नई दिल्ली। साहित्य अकादमी ने बुधवार को 2016 के लिए अपने वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा कर दी। हिंदी के लिए नासिरा शर्मा, उर्दू के लिए निजाम सिद्दकी, कश्मीरी में अजीज हाजिनी, पंजाबी के लिए स्वराजबीर, अंग्रेजी में जेरी पिंटो, संस्कृत के लिए सीतानाथ आचार्य शास्त्री सहित 24 भाषाओं के रचनाकारों के नामों की साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए घोषणा की गई।
बुधवार को अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवास राव ने प्रेस कांफ्रेंस करके इन नामों की घोषणा की। पुरस्कारों की घोषणा के साथ साहित्य अकादमी ने वार्षिक कैलेंडर के साथ महान लेखक अभिनव गुप्त पर एक डायरी भी लांच की। साहित्य अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने बताया कि इस वर्ष आठ कविता-संग्रह, पांच उपन्यास, दो समालोचना, एक निबंध संग्रह और एक नाटक के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा।