भारत-इस्राइल राजनयिक संबंधों की स्थापना के 30 साल पूरे होने के जश्न में तीन मूर्ति हाइफा चौक को भारतीय, इस्राइली रंगों में जगमगाया गया है। भारत-इस्राइल संबंधों पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन (29 जनवरी) हमारे संबंधों में एक विशेष महत्व रखता है, 30 साल पहले आज ही दिन हमारे बीच डिप्लोमेटिक रिलेशन पूर्ण रूप से स्थापित हुए थे। दोनों देशों के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी ये अध्याय नया था, लेकिन हमारे देशों का इतिहास बहुत पुराना है।
बेनेट ने शनिवार शाम को जारी एक विशेष वीडियो संदेश में कहा, ‘‘एक बात है जो मैं भारत के सभी लोगों को बताना चाहता हूं। भारत और इस्राइल के बीच ‘‘गहरी दोस्ती’’ है। आज भारत और इस्राइल के बीच राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे हुए हैं। 30 साल की अद्भुत साझेदारी, एक गहरा सांस्कृतिक, सैन्य और आर्थिक सहयोग का संबंध है।’’
भारत ने 17 सितंबर, 1950 को इस्राइल को मान्यता दी थी, लेकिन दोनों देशों के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध 29 जनवरी, 1992 को स्थापित किए गए थे। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं अपने प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके नेतृत्व और इस मजबूत एवं अटूट दोस्ती के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। दोनों देश आकार में भिन्न हो सकते हैं लेकिन हम अपना समृद्ध इतिहास, दोनों देशों के लोगों के बीच गर्मजोशी और अपने अत्याधुनिक नवाचार एवं प्रौद्योगिकी सहित बहुत कुछ साझा करते हैं।’’
वीडियो को एक ट्वीट के साथ टैग किया गया था जिसमें कहा गया था, ‘‘आज, हम भारत और इस्राइल के बीच राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम एक मजबूत साझेदारी, एक अविश्वसनीय गहरी दोस्ती और भविष्य की आशा का जश्न मना रहे हैं।’’ उन्होंने अपने मित्र पीएम मोदी को हिंदी में लिखा, ‘‘हम साथ मिलकर और भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते रहेंगे।’’
वहीं, नई दिल्ली में पीएम मोदी ने अपने विशेष वीडियो संदेश में कहा कि भारत-इस्राइल संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में महत्वपूर्ण बदलावों के बीच संबंधों का महत्व बढ़ गया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इस्राइल के लोगों के बीच हमेशा एक खास रिश्ता रहा है।
राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे होने के अवसर पर दोनों देशों में ऐतिहासिक स्थलों को रोशनी से जगमग किया गया। भारत में गेटवे ऑफ इंडिया और तीन मूर्ति हाइफा चौक तथा दक्षिणी इस्राइल के लोकप्रिय पर्यटन स्थल जूडियन रेगिस्तान में मसादा को रोशनी से जगमगाया गया।