जनवरी के अंत से लेकर होली तक का समय ठंड के जाने का होता है। इस समय में सुसुप्त पड़े वायरस, बैक्टीरिया और अन्य कीट सक्रिय हो जाते हैं। यही कारण है कि इस समय में लोगों को सबसे ज्यादा सर्दी, खांसी और जुकाम की समस्याएं हो जाती हैं। लेकिन इनसे बचने के उपाय भी आपके ही घर में मौजूद हैं। अगर आप इनका उपयोग करें और थोड़ी सी सतर्कता बरतें तो कोरोना जैसे वायरस के हमले से खुद को और अपने परिवार को बचा सकते हैं।
स्वामी परमानंद प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं अनुसंधान केंद्र के डॉ. अखिलेश अग्रवाल का कहना है कि सभी के घरों में कपूर और अजवाइन होता है। रोजाना सुबह-शाम इनकी धूनि लगाने से विभिन्न प्रकार के वायरसों और कीटाणुओं से घर को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा व्यक्ति को अदरक और तुलसी का बना काढ़ा बनाकर पीना चाहिए। इसमें गुड़ या शहद डालने से स्वाद भी बढ़ता है और रोग प्रतिरोधी क्षमता में भी विकास होता है। शरीर में पानी की मात्रा की कमी नहीं होनी चाहिए क्योंकि पानी की कमी होने से प्रतिरोधी क्षमता कम हो जाती है।
प्रतिरोधी शक्ति बढ़ाएं
विशेषज्ञ के मुताबिक केवल घर को सुरक्षित रखना ही पर्याप्त नहीं है। व्यक्ति पूरे दिन विभिन्न कार्यों से घर के बाहर जाता है। ऐसे में उस समय भी उसे संक्रमण से बचने की आवश्यकता होती है। इसके लिए अपने शरीर की प्रतिरोधी क्षमता या इम्यूनिटी बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। इसके लिए रोजाना फल-सब्जी से युक्त ताजा बना हुआ भोजन करें। योग और जलनेति क्रिया से शरीर का विकार दूर रखें।
अगर किसी की प्रतिरोधी शक्ति कम हो जाती है तो सामान्य रोग भी उसे आसानी से अपनी गिरफ्त में ले लेते हैं। इसलिए प्रतिरोधी शक्ति को बढ़ाने की कोशिश की जानी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति बार-बार बीमारियों कें संपर्क में आता है तो इसका अर्थ है कि उसकी प्रतिरोधी क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर है। इसे बढ़ाने के लिए गिलोय या अश्वगंधा का उपयोग करना चाहिए।