पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर सीधे हमला किया है। ममता का कहना है कि नरेंद्र मोदी सरकार देश के संघीय ढांचे को ध्वस्त कर रही है। लिहाजा वह इस मुद्दे पर राष्ट्रपति की सलाह लेंगी। ममता ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश में तानाशाही चला रहे हैं। मोदी सरकार में लोगों की आजादी छिन गई है।
ममता ने शनिवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश के संघीय ढांचे को खत्म कर रही है। ऐसा करके यह संविधान का उल्लंघन कर रही है। यह राज्य सरकारों के कामकाज में दखल दे रही है। हम इस मामले में राष्ट्रपति से सलाह लेंगे।
ममता ने कहा कि शनिवार को राज्य सरकार को केंद्र सरकार से एक चिट्ठी मिली है। इसमें कहा गया है कि केंद्र प्रायोजित स्कीमों में कटौती की जा रही है। केंद्र सरकार बगैर राज्य सरकार को विश्वास में लिए जोर-जबरदस्ती से यह फैसला लागू करना चाहती है। केंद्र सरकार सहयोगर्पू्ण संघवाद की बात करती है। लेकिन वो इस तरह के कदम उठा रही है। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि यह कैसा संघवाद है।
भाजपा ने किया ममता के आरोप पर पलटवार
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह
- फोटो : getty
ममता ने कहा कि केंद्र सरकार अगर इसी तरह से राज्यों के कामकाज में दखल देती रही तो राज्य सरकारों का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। यह बेहद गंभीर मामला है। पश्चिम बंगाल की सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में राष्ट्रपति शासन वाली सरकार बनाने की कोशिश कर रही है क्योंकि उसे पता है कि वह अगला चुनाव नहीं जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास सिर्फ रक्षा, विदेश, रेलवे और वित्त मंत्रालय होने चाहिए।
अराजक सरकार चला रही है ममता : भाजपा
कोलकाता। भाजपा ने ममता के आरोप पर पलटवार किया है। भाजपा ने कहा है कि ममता बनर्जी पिछले पांच साल से एक अराजक सरकार चला रही है। उन्होंने किसानों, छात्रों और कार्टूनिस्ट तक को नहीं छोड़ा है। जो भी उनकी सरकार पर सवाल उठाता है, उसे उनके गुस्से का सामना करना पड़ता है। इसलिए मोदी सरकार को तानाशाह कतई सही नहीं लगता। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी को इस बात का आभारी होना चाहिए कि संघवाद में मोदी सरकार का विश्वास होने की वजह से पश्चिम बंगाल को 14वें वित्त आयोग के तहत 3,59,406 करोड़ रुपये मिलेंगे। यह 13वें वित्त आयोग के तहत मिले फंड से 2,52,206 करोड़ रुपये ज्यादा है। एजेंसी