंड हार्बर के तत्कालीन एसडीपीओ मिथुन कुमार डे तृणमूल के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाते थे, जो अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली से सहमत नहीं थे। उन्होंने कहा, वह पार्टी और पुलिस कार्रवाई के डर से अब तक चुप रहे।

भारत में 28 मई को मनाई जाएगी ईद-उल-अजहा
भारत में ईद-उल-अजहा (बकरीद) 28 मई को मनाई जाएगी। रविवार शाम को देश के अधिकांश हिस्सों में जिल हिज्जा का चांद नहीं दिखा। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इसकी घोषणा की है। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि चांद दिखने की कोई पुष्टि रिपोर्ट नहीं मिली। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने भी 28 मई को ईद मनाने का ऐलान किया। मुस्लिम संगठन इमारत-ए-शरिया हिंद ने भी चांद न दिखने की पुष्टि की। ईद-उल-अजहा ईद-उल-फितर के 2 महीने और 9 दिन बाद मनाई जाती है। यह त्योहार पैगंबर इब्राहिम द्वारा अपने बेटे इस्माइल की कुर्बानी की इच्छा को याद दिलाता है। तीन दिवसीय इस पर्व पर मुस्लिम समुदाय भारतीय कानूनों के तहत जानवरों की कुर्बानी देता है।

राहुल, प्रियंका और खरगे के खिलाफ पोस्टर चस्पा, केस
केरल के वायनाड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ विवादित पोस्टर चिपकाने के मामले में केस दर्ज हो गया है। विधायक टी सिद्दीकी की शिकायत पर कलपेट्टा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, ये पोस्टर 13 मई को वायनाड जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर की दीवार और आसपास के इलाकों में चस्पा किये हुए मिले थे। इसमें प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के पद को लेकर चल रही खींचतान का जिक्र था। पोस्टरों में वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाने का विरोध किया गया था। 

देशभर में अब तक 1.44 करोड़ से अिध्ाक परिवारों ने की खुद की स्व-गणना
देशभर में अब तक 1.44 करोड़ से अधिक परिवारों ने स्व-गणना कर ली है। राजस्थान, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य शुरू हो गया है। गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी में 17 मई से स्व-गणना शुरू होगी, जो 31 मई तक चलेेगी। इन राज्यों में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 जून से 30 जून तक होगा। इस बीच, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना और उत्तराखंड में प्रगणकों की ओर से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण कार्य जारी है। उत्तर प्रदेश में भी स्व-गणना सुविधा 21 मई तक चलेगी। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण का फील्ड कार्य किया जाएगा। इससे पहले, 16 अप्रैल से 15 मई 2026 तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा में व दिल्ली के एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। मकान सूचीकरण में आवासीय स्थिति, परिवार संबंधी विवरण, उपलब्ध सुविधाएं और परिवारों के पास उपलब्ध संपत्तियों से संबंधित जानकारी के लिए 33 सवाल पूछे जा रहे हैं।

गोवा में डिजिटल जनगणना का पहला चरण पूरा, कागज की जगह मोबाइल एप का किया इस्तेमाल
गोवा ने 'जनगणना 2027' के पहले चरण में मकानों की सूची बनाने का काम को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह अभियान 16 अप्रैल से 15 मई तक पूरे राज्य में चलाया गया। इस बार कागज की जगह एक खास मोबाइल एप का इस्तेमाल किया गया, ताकि डेटा बिल्कुल सटीक और सुरक्षित रहे। अब प्रशासन अगले चरण यानी लोगों की गिनती जनसंख्या गणना की तैयारी में जुट गया है।

ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ वाईएसआरसीपी का प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश में ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ वाईएसआरसीपी ने पूरे राज्य में जोरदार प्रदर्शन किया। वाईएस जगन मोहन रेड्डी के आह्वान पर विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा और तिरुपति जैसे शहरों में भारी भीड़ उमड़ी। सरकार का विरोध करने के लिए नेताओं ने विशाखापट्टनम में साइकिल चलाई, तो कई जगहों पर बैलगाड़ी रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पेट्रोल-डीजल के दाम तुरंत घटाने की मांग की है।

अनबलगन बने पुडुचेरी विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर, तमिल में ली शपथ
एआईएडीएमके के विधायक ए. अनबलगन ने पुडुचेरी विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ले ली है। उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें तमिल भाषा में पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और कई बड़े नेता मौजूद रहे। अब अनबलगन ही 16वीं विधानसभा के सभी नए चुने गए विधायकों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे।

केरल विधानसभा के भावी स्पीकर बोले-डंडे से नहीं, प्यार से चलेगी संसद
केरल विधानसभा के मनोनीत स्पीकर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता थिरुवंचूर राधाकृष्णन ने सदन की मर्यादा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को उठाते समय विधानसभा में अनुशासन और शालीनता का होना बहुत जरूरी है। राधाकृष्णन के मुताबिक, सदन में अनुशासन डंडे या ताकत के बल पर नहीं, बल्कि आपसी तालमेल और प्यार से आना चाहिए। इसके लिए वे सभी दलों के नेताओं से चर्चा करेंगे।

मोरबी रेप केस पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
गुजरात के मोरबी जिले में एक मकान मालिक द्वारा महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार और यौन शोषण का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने खुद संज्ञान लिया है। आयोग ने गुजरात के मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र लिखकर मामले में तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। साथ ही, अगले 7 दिनों के भीतर पूरी एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है।

तमिलनाडु में नए मंत्रियों ने संभाला कार्यभार
तमिलनाडु में नए मंत्रियों ने सोमवार को सचिवालय में अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। मुख्यमंत्री विजय इस दौरान मौजूद रहे। एन आनंद ने ग्रामीण विकास और जल संसाधन मंत्री के रूप में तथा केए सेंगोटेया ने राजस्व मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके अलावा कई अन्य मंत्रियों ने भी अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी संभाली। सरकार का कहना है कि नए मंत्री राज्य में विकास कार्यों को तेज करने और जनता से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करेंगे।

 

कोयंबटूर में 13 साल के लड़के की हत्या, दो नाबालिग पकड़े गए
तमिलनाडु के कोयंबटूर में 13 वर्षीय छात्र बी. थिविश का शव नोय्यल नदी किनारे दलदली इलाके से बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त मछली पकड़ने गए थे। पूछताछ में पता चला कि एक लड़के ने अपनी मां पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज होकर खाली शराब की बोतल से थिविश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्टालिन ने घटना पर दुख जताते हुए माता-पिता और शिक्षकों से बच्चों को सही मार्गदर्शन देने की अपील की।

तिरुमाला में बढ़ा ग्रीन कवर, सीएम नायडू ने दी बधाई
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम को बधाई दी है। तिरुमाला में अब 89.4 प्रतिशत फॉरेस्ट कवर हासिल हो चुका है। शेषाचलम पहाड़ियों में संरक्षण और स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने से यह सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना भगवान की सेवा के समान है।

वलसाड में सास की हत्या, पूर्व दामाद गिरफ्तार
गुजरात के वलसाड में अतुल रेलवे स्टेशन के पास मायादेवी पासवान नामक महिला का शव मिला है। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्यारा महिला की बेटी का पूर्व पति है। मृतक महिला और उसके पूर्व दामाद के बीच अवैध संबंध थे। इसी वजह से बेटी का तलाक भी हुआ था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

विकसित भारत के लिए राष्ट्र सर्वोपरि: नितिन नवीन
भाजपा नेता नितिन नवीन ने भुवनेश्वर में पार्टी के एक प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी विकसित भारत के लिए राष्ट्र को सबसे ऊपर रख रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मजबूत बनने की सलाह दी। नितिन नवीन के अनुसार सरकार बनाने के लिए संघर्ष और इसे चलाने के लिए समर्पण जरूरी है।

तेलंगाना की मंत्री सीतक्का ने दी कानून की परीक्षा
तेलंगाना की मंत्री डी. अनसूया सीतक्का ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी में LLM प्रवेश परीक्षा दी है। वह संवैधानिक कानून की पढ़ाई करना चाहती हैं। सीतक्का पूर्व में एक नक्सली थीं, जिन्होंने 1990 के दशक में मुख्यधारा में वापसी की थी। वह पहले ही राजनीति विज्ञान में पीएचडी और कॉर्पोरेट लॉ में एलएलएम कर चुकी हैं।

ईंधन बचाने का संदेश देने साइकिल से कोर्ट पहुंचे 3 जज
उड़ीसा हाईकोर्ट के तीन जजों ने ईंधन संरक्षण का संदेश देने के लिए साइकिल चलाई। जस्टिस सावित्री राथो, वी. नरसिंह और सिबो संकर मिश्रा साइकिल से हाईकोर्ट परिसर पहुंचे। उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक साइकिल चलाकर लोगों का ध्यान खींचा। यह कदम राज्य में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की चिंताओं के बीच पर्यावरण जागरूकता के लिए उठाया गया।

जस्टिस वर्मा के खिलाफ आरोपों की जांच कर समिति ने बिरला को रिपोर्ट सौंपी
जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ लगे आरोपों की जांच कर रही न्यायाधीश जांच समिति ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपनी रिपोर्ट सौंप दी। जस्टिस वर्मा के खिलाफ उनके सरकारी आवास में आग लगने की घटना के दौरान बेहिसाब नकदी मिलने के बाद महाभियोग की कार्यवाही शुरू की गई थी। रिपोर्ट को उचित समय पर संसद के दोनों सदनों के समक्ष रखा जाएगा। तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन बिरला की ओर से 12 अगस्त, 2025 को किया गया था। जुलाई 2025 में, 200 से अधिक सांसदों ने न्यायाधीश पर महाभियोग चलाने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। पिछले साल अगस्त में, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायाधीश जांच समिति का गठन किया था। हालांकि, संसद की ओर से पद से हटाए जाने की संभावना को देखते हुए जस्टिस वर्मा ने हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे उनके खिलाफ चल रही महाभियोग की कार्यवाही निष्प्रभावी हो गई। 

भारतीय नागरिकता के लिए बतानी होगी मूल पासपोर्ट की स्थिति
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकता नियम, 2009 में संशोधन किया है। इसके तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए और भारत की नागरिकता मांगने वाले आवेदकों को अपने मूल देश के पासपोर्ट की स्थिति बताना अनिवार्य कर दिया गया है। मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, यदि आवेदक के पास इन देशों का वैध या समाप्त हो चुका पासपोर्ट है, तो उसे आवेदन के दौरान उसका विवरण पासपोर्ट नंबर, जारी होने की तिथि, प्रस्तुत करनी होगी। नागरिकता आवेदन स्वीकृत होने के 15 दिनों के भीतर आवेदकों को अपना सक्रिय या समाप्त हो चुका पासपोर्ट संबंधित प्राधिकारी के पास जमा करना होगा। यह संशोधन मुख्यत: नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), 2019 के अंतर्गत नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले गैर-मुस्लिम प्रवासियों पर लागू होता है। इस कानून में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से 31 दिसंबर, 2014 से पूर्व आए हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई लोगों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है।

बंगाल में तृणमूल विधायक का बेटा हथियारों के साथ गिरफ्तार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बक्खाली-फ्रेजरगंज इलाके से पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के फरार विधायक दिलीप मंडल के बेटे सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर अवैध हथियार रखने का आरोप है। एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई रविवार देर रात डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकाने वाला अरघ्य मंडल भी शामिल है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास दो पिस्तौल व छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए डायमंड हार्बर थाने ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि बिशनुपुर से तृणमूल के विधायक दिलीप मंडल की तलाश जारी है। मंडल पर राजनीतिक विरोधियों को धमकाने के आरोप हैं, जिसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। 14 मई को पुलिस ने पाइलान इलाके में विधायक से जुड़े दो आवासों पर छापे मारे थे, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया था।

गैंगस्टर इकबाल मिर्ची और परिजनों से जुड़ी 700 करोड़ की संपत्ति ईडी ने की अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मृत गैंगस्टर इकबाल मिर्ची और उसके परिवार के सदस्यों से जुड़े एक मामले में मुंबई के वर्ली स्थित तीन प्रमुख संपत्तियों समेत 700.27 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच किया है। वर्ली में अटैच की गई संपत्तियों राबिया मेंशन, मरियम लॉज और सी व्यू का मूल्यांकन करीब 497 करोड़ रुपये किया गया है, जबकि दुबई में स्थित लगभग 203.27 करोड़ रुपये की विदेशी संपत्तियों को भी भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अटैच किया गया है। ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई मुंबई पुलिस की ओर से दर्ज की गई कई एफआईआर पर आधारित है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि ब्रिटेन भाग कर गया मिर्ची संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। इनमें नशीले पदार्थों की तस्करी, रंगदारी और अवैध हथियारों से जुड़ी गतिविधियां शामिल थीं।

भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी उसका दायित्व भी उतना ही व्यापक: नितिन  
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय ओडिशा प्रवास के दौरान सोमवार को कई संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने भुवनेश्वर जिला भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसका दायित्व भी उतना ही व्यापक है। प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है। नितिन नवीन ने एआईपीएच कैंपस में प्रशिक्षण वर्ग प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में पीएम मोदी के 12 वर्षों के जनकल्याणकारी कार्यों और ओडिशा में पिछले 2 वर्षों के विकासात्मक प्रयासों को दर्शाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी, पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और राज्य मंत्रिपरिषद के साथ बैठकें कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ओडिशा को विकास के नए आयाम पर ले जा रही है। इन बैठकों में मुख्यमंत्री माझी, प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जुएल ओरांव सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 
विज्ञापन

'ओडिशा विकास की नई ऊंचाइयों पर', भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का बयान
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में राज्य कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन सरकार ओडिशा को विकास की एक नई दिशा दे रही है। खुरदा जिले के जटनी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते हुए नबीन ने एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जो पिछले 12 वर्षों में केंद्र और दो वर्षों में राज्य सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों को दर्शाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसके कार्यकर्ताओं पर जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ निभाना होगा।

सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल खुद शुरू नहीं कर सकते अनुशासनात्मक कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में यह स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को किसी भी न्यायिक अधिकारी के खिलाफ अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का कोई अधिकार नहीं है। सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि ऐसी किसी भी कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश या न्यायाधीशों की अधिकृत समिति की मंजूरी अनिवार्य है। शीर्ष अदालत ने यह सख्त टिप्पणी उत्तराखंड हाईकोर्ट के उस मामले की सुनवाई के दौरान की, जहां एक महिला न्यायिक अधिकारी के खिलाफ बिना मुख्य न्यायाधीश के निर्देश के ही रजिस्ट्रार जनरल ने जांच शुरू कर दी थी। कोर्ट ने इसे सत्ता का गंभीर दुरुपयोग करार देते हुए हैरानी जताई। ज्ञात हो कि इस महिला अधिकारी पर एक नाबालिग के शोषण के आरोप थे, जिन्हें हाईकोर्ट की खंडपीठ ने पहले ही बहाल कर दिया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया।

मुर्शिदाबाद आश्रम बमकांड, मुंबई पुलिस ने बोरीवली स्टेशन से दो फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक आश्रम के बाहर हुए बम विस्फोट के मामले में मुंबई पुलिस की अपराध खुफिया इकाई ने दो अहम आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 12 मई को हुई इस घटना के बाद से बहरामपुर निवासी रॉकी खान (23) और शहादत सरकार (35) लगातार फरार चल रहे थे। खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने रविवार को जाल बिछाकर दोनों को बोरीवली रेलवे स्टेशन पर उस वक्त दबोच लिया, जब वे गीतांजलि एक्सप्रेस से मुंबई पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आश्रम के पास खुले मैदान में तीन देसी बम फेंके थे, जिनमें से दो में विस्फोट हुआ था। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में भारी दहशत फैल गई थी। पूछताछ में जुर्म कबूलने के बाद पश्चिम बंगाल की बहरामपुर पुलिस की विशेष टीम ने आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उन्हें बंगाल ले जाया जा रहा है।

भारत 26 मई को करेगा क्वाड विदेश मंत्रियों की अहम बैठक की मेजबानी
भारत अगले सप्ताह 26 मई को नई दिल्ली में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे और इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की पेनी वोंग और जापान के मोतेगी तोशिमित्सु हिस्सा लेंगे। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता, मौजूदा यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संकट सहित विभिन्न गंभीर वैश्विक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। इस दौरान विदेश मंत्री जयशंकर अपने समकक्षों के साथ अलग से द्विपक्षीय वार्ता भी कर सकते हैं। यह बैठक रणनीतिक रूप से बेहद खास है क्योंकि भारत वर्तमान में क्वाड गठबंधन का अध्यक्ष है। यह चर्चा इस साल के अंत में भारत में ही आयोजित होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन का मुख्य एजेंडा और दिशा भी तय करेगी।

मणिपुर बंधक संकट: नगा और कुकी समुदायों के बीच शांति बहाली के लिए आगे आए चर्च नेता
मणिपुर में नगा और कुकी समुदायों के बीच चल रहे बंधक संकट और लगातार बढ़ते तनाव को कम करने के लिए चर्च के नेताओं ने शांति बहाली की एक सकारात्मक पहल की है। नॉर्थ ईस्ट इंडिया काउंसिल फॉर बैपटिस्ट चर्चेज और मणिपुर बैपटिस्ट कन्वेंशन के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह से मुलाकात कर स्वेच्छा से मध्यस्थता करने की पेशकश की। हाल ही में दोनों समुदायों के 38 लोगों के कथित अपहरण से हालात काफी बिगड़ गए थे, जिनमें से 31 रिहा हो चुके हैं, लेकिन अब भी दोनों पक्षों के कई लोग बंधक हैं। इस योजना के तहत, चर्च के दो अलग-अलग दल कांगपोकपी और सेनापति जिलों का दौरा करेंगे। वे पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना देंगे और नागरिक संगठनों व चर्च लीडर्स से बातचीत कर आपसी संवाद स्थापित करने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी बंधकों को मानवीय आधार पर रिहा करने की अपील की है।

भारतीय नागरिकता नियम में बदलाव: सीएए आवेदकों को बतानी होगी मूल पासपोर्ट की स्थिति
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकता नियम, 2009 में एक अहम संशोधन लागू किया है, जिसके तहत अब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भारत की नागरिकता मांगने वाले आवेदकों को अपने मूल देश के पासपोर्ट की स्थिति की सटीक जानकारी देना अनिवार्य कर दिया गया है। नई अधिसूचना के अनुसार, यदि आवेदक के पास इन देशों का वैध या एक्सपायर हो चुका पासपोर्ट है, तो उसे आवेदन के समय उसका पूरा विवरण (जैसे- पासपोर्ट नंबर और जारी होने की तिथि) प्रस्तुत करना होगा। नागरिकता आवेदन स्वीकृत होने के 15 दिनों के भीतर आवेदक को अपना यह पासपोर्ट संबंधित अधिकारी के पास सरेंडर करना होगा। यह नया नियम मुख्य रूप से नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) 2019 के तहत आवेदन करने वाले गैर-मुस्लिम प्रवासियों (हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई) पर लागू होगा, जो 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें